रायपुर

कल सुबह तक पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
06-Sep-2023 2:53 PM
कल सुबह तक पांच जिलों  में भारी बारिश का अलर्ट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 6 सितंबर।
मौसम विभाग ने कल सुबह तक केलिए पांच जिलों के लिए मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें  राजनांदगांव, कांकेर नारायणपुर,  बीजापुर, सुकमा शामिल हैं जहां भारी बारिश के आसार हैं। यह पड़ोसी राज्यों तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में बने चक्रवात  की वजह से बताया गया है।

वेदर बुलेटिन के अनुसार मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में स्थित है और उसका पूर्वी छोर निजामाबाद, लखनऊ, सतना, रायपुर और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में स्थित निम्न दाब के केंद्र तक स्थित है। एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी-तटीय दक्षिण उड़ीसा-तटीय उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर स्थित है तथा यह 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ते हुए दक्षिण उड़ीसा दक्षिण छत्तीसगढ़ की ओर जाने की प्रबल संभावना है। 

वहीं एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण से होते हुए दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश तक उड़ीसा, छत्तीसगढ़ होते हुए 3.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। प्रदेश में कल 7  सितंबर को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। 
प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी वर्षा होने, वज्रपात होने तथा अंधड़ चलने की भी संभावना है। प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। भारी बारिश का क्षेत्र मुख्यत: प्रदेश के दक्षिण-पश्चिम स्थित जिले संभावित है।

छत्तीसगढ़ में अब तक 773.1 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज 

एक जून 2023 से अब तक राज्य में 773.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। इनमें  बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1352.7 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 349.6 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news