बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 19 मार्च। रघुराज सिंह स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट मैच के दौरान हुए एक विवाद के दौरान शहर कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह बाटू पर खेल परिसर सरकंडा में पदस्थ एक कर्मचारी ने हमला कर दिया। वह अपने बैग से हथियार निकालकर चोट पहुंचाना चाहता था पर वहां मौजूद लोगों ने रोक लिया। एक दिन पहले ही कांग्रेस के शहर जिला अध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना हो गई थी।
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांग्रेस नेता व जिला क्रिकेट संघ के सदस्य देवेन्द्र सिंह का आरोपी दिलीप सिंह के साथ तब विवाद हो गया जब वह यहां चल रहे महापौर कप क्रिकेट मैच के दौरान दिये गये अम्पायर के एक फैसले का विरोध करने लगा। आरोपी ने देवेन्द्र सिंह को गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और कैमरे के ट्राइपॉड से वार कर दिया। इससे देवेन्द्र सिंह की ऊंगली में चोट लगी। आरोपी फिर हमला करने के लिये बैग से धारदार औजार निकालने लगा जिसे वहां मौजूद लोगों ने रोक लिया। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
ज्ञात हो कि इस घटना के एक दिन पहले ही शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद नायक पर भी उनके दो पड़ोसियों ने हमला कर चोट पहुंचाई थी। इस मामले में दोनों आरोपी गिरफ्तार किये गये हैं।