कोण्डागांव

चार दिनों बाद कोंडागांव में शुरू हुई धान खरीदी
04-Nov-2022 8:51 PM
चार दिनों बाद कोंडागांव में शुरू हुई धान खरीदी

अफसरों ने किसान का पुष्पगुच्छ भेंटकर किया स्वागत

केशकाल,  4 नवंबर। प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल की घोषणा के अनुरूप विगत 1 नवंबर से समूचे प्रदेश में धान खरीदी का कार्य शुरू कर दिया गया है, लेकिन कोंडागांव जिले में विगत दिनों हुई बेमौसम बारिश के कारण खेतों में जलजमाव की स्थिति होने के कारण धान की कटाई नहीं हो पाई थी। कोंडागांव कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर 1 नवंबर को जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में पूजा अर्चना कर औपचारिक शुरुआत की गई थी।

 चौथे दिन 4 नवंबर को बड़ेराजपुर विकासखंड अंतर्गत विश्रामपुरी के धान उपार्जन केंद्र में पहली धान खरीदी हुई है। जिसमें ग्राम खल्लारी निवासी यशवंत सिंह के द्वारा 96 क्विंटल धान बेचा है। इस दौरान कोंडागांव डीएमओ रविकांत नेताम, खाद्य निरीक्षक कविता ठाकुर, आरआई रामनाथ नेताम एवं लेम्प्स प्रबंधक बघेल ने उक्त किसान को पुष्पमाला पहनाकर व मिठाई खिलाकर उसका स्वागत किया।

 किसान यशवंत सिंह ने बताया कि भूपेश सरकार द्वारा टोकन तुंहर दुआर एप्प लांच किया गया है। जिसके माध्यम से मैंने स्वयं टोकन कटवाया था, जिसमें मुझे 4 नवंबर के समय दिया गया था। पहले हमें धान बेचने के लिए घण्टों कतार में लग कर टोकन कटवाना पड़ता था। लेकिन इस एप्प के माध्यम से किसानों को काफी सहूलियत होगी, अब हम घर बैठे ही अपना टोकन जनरेट कर सकते हैं।

जिला विपणन अधिकारी रविकांत नेताम ने बताया कि 1 से 4 नवंबर तक जिले में केवल 7 लोगों का टोकन काटा गया था, जिसके तहत विश्रामपुरी खल्लारी निवासी यशवंत सिंह द्वारा टोकन तुंहर दुवार एप्प के माध्यम टोकन जनरेट कर विश्रामपुरी लेम्प्स में धान बेच कर शुभारंभ किया है। धान बेचने की जानकारी साफ्टवेयर में अपडेट होने के 24 घण्टे के बाद उसके खाते में राशि का भुगतान भी कर दिया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news