रायगढ़

निगम का लापरवाह प्रशासन व शहर में बढ़ते डेंगू के मरीज
26-Sep-2023 3:56 PM
निगम का लापरवाह प्रशासन व शहर में बढ़ते डेंगू के मरीज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 26 सितम्बर।
रायगढ़ नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती डेंगू बीमारी को लेकर जिला कलेक्टर तारन सिन्हा ने अपनी पूरी टीम इससे निपटने के लिये लगा दी है लेकिन दूसरी ओर रायगढ़ नगर निगम के अधिकारी व पदाधिकारी इस मामले में अभी तक सोते नजर आ रहे हैं। स्थिति यह है कि डेंगू बीमारी से ग्रसित मरीजों की संख्या बढ़ते जा रही है और सोता निगम प्रशासन सब कुछ ठीक ठाक होनें का दावा कर रहा है। इतना ही नही सडक़ों पर पसरी गंदगी तथा सच लिखने वाले लोग भी इससे पीडि़त हो रहे हैं। जान जोखिम में डालकर कुंभकर्ण की नींद की तरह सो रहा निगम प्रशासन को जगाने के लिये बार-बार सलाह के साथ-साथ जानकारी भी दे रहे हैं, लेकिन कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। 

रायगढ़ शहर के चक्रधर नगर इलाके के मिनी औद्योगिक क्षेत्र सिंधी कालोनी स्टेडियम के सामने के अलावा शहर के कई चौक-चौराहें पर बीते एक माह से गंदगी का ढेर निगम प्रशासन को मुंह चिढ़ा रहा है ऐसा नहीं है कि इस गंदगी के ढेर के मामले में निगम को जानकारी नही है। समय-समय पर पीडि़त लोग निगम के टोल फ्री नंबर से लेकर अधिकारियों, पार्षदों से भी गुहार लगाते हैं लेकिन यह गंदगी अब ढेर से होते हुए सडक़ों पर फैल गई है और भारी बरसात के चलते आसपास का इलाका बदबू से महक रहा है। इतना ही नहीं क्षेत्र के लोग दोहरी मार से जूझ रहे हैं चूंकि एक तो फैलती गंदगी से उनके दिनचर्या खराब हो रही है वहीं डेंगू के डंग के डर से वे सिहर जाते है। 

सूत्र बताते हैं कि जिला कलेक्टर तारन सिन्हा के दिशा निर्देश के बाद अचानक तेजी से साफ-सफाई व्यवस्था भी हुई लेकिन जैसे ही कलेक्टर ने थोड़ी ढिलाई बरती तो नगर निगम के अधिकारी सुस्त हो गए। जिसके कारण गंदगी के ढेर इस कदर फैल गए हैं कि वहां से लोगों का पैदल गुजरना भी दुभर हो गया है।

इस गंदगी के कारण औद्योगिक क्षेत्र में काम करने वाले तीन लोग डेंगू से पीडि़त भी हो गए हैं और कुछ लोग बुखार से तप रहे हैं। अपने खुद के खर्चे से इलाज के लिये भागभाग कर रहे ये लोग बताते हैं कि मिनी औद्योगिक क्षेत्र इलाके में कई जगह महीनों से साफ-सफाई व्यवस्था ठप्प हो गई है, और वहां बरसात का पानी जगह-जगह जमा होनें से डेंगू का लार्वा फैल रहा है। इतना ही नहीं इस इलाके में नगर निगम के कोई भी अधिकारी कर्मचारी सर्वे करने तो दूर महीनों से यहां आते भी नहीं। जिसके कारण यहां के रहवासी भगवान भरोसे जीने को मजबूर है। बहरहाल देखना यह है कि क्या अकेले जिला कलेक्टर तारन सिन्हा ही सडक़ों पर उतरकर जगह-जगह जाएंगे या जिम्मेदार अधिकारी पदाधिकारी इमानदारी से डेंगू से लडऩे के लिये अपनी ड्यूटी निभाएंगे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news