बीजापुर

पांच नक्सली चढ़े पुलिस के हत्थे, जवानों ने ढहाये 2 नक्सल स्मारक
22-Mar-2021 9:22 PM
पांच नक्सली चढ़े पुलिस के हत्थे, जवानों ने ढहाये 2 नक्सल स्मारक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बीजापुर, 22 मार्च। जिले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अलग-अलग वारदातों में शामिल पांच नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया। चार सहायक आरक्षकों की हत्या में शामिल एक नक्सली को सुरक्षाबल के जवानों ने गिरफ्तार किया है, वहीं आईईडी लगाते एक महिला समेत 4 नक्सलियोंं को भी गिरफ्तार किया गया है। वहीं मिरतुर थाना इलाके में सर्चिंग के दौरान जवानों ने हुर्रेपाल और चेरली में 2 नक्सली स्मारकों को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया है।

जवानों ने अभियान के दौरान कुटरू थाना क्षेत्र के ग्राम चिंगेर नाला के पास से माओवादी बदरू मिच्चा उम्र 30 को गिरफ्तार किया है। नक्सली बदरू 14 अगस्त 2015 में 4 सहायक आरक्षकों जयदेव यादव, कार्तिक राम यादव, रामराम मज्जी और मंगल सोढ़ी की हत्या में शामिल था।

इधर नेलसनार से एरिया डोमिनेशन पर निकली जिला पुलिस बल की संयुक्त पार्टी ने विस्फोटक के साथ 4 लोगों को हिरासत में लिया है। जिसमें मोटूराम अटामि (25 वर्ष), तुलसी पोयामी (19 वर्ष), शंकर इसतामि (22 वर्ष) और अयतुराम कोवासी (22 वर्ष) शामिल हैं।

इसके साथ ही मिरतुर थाना इलाके में सर्चिंग के दौरान सुरक्षाबल के जवानों ने हुर्रेपाल और चेरली में 2 नक्सली स्मारकों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया है। ज्ञात हो कि इससे पहले बीजापुर जिले के तरेम थाना क्षेत्र में सुरक्षा बल के जवानों ने नक्सलियों की एक और साजिश को नाकाम कर दिया था। आईईडी के साथ एक नक्सली सोना हेमला को गिरफ्तार किया था। हेमला कई नक्सली वारदातों में शामिल था। उसके पास से 4 आईईडी बरामद किया था। हेमला कॉर्डेक्स वायर, डेटोनेटर छुपाकर भाग रहा था। तभी भागते हुए तरेम क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news