धमतरी

गौमाता के नाम पर भ्रष्टाचार शर्मनाक-रंजना
22-May-2023 2:47 PM
गौमाता के नाम पर भ्रष्टाचार शर्मनाक-रंजना

पंचायतों, गरीबों के हक का पैसा लूट रही भूपेश सरकार-कविन्द्र जैन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 22 मई।
जब से प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आयी है बेदर्दी से संसाधनों की लूट की जा रही है। केंद्र सरकार की योजनाओं के पैसों का खुलकर दुरूपयोग किया जा रहा है। भाजपा इन दिनों गाँव और गरीब से सीधे जुड़े विषय को लेकर अभियान चला रही है। चलबो गोठान, खोलबो पोल अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को भाजपा के प्रमुख नेतागण धमतरी नगर निगम द्वारा संचालित ग्राम अर्जुनी स्थित गोठान का औचक निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान कई चौकाने वाले तथ्य सामने आए। लगभग 1300 करोड़ की धनराशि इन गोठानों पर प्रदेश सरकार ने लगाई है यह धनराशि भारत सरकार के 14 वें वित्त, 15 वें वित्त, डी एम एफ, रूरबन, एल डब्ल्यू जी जैसे मदों की राशि का अवैध रूप से जबरन मद परिवर्तन कर इतनी बड़ी राशि का दुरूपयोग किया गया है। 

गौठान के निरीक्षण मे पहुंची धमतरी विधायक रंजना साहू ने गौमाता के नाम पर किये गए भ्रष्टाचार को सबसे शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि गोठान में 300 गाय रखने का नियम है परंतु यहाँ बमुश्किल 30 गाय हैं, उनके भी देखरेख का कोई इंतजाम नहीं है। न चारा है, न पानी है केवल एक चौकीदार के भरोसे गौ माता को अपने हाल पर मरने के लिए छोड़ दिया गया है। प्रदेश मंत्री रामू रोहरा एवं नेता प्रतिपक्ष नरेंद्र रोहरा ने हैरानगी जताते हुए कहा कि राज्य सरकार जिस योजना को अपनी अभिनव योजना बताती है उस योजना मे एक भी पैसा राज्य सरकार ने अपना नही लगाया है। केंद्र सरकार के पैसों का दुरूपयोग कर जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। लाखों रुपये मद परिवर्तन कर इस गोठान में लगाए गए पर न तो यहाँ गाय को रखने की पर्याप्त व्यवस्था है न कोई समूह या ठेकेदार इसके लिए गोठान पर नजर आता है, न यहाँ कोई गोबर खरीदी होती नजर आती है। कंपोस्ट खाद के लिए शेड एवं टंकी बनी हुई है,परंतु उसमें एक किलोग्राम खाद का निर्माण भी अब तक हुआ होगा ऐसा प्रतीत नहीं होता। 

कार्यक्रम के विधानसभा संयोजक महेंद्र पंडित ने भूपेश बघेल के गोबर घोटाले को बहुचर्चित चारा घोटाले से भी बढक़र बताया। केवल कागजों में ही गोबर की खरीद हो रही है। स्थल पर जो गोबर का ढेर है वो साल भर से अधिक समय से रखा हुआ स्पष्ट देखा जा सकता है। 2 रुपए किलो में कागजों में गोबर खरीदी जाती है और कंपोस्ट खाद के रूप में मिट्टी को बोरियों में भरकर 10 किलो में किसानों को लादन के रूप में जबरदस्ती दे दिया जाता है। 

जिला महामंत्री कविन्द्र जैन, जिला उपाध्यक्ष अरविंदर मुंडी, बीथिका विश्वास ने कहा कि अर्जुनी स्थित गोठान जो कि पहले भाजपा शासन मे बस डिपो के रूप में लगभग 80 लाख की लागत से तैयार किया गया था, उसे भूपेश सरकार ने गोठान में तब्दील कर दिया। उसमें और बीसियों लाख खर्च करके पैसों का दुरूपयोग किया गया। पंचायतों के, गरीबों के हक के पैसों की लूट की गयी। इतनी लागत से बने गोठान का उपयोग न तो गौमाता की सेवा के लिए हो रहा न इससे जनता का कोई हित हो रहा। मंडल अध्यक्ष विजय साहू कार्यक्रम के मंडल संयोजक निलेश लुनिया, अखिलेश सोनकर ने कहा कि गोठानों मे कथित समिति बिना किसी प्रक्रिया के बनाई गई। कांग्रेस के लोगों को इस समिति का सदस्य बना दिया जाता है ताकि भ्रष्टाचार का किसी को पता न चल सके। 10 हजार रुपये प्रतिमाह अलग से रखरखाव के नाम पर दिया जाता है यह राशि भी भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाती है। 

सह संयोजक श्यामलाल नेताम, पार्षद श्यामा साहू, अज्जू देशलाहरे ने निगम को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि आसपास के ग्रामीणों द्वारा गौमाता के लिए मुफ्त में चारा दिया जा रहा है पर निगम गौमाता को चारा तक उपलब्ध नहीं करा सक रही है। गोठान के निरीक्षण मे गए प्रतिनिधि मंडल मे डिपेंद्र साहू, रीतिका यादव, लता सोनी, शिवदत्त उपाध्याय, हेमराज सोनी, वेदराम मारकंडे, मुकेश शर्मा, पुरुषोत्तम कोसरिया, गणेश विश्वकर्मा इत्यादि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news