बीजापुर

स्वसहायता समूहों की राशि में गड़बड़ी, निकाले पौने 11 लाख
19-Dec-2022 8:41 PM
स्वसहायता समूहों की राशि में गड़बड़ी, निकाले पौने 11 लाख

एफआईआर के लिए थाने में सूचना दी गई है-सीईओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 19 दिसंबर।
जिले के दूरस्थ कहे जाने वाले उसूर विकासखंड में बीते एक साल से स्वसहायता समूहों की राशि का बंदरबांट चलता रहा। शिकायत हुई और जांच में पता चला, तब तक यह राशि करीब दस लाख  इक्यासी हजार रुपए हो गई थी।

उस संबंध में सीईओ जनपद उसूर पीके चंद्राकर ने बताया कि ग्राम संगठनों की राशि जो स्व सहायता समूहों को आबंटित होती है, उस पर अनियमितता की जांच में गुनमनी सिन्हा को दोषी पाया गया। एफआईआर के लिए थाने में सूचना दी गई है। अभी गुनमनी सिन्हा काम पर नहीं आ रही है।

मिली जानकारी के मुताबिक सीईओ जिला पंचायत ने गुनमनी सिन्हा प्रोजेक्ट रिसोर्स परशन (पीआरपी) डे एनआरएलएम आवापल्ली कलस्टर जनपद पंचायत उसूर के द्वारा स्व सहायता समूहों की राशि में गड़बड़ी की एक शिकायत के बाद जांच करवाई गई थी। इस जांच में अधिकारियों ने पाया कि यह वित्तीय अनियमितता में दस लाख इकयासी हजार उनसठ रुपए किया गया है।

जांच के दौरान गुनमनी सिन्हा ने स्वीकार किया कि स्व सहायता समूह की राशि उसने ली है। जिसके बाद सीईओ जिला पंचायत ने गुनमनी सिन्हा के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत उसूर को दिए।

ग्राहक सेवा केंद्र संचालक के खाते में होता था पैसा ट्रांसफर
गुनमनी  सिन्हा अपने करीबी प्रिंस डिजिटल आवापल्ली ग्राहक सेवा केंद्र संचालक गजेंद्र नक्का के साथ मिल कर स्व सहायता समूहों की राशि निकाला करती थी। गजेंद्र नक्का बताते हैं कि जिन्हें गुनमनी सिन्हा कहा जा रहा है वह गुंजन बघेल हैं, जिनके द्वारा मेरे बैंक खाते में चेक के माध्यम से एनएफटी करवा कर नगद राशि ले लेती थी। इस आहरण के लिए उनसे एक हजार रुपए के बदले एक रुपए का कमीशन मिलता था।

बैंक के गार्ड को भी नहीं बक्शा
आवापल्ली के आईसीआईसी शाखा में कार्यरत गार्ड सूरज उईका के खाते में 2 लाख की राशि जमा कर उससे नगद राशि ले ली गई। सूरज उईका से कहा गया- बहुत अर्जेंट है और पैसे निकालना बहुत जरूरी है जिसके झांसे में आकर उसने अपना खाता नंबर साझा किया और पैसे गुनमनी सिन्हा को सौंप दिए।

प्रोजेक्ट रिसोर्स पर्सन (पीआरपी) को रिसोर्स ब्लॉक के प्रत्येक क्लस्टर में भेजा जाता है। जिनके कार्य धरातल पर एनआरएलएम की गतिविधियों को सुगम बनाना। जिसमे गरीबों के संस्थानों का गठन करना और उन्हें प्रशिक्षित करना। उन्हें आर्थिक सबलता की और बढ़ाना शामिल है। स्व सहायता समूहों के आर्थिक गतिविधियों में अनुदान सहित उन्हे आर्थिक मुनाफे, पारिश्रमिक दिलाना शामिल है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news