कोण्डागांव

नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त
08-May-2023 8:26 PM
नगर पंचायत अध्यक्ष  व उपाध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त

कांग्रेस व भाजपा ने बागी पार्षदों को किया निष्कासित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
केशकाल, 8 मई। 
केशकाल नगर पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आखिरकार ध्वस्त हुआ है। सोमवार को नगर पंचायत सभाकक्ष में पीठासीन अधिकारी एसडीएम शंकरलाल सिन्हा की मौजूदगी में हुए फ्लोर टेस्ट में अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले पार्षद दो तिहाई बहुमत हासिल नहीं कर पाए। अध्यक्ष रोशन जमीर खान व उपाध्यक्ष बिहारीलाल शोरी अपने पद पर यथावत बने रहेंगे।

इधर, जीत की सूचना मिलते ही समस्त कांग्रेसी कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ उठी। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी व फूलमाला पहना कर अध्यक्ष-उपाध्यक्ष का स्वागत किया। वहीं इस अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने वाले 4 कांग्रेसी पार्षदों को पीसीसी संगठन महामंत्री सह पर्यवेक्षक रवि घोष ने तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के निष्कासित भी कर दिया है, वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने भाजपा के तीन पार्षदों को निष्कासित करने भाजपा जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा को पत्र लिखा है। 

अध्यक्ष के पक्ष में 7 तो उपाध्यक्ष के पक्ष में 11 मत मिले
ज्ञात हो कि नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान व उपाध्यक्ष बिहारीलाल शोरी के कार्यों के प्रति असंतोष जाहिर करते हुए कांग्रेस व भाजपा के लगभग 11 पार्षदों ने विगत 25 अप्रैल को कलेक्टर दीपक सोनी के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। जिसे स्वीकार करते हुए कलेक्टर ने 8 मई को अविश्वास प्रस्ताव हेतु फ्लोर टेस्ट की घोषणा की थी। 

इस दरम्यान कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियो द्वारा अपने पार्षदों के साथ बैठक कर मान मुनवल का सिलसिला भी जारी रहा। परिणामस्वरूप 8 मई की सुबह नगर पंचायत फ्लोर टेस्ट में अध्यक्ष रोशन जमीर खान के पक्ष में 15 में से 7 मत हासिल हुए, वहीं उपाध्यक्ष बिहारीलाल शोरी के पक्ष में 15 में से 11 पार्षदों ने मत दिया। इस तरह से अविश्वास प्रस्ताव लेन वाले पार्षदों को दो तिहाई मत प्राप्त नहीं होने के चलते उक्त अविश्वास प्रस्ताव ध्वस्त घोषित किया गया। 

चार कांग्रेसी पार्षदों को संगठन ने 6 साल के लिए किया निष्कासित 

वहीं इस अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने वाले 4 कांग्रेस पार्षद पंकज नाग वार्ड क्रमांक 1, सग़ीर खान वार्ड क्रमांक 6, देवश्री वेदव्यास वार्ड क्रमांक 4 व साबनम बानो वार्ड क्रमांक 11 को पीसीसी संगठन महामंत्री सह पर्यवेक्षक रवि घोष ने तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के निष्कासित भी कर दिया है।

भाजपा ने तीन पार्षदों को निष्कासित करने भेजा पत्रचार
इसी क्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामेश्वर उसेंडी ने संगठन के अनुशासन के खिलाफ कार्य करने वाले तीन पार्षद- गीता ध्रुव, शशिकला ठाकुर व हेमंत बांधे को निष्कासित करने के लिए जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा को पत्र लिखा है। सम्भवत: भाजपा शीर्ष नेतृत्व के आदेश के पश्चात आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

नगर पंचायत अध्यक्ष रोशन जमीर खान ने कहा कि मेरे खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आज ध्वस्त हुआ है। मेरे पार्षदों ने पुन: मुझ पर विश्वास जताया है इसके लिए मैं सभी साथियों को धन्यवाद देता हूँ। साथ ही जिन पार्षदों के साथ सामंजस्य स्थापित करने में कोई कमी रह गई थी, उनके साथ भी तालमेल बनाकर नगर के सर्वांगीण विकास हेतु कार्य करने का प्रयास करूंगा। 

पीसीसी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष अमीन मेमन ने कहा कि नगर पंचायत अध्यक्ष- उपाध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव में जिन पार्षदों ने पार्टी फोरम को नजरंदाज कर भाजपा के साथ मिलकर कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया है। मैं मांग करता हूँ कि उनके खिलाफ आगामी दिनों में एक जांच टीम गठित की जाए और मामले की निष्पक्ष तक जांच कर कार्रवाई की जाए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news