कोण्डागांव

रात भर रही केशकाल घाटी जाम, सुबह खुला
18-Oct-2022 9:14 PM
रात भर रही केशकाल घाटी जाम, सुबह खुला

वनवे कर आवागमन रहा जारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 18 अक्टूबर।
राष्ट्रीय राजमार्ग-30 केशकाल घाटी में एक बार फिर खराब सडक़ के कारण सोमवार को पूरी रात जाम की स्थिति बनी रही। केशकाल घाट के सभी मोड़ों में बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण जगह-जगह गाडिय़ां खराब हो गई, जिसके कारण घाट में रात्रि 11 बजे से जाम की लगना शुरू हो गया। ओवरटेक करने के चलते देखते-देखते गाडिय़ों की कतार लग गई। जैसे ही केशकाल पुलिस को जानकारी लगी तो एक ओर से वाहनों को रवाना कर यातायात बहाल करने की कवायद शुरू की गई। रात भर रुक-रुक कर चले जाम के कारण सुबह 7 बजे के बाद ही पूर्ण रूप से आवागमन बहाल हुआ।

ज्ञात हो कि इन दिनों केशकाल घाट की नजारा बेहद ही खूबसूरत है। पहाडिय़ों में धुंध की छटा देखते ही बन रही है, लेकिन जब से घाटी की सडक़ खराब हुई है, तब से लोगों को जाम लगने का डर सताता रहता है। सोमवार की रात लगभग 9 बजे घाट चढ़ते वक्त खराब सडक़ के कारण एक ट्रक खराब हो गई थी। जिसके कारण देखते ही देखते घाट के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। हालांकि केशकाल पुलिस ने जाम खुलवा कर आवागमन बहाल करवा दिया था, लेकिन देर रात जानकारी मिली कि घाट में लगभग 5-6 ट्रकें खराब व बंद पड़ गयी थी, ऐसे में पुन: जाम लग गया था।

घाट में पुन: जाम लगने की सूचना मिलते ही केशकाल पुलिस मौके पर पहुँच कर यातायात बहाल करने में जुट गई। किसी तरह वनवे करके यात्री बसों को सुबह-सुबह निकाला गया। लेकिन ट्रकों की लंबी लाईन लगी रही। मंगलवार सुबह तक केशकाल नगर में गाडिय़ों की लंबी कतार नजर आ रही थी, जिसके बाद किसी तरह 8 बजे से पहले ही जाम पूरी तरह खुल गई।

केशकाल थाना प्रभारी विनोद साहू ने बताया कि जाम की सूचना मिलते ही रात्रि से ही पुलिस तैनात है यात्री बसों को वन वे कर सुबह निकलवाया गया, वहीं अन्य गाडिय़ों को भी धीरे-धीरे बहाल करने का प्रयास कर रहे हैं। सुबह 7 बजे तक पूर्ण रूप से बहाली की गई। जल्द ही जर्जर सडक़ को बनाया जाएगा, जिसके बाद शायद ही जाम की स्थिति निर्मित नहीं होगी।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news