बेमेतरा

15 साल की सरकार में रमन सिंह ने जनता को सिर्फ ठगने का काम किया -सीएम
26-Oct-2023 2:48 PM
15 साल की सरकार में रमन सिंह ने जनता को सिर्फ ठगने का काम किया -सीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 26 अक्टूबर।
दूसरे चरण के नामांकन की शुरुआत हो चुकी है। जिले के बेमेतरा, साजा व नवागढ़ विधानसभा के प्रत्याशियों ने अपना नामांकन दाखिल किया है। 5 साल में कांग्रेस की सरकार और 15 सालों में भाजपा की सरकार ने क्या काम किया है। इसको प्रदेश की जनता समझ रही है। 15 साल की रमन सरकार में ऐसा कोई सगा नहीं जिसे इन्होंने ठगा नहीं। किसानों को 2 साल के धान का बोनस नहीं दिया। प्रदेश के किसानों से भाजपा ने बोनस देने का वादा किया था अब वह कांग्रेस की सरकार से उम्मीद कर रहे हैं कि भाजपा के वादे को कांग्रेस सरकार पूरा करें। किसानों के हित में कांग्रेस सरकार भाजपा के वादे को भी पूरा करेगी।  उक्त बातें मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बेमेतरा जिला मुख्यालय के बेसिक स्कूल मैदान में आयोजित चुनावी सभा में कहीं। 

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 3 प्रत्याशियों ने किया नामांकन दाखिल 

आम सभा में कृषि मंत्री रविंद्र चौबे, मंत्री रुद्र गुरु, संसदीय सचिव गुरुदयाल बंजारे, विधायक आशीष छाबड़ा, पूर्व सांसद नंदकुमार साय, प्रदीप चौबे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंचस्थ थे। तीनों विधानसभा प्रत्याशियों ने आम जनता को भी संबोधित किया।

आभार प्रदर्शन जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशी पटेल ने किया। कांग्रेस के तीनों विधानसभा प्रत्याशी साजा से रविंद्र चौबे, बेमेतरा से आशीष छाबड़ा व नवागढ़ से रूद्र गुरु ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की उपस्थिति में नामांकन दाखिल किया।

केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर निर्दोषों को फंसा रही केंद्र की सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री धान खरीदी को लेकर झूठ बोलते हैं। प्रधानमंत्री कहते हैं कि छत्तीसगढ़ में धान की खरीदी केंद्र सरकार की ओर से की जाती है, अगर ऐसा है तो भाजपा शासित राज्यों में छत्तीसगढ़ के दर पर धान क्यों नहीं लिया जा रहा है। केंद्र की मोदी सरकार झूठ बोलने के साथ देश की जनता को ठगने का काम कर रही है। ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। राजनीतिक द्वेष के चलते निर्दोषों पर झूठे केस लगाकर फंसाया जा रहा है। 

फिर से सरकार बनने पर की जाएगी कर्ज माफी 

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने फिर से कांग्रेस की सरकार बनने पर किसानों का कर्ज माफ करने की घोषणा को दोहराया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 2500 रुपए प्रति क्विंटल में धान खरीदी की शुरुआत की थी, पिछले साल 2640 रुपए मिला है और इस साल 2800 रुपए क्विंटल मिलेगा। इसके साथ ही प्रति एकड़ 20 क्विंटल धान खरीदी जाएगी। वहीं सरकार बनी तो किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।मुख्यमंत्री ने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए हुए कहा कि पहले किसानों को 2100 में धान खरीदने के बाद कहीं, फिर बोनस देने के बात कही थी। लेकिन भाजपा सरकार ने ऐसा कुछ नहीं किया। 15 साल की भाजपा सरकार में आदिवासियों को जर्सी गाय देने, किसानों को बोनस देने समेत कई वादे किए गए थे, जो पूरा नहीं किया गया। 

अडानी व भाजपा पर सीएम ने किया कटाक्ष 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का एक सिद्धांत है कि झूठ बोलकर सरकार बनाओ और सब संपत्ति अडानी को सौंप दें। उन्होंने उपस्थित जनता से कहा कि एक तरफ युवा, महिलाओं, बेरोजगार, किसानों के लिए काम करने वाली सरकार बनानी है कि दूसरे तरफ सरकार बनाकर अडानी को संपत्ति सौंपने वाली सरकार बनानी है।भाजपा ने अभी तक एक भी घोषणा नहीं किया जबकि हमने चार घोषणा अभी तक कर चुके हैं जिसमें पहले घोषणा 20 क्विंटल धान खरीदने, सरकार बनने पर जातिगत जनगणना कराने, 17 लाख परिवार का मकान बनाने और नवरात्रि पर्व में किसानों के कर्ज माफी की घोषणा की गई है।

भाजपा राम के नाम से मात्र वोट मांगती है 

मुख्यमंत्री ने सभा में कहा कि छत्तीसगढ़ माता कौशल्या का प्रदेश है। रमन सिंह और बीजेपी 15 साल सरकार में रहते उनकी याद नहीं आई, छत्तीसगढ़ प्रदेश में माता कौशल्या के इकलौता मंदिर है, भाजपा ने माता के मंदिर का ना विकास किया और ना ही कोई काम किया। राम वन गमन पथ के तहत हम लगातार काम कर रहे हैं।

कर्जा माफ अउ भाजपा साफ - चौबे

साजा के कांग्रेस प्रत्याशी रविन्द्र चौबे ने इस अवसर पर कहा कि इस बार सरकार न केवल बढ़े हुए समर्थन मूल्य में धान खरीदेगी बल्कि प्रति एकड़ 20 क्विंटल के हिसाब से खरीदी की जाएगी। चौबे ने नारा लगवाया की कर्जा माफ अउ भाजपा साफ ।

उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि जिले के तीनों सीटों में इस बार भाजपा की जमानत जब्त कराना है। चौबे ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनना तय है लेकिन कांग्रेस को 80 से 85 सीट दिलाकर भाजपा का सूपड़ा साफ करना है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news