रायपुर

भाजपा में एक महामंत्री अजजा से संभव
21-Aug-2022 6:34 PM
भाजपा में एक महामंत्री अजजा से संभव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 अगस्त। प्रदेश भाजपा संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी है। इस कड़ी में तीनों महामंत्रियों को बदला जा सकता है। इनमें से एक नारायण चंदेल तो पहले ही नेता प्रतिपक्ष बन चुके हैं। खबर है कि कम से कम एक महामंत्री अनुसूचित जनजाति वर्ग से हो सकते हैं।  बिलासपुर सांसद अरूण साव के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पदाधिकारियों को  भी बदलने की चर्चा तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक कोर ग्रुप के कुछ सदस्यों ने क्षेत्रीय महामंत्री अजय जामवाल को जल्द से जल्द बदलाव का सुझाव दिया है। वर्तमान में नारायण चंदेल, किरणदेव, और भूपेंद्र सवन्नी महामंत्री के पद पर हैं।

चंदेल तो नेता प्रतिपक्ष बन गए हैं, ऐसे में उनका महामंत्री पद से हटना तय है। सवन्नी रायपुर के प्रभारी महामंत्री थे। उन पर गुटबाजी को बढ़ावा देने के आरोप खुले तौर पर लग चुके हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के रायपुर प्रवास के दौरान अजय चंद्राकर, और सवन्नी के बीच कहासुनी भी हुई थी। चुनाव को देखते हुए सवन्नी को रायपुर संभाग के प्रभार से हटाया जा सकता है।  सूत्रों के मुताबिक चूंकि अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग से हो चुके हैं। ऐसे में एक महामंत्री अनुसूचित जनजाति, अथवा अनुसूचित जाति वर्ग से हो सकते हैं। आदिवासी वर्ग से पूर्व मंत्री महेश गागड़ा का नाम चर्चा में है। कहा जा रहा है कि पदाधिकारियों की नियुक्ति में क्षेत्रीय, और जातीय संतुलन को ध्यान में रखा जाएगा। बस्तर और सरगुजा इलाके को विशेष प्रतिनिधितत्व मिलने की उम्मीद है।

बताया गया कि युवा मोर्चा का 24 तारीख को प्रदेश घेराव का कार्यक्रम है। वैसे तो यह कार्यक्रम युवा मोर्चा का है, लेकिन इसमें पार्टी के सभी विधायक, और पदाधिकारी भी रहेंगे। अरूण साव के अध्यक्ष बनने के बाद यह सबसे बड़ा कार्यक्रम है। और करीब एक लाख की भीड़ जुटाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। माना जा रहा है कि युवा मोर्चा के कार्यक्रम के बाद संगठन में नियुक्तियां की जाएगी। इसमें क्षेत्रीय और जतीय संतुलन को ध्यान में रखा जाएगा।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news