बिलासपुर

बॉक्सर महिला रेल अफसर ने उठाया आत्मघाती कदम
07-Apr-2024 12:45 PM
बॉक्सर महिला रेल अफसर ने उठाया आत्मघाती कदम

पति और एक अफसर की भूमिका पर घूम रही शक की सुई

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 7 अप्रैल।
बॉक्सिंग की राष्ट्रीय खिलाड़ी, रेलवे में कमर्शियल इंस्पेक्टर विनीता साहनी (37 वर्ष) ने शनिवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोशल मीडिया में चल रही चर्चा के मुताबिक उसे एक वरिष्ठ अधिकारी लगातार प्रताडि़त कर रहा था। साथ ही पति की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

विनीता साहनी मूल रूप से हरियाणा की रहने वाली थी। उसने बॉक्सिंग में कई नेशनल खिताब जीते थे। रेलवे में खेल कोटे से उसकी नियुक्ति हुई थी। दस साल पहले उसकी शादी हुई थी। वह यहां जिम संचालक पति और अपनी 8 साल की बच्ची के साथ रेलवे कॉलोनी में रहती थी। मिली जानकारी के अनुसार कल सुबह वह अपने एक परिचित के साथ डॉक्टर के पास रेलवे अस्पताल पहुंची थी। उसने कंधा नहीं उठने की शिकायत की थी। उसके शरीर में कुछ चोट के निशान भी थे। एक्स रे कराने पर पता चला कि इसका कंधे की हड्डी खिसक गई है। डॉक्टर को उसने बताया कि वह गिर गई थी, जिसके कारण चोट आई है। दोपहर में उसका पति रेलवे अस्पताल पहुंचा और उसे घर लेकर चला गया। घर में छोडऩे के बाद वह जिम के लिए निकल गया। वहां से लौटने के बाद विनीता ने अपनी बेटी को नाश्ता कराया और खेलने भेज दिया। शाम को जब बेटी लौटी तो घर पर मां को फांसी के फंदे पर लटका पाया। बदहवास बच्ची ने पड़ोसियों और पिता को इसकी जानकारी दी। पति जिम से वापस लौटा। उसने उसे फंदे से नीचे उतारा। अपने एक परिचित के साथ उसे रेलवे अस्पताल लेकर गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत्यु के बाद पति ने शव को ले जाने की कोशिश की। लेकिन डॉक्टर ने कानूनी मसला बताते हुए तोरवा पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस ने शव को मर्च्युरी में रखवा दिया है। दिल्ली में रहने वाले मृतक के परिजनों ने कहा है कि वह पहुंचेंगे उसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाए। वे लोग आज बिलासपुर पहुंच गए और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इधर सोशल मीडिया पर एक अधिकारी पर प्रताडऩा का आरोप लग रहा है। इसमें कहा गया है कि डिवीजन कार्यालय से उसके सारे काम छीन लिए गए थे। उसके नीचे के सहयोगी स्टाफ हटा लिए गए थे और उसे नाइट ड्यूटी दी जा रही थी। कुछ सीनियर अफसर यूनियन की गतिविधियों में शामिल होने से भी उससे नाराज चल रहे थे। इसके अलावा पति ने शव को बिना पुलिस कार्रवाई के ले जाने की कोशिश क्यों की, इस पर भी सवाल किये जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच सभी आवश्यक बिंदुओं पर की जा रही है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news