सुकमा

कोंटा से छठवीं बार चुनाव मैदान में लखमा, 2 बार कुंजाम बने थे विधायक
29-Oct-2023 2:42 PM
कोंटा से छठवीं बार चुनाव मैदान में   लखमा, 2 बार कुंजाम बने थे विधायक

दो बार निर्दलीय रह चुके हंै विधायक, 15 चुनावों में 8 बार जीती कांग्रेस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सुकमा, 29 अक्टूबर। जिले की एकमात्र कोंटा विधानसभा में कांग्रेस पार्टी से छठवीं बार कवासी लखमा चुनावी मैदान में हैं। कवासी लखमा यहां से लगातार 5 बार जीते हंै, वहीं उनके सामने भाजपा ने इस बार सोयम मुका को मौका दिया और सीपीआई से मनीष कुंजाम चुनाव मैदान में है। वे दो बार चुनाव जीते और चार बार चुनाव हारे हैं। इस बार चुनाव में मुकाबला दिलचस्प है।

आजाद भारत में सबसे पहले 1952 में आम चुनाव हुए थे और कई जगहों पर विधायकों को मनोनित किया गया था, जिसमें से सुकमा विधानसभा सीट पर पीलू विधायक बने। लेकिन 1957 में जब पहली बार चुनाव हुआ तो उसमें सोयम जोगा जो कि कांग्रेस से पहले निर्वाचित विधायक बने। उसके बाद यहां से जनसंघ और जनता पार्टी से भी एक-एक विधायक चुने गए। लेकिन 1998 में कवासी लखमा ने पहला चुनाव लड़ा जिसमें उन्होंने सीपीआई उम्मीदवार मनीष कुंजाम को हरा दिया। उसके बाद लगातार वो विधायक बनते आ रहे है।

बताया जाता है कि एक एसडीएम ने उनकी राजनीति में इंट्री कराई थी, उसके बाद वो वार्ड पंच बने, फिर संरपच और विधायक चुनाव लड़ा तो लगातार विधायक बन रहे है। ये उनका छठवां चुनाव है और 1998 से अब तक कांग्रेस पार्टी के लिए सिर्फ एक ही नाम जाता है।

कोंटा से 6 बार हारी कांग्रेस

कांग्रेस का गढ़ कहे जाने वाला कोंटा विधानसभा सीट में कांग्रेस को हार का भी सामना करना पड़ा। 1952 से लेकर 2018 तक कांग्रेस 6 बार चुनाव हार चुकी है और दो बार निर्दलीय उम्मीदवारों ने कांग्रेस को हराया है। 1962 के विस चुनाव में वेट्ी जोगा हड़मा निर्दलीय उम्मीदवार थे, उन्होंने कांग्रेस के पोडिय़ामी मासा को 2229 मतों से हराया, उसके बाद 1980 में जोगिया मुका ने कांग्रेस के माड़वी हांदाराम को 1982 मतों से हराया। इसके अलावा कांग्रेस को 1990 और 1993 में हार का सामना करना पड़ा। लेकिन 1998 से लगाकार कांग्रेस का कब्जा रहा।

कब, कौन-कौन रहे विधायक

1952 में पीलू (स्वतंत्र), 1957 सोयम जोगा (कांग्रेस), 1962 वेटी जोगा हड़़मा (स्वतंत्र), 1967 धनसाई डेरा (कांग्रेस), 1972 वेटी हरमा (जनसंघ), 1977 कोरम गोपाल क्रिस्टैया (जनता पार्टी), 1980 जोगिया मुका (स्वतंत्र), 1985 माड़वी हांदाराम (कांग्रेस), 1990 मनीष कुंजाम (सीपीआई), 1993 मनीष कुंजाम (सीपीआई), 1998 से 2018 तक कवासी लखमा कांग्रेस पार्टी से विधायक बने।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news