बीजापुर

नक्सल दंपत्ति ने किया समर्पण
18-Oct-2023 4:28 PM
नक्सल दंपत्ति ने किया समर्पण

एक पर 5 लाख का ईनाम घोषित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बीजापुर, 18 अक्टूबर।
आज नक्सली दंपत्ति ने नक्सल पंथ से तौबा कर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। एक पर 5 लाख का ईनाम घोषित है।

बुधवार को यहां पुलिस ऑफिसर्स मेस  में एसपी आंजनेय वाष्णेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चन्र्दकान्त गवर्णा व अन्य पुलिस के आला अफसरों के सामने भैरमगढ़ एरिया कमेटी के अंतर्गत एरिया कमेटी सदस्य लच्छू फरसा (27) आदवाड़ा थाना जांगला जिला बीजापुर व पार्टी सदस्य हड़मे माड़वी पति लच्छू फरसा (25) गोरना थाना बीजापुर जिला बीजापुर ने नक्सलियों की खोखली विचारधारा भेदभाव पूर्ण व्यवहार व उपेक्षा से तंग आकर शासन की पुनर्वास व आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण कर दिया।

लच्छू फरसा पर 5 लाख का इनाम घोषित है। लच्छू वर्ष 2008 में भैरमगढ़ एरिया कमेटी अंतर्गत माटवाड़ा  एलओएस में पीएलजीए सदस्य के पद पर संगठन में भर्ती किया गया। दिसम्बर 2009 में पार्टी सदस्य के रूप में संगठन में कार्य किया। वर्ष 2013 में एसीएम के पद पर कार्य देकर भैरमगढ़ एरिया कमांडर इन चीफ की जिम्मेदारी दी गई। अप्रैल 2023 तक एरिया कमांड इन चीफ के रूप में कार्य किया।

संगठन में लच्छू एसएलआर रायफल रखता था। लच्छू फरसा के विरुद्ध बीजापुर जिले मिरतुर व भैरमगढ़ थाना में 1 -1 व जांगला थाना में 7 स्थाई वारंट व दंतेवाड़ा जिले के भांसी थाना में 2 स्थाई वारंट लंबित हैं। लच्छू वर्ष 2010 से 2022 तक हत्या व आगजनी की 14 घटनाओं में शामिल था। 

वहीं हिड़मे माड़वी वर्ष 2010 में सीएनएम पार्टी के नाच गाना से प्रभावित होकर गंगालूर एरिया कमेटी अंतर्गत ग्राम गोरना में बाल संघम सदस्य के रूप में भर्ती होकर संगठन में पुलिस की रेकी का कार्य करने लगी। वर्ष 2015 में पीएमजीए सदस्य की जिम्मेदारी दी गई। वर्ष 2016 में सीएनएम सदस्य का कार्य दिया गया। मई 2016 में भैरमगढ़ एलजीएस में पार्टी सदस्य का कार्य दिया गया। संगठन में 12 बोर की बंदूक रखती थीं।

आत्मसमर्पण करने पर इन्हें शासन की आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति के तहत 25 -25 हजार रुपये नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news