रायपुर

जामवाल ने विस प्रभारियों से कहा जुट जाएं और जीतकर ही लौटना है
21-Aug-2022 6:03 PM
 जामवाल ने विस प्रभारियों से कहा जुट जाएं और जीतकर ही लौटना है

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अगस्त। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अरूण जामवाल ने रायपुर संभाग के सौ से अधिक प्रथम श्रेणी के नेता, पदाधिकारियों को संबोधित किया। उन्होंने सभी विधान सभा प्रभारियों से दो टूक कहा कि जिम्मेदारी नहीं सम्हाल सकते या कोई दिक्कत है तो बता दें। उन्हें बदल दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि एक बार जिम्मेदारी मिलने पर,उस विधानसभा से दिसंबर 23 में जीतकर ही लौटना होगा। यह जिम्मेदारी केवल प्रभारियों की नहीं हर जिला,मंडल और बूथ कार्यकर्ताओं की भी है। जिला पदाधिकारी,और विस प्रभारी हर माह एक रात अवश्य वहां रहें। एक एक कार्यकर्ता,हर समाज के लोगों से चर्चा करें। वे स्वयं भी दो महीने बाद हर विधानसभा क्षेत्र में जाएंगे।

बैठक में जामवाल ने हरेक से विस्तृत परिचय लिया। मसलन कब से पार्टी से जुड़े, पहले से लेकर अब तक कौन कौन से पद पर रहे,किस किस चुनाव में टिकट मिली, जीते या हारे, आदि आदि। उन्होंने यह भी कहा कि  विभिन्न समाजों के हर कार्यक्रम में भाजपा का कार्यकर्ता नजऱ आना चाहिए।

जामवाल ने कुछ नेताओं के घर जाकर व्यक्तिगत चर्चा करने की बात कही। इस तरह से जामवाल ने बिलासपुर, दुर्ग के बाद आज रायपुर संभाग की बैठक पूरी कर ली। अब अगले सप्ताह सरगुजा और बस्तर संभाग की बैठक लेने जाएंगे।

पूर्व विधायकों को भी मिल सकती है टिकट

बैठक में मौजूद ने पूर्व विधायकों  गौरीशंकर अग्रवाल, राजेश मूणत, श्रीचंद सुंदरानी,देवजी पटेल, संजय डीडी, नवीन मार्कंडेय,नंदे साहू, पिंकी शाह, आदि से कहा कि वे भी भाजपा को जिताने जुट जाएं। सर्वे में उनका भी नाम आने पर टिकट दी जा सकती है।

अपनी जिम्मेदारी निभाएं

इस बैठक में भाजयुमो के 24 तारीख को होने वाले प्रदर्शन का मुद्दा भी उठा। इस प्रदर्शन में एक लाख युवा और पार्टी कार्यकर्ताओं को शामिल होना है। जामवाल जब इस पर कह रहे थे तो एक सांसद ने खड़े होकर कहा कि इन एक लाख युवाओं को कहां ठहराया जाएगा। उनकी व्यवस्था कैसी की जाए। इस पर जामवाल ने दो टूक कहा इसकी चिंता आप न करें। आपको जो जिम्मेदारी दी जा रही है उसे ठीक से निभाएं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news