बेमेतरा

129 खरीदी केंद्रों में बायोमेट्रिक डिवाइस नहीं, ओटीपी बताकर धान बेचने की मिलेगी सुविधा
31-Oct-2023 2:50 PM
129 खरीदी केंद्रों में बायोमेट्रिक डिवाइस नहीं,  ओटीपी बताकर धान बेचने की मिलेगी सुविधा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बेमेतरा, 31 अक्टूबर।
एक नवम्बर से धान खरीदी जिले के 102 समितियों के तहत संचालित 129 धान खरीदी केन्द्रों में प्रारंभ की जाएगी पर जिले के एक भी धान खरीदी केन्द्र में बायोमेट्रिक्स डिवाइस की सप्लाई नहीं हुई है। विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों में डिवाइस की आपूर्ति हो सकती है। जिले में आने वाले समय में धान बेचने के लिए एक दिन पूर्व तक 1,58,517 किसानों ने पंजीयन करा लिया है।

जानकारी हो कि धान एवं मक्के का उपार्जन छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ एवं छत्तीसगढ़ स्टेट सिविल सप्लाइज कार्पोरेशन लिमिटेड द्वारा किया जायेगा। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2023-24 में धान की खरीदी विगत खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 में पूर्व के 126 संचालित और 3 नए धान खरीदी केन्द्रों पाहंदा, केशडबरी व लावातारा में भी पहली बार होगी। 

अंगूठा नहीं, मोबाइल में आएगा ओटीपी

जिला विपणन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार जिले के बेमेतरा, साजा, बेरला व नवागढ़ ब्लॉक के धान खरीदी केन्द्रों में बायोमेट्रिक डिवाइस लगाई जानी है। डिवाइस के लिए उच्च कार्यालय स्तर से टेंडर जारी किया गया था। टेडंर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद भी जिले के 129 धान खरीदी केन्द्रों में धान खरीदी प्रारंभ होने के एक दिन पहले तक मशीनों की आपूर्ति नहीं हुई है। मशीनों के नहीं होने के कारण किसानों द्वारा समितियों में दिए गए अगूंठे के निशान का सेम्पल मिलान करने की बजाय किसान कें पंजीकृत मोबाइल नंबर से धान खरीदी की जाएगी, जिसमें किसानों को ओाटीपी जारी किए जाने के बाद धान खरीदी होगी।

1 नवंबर से 31 जनवरी तक धान खरीदी होगी 

वर्ष 2023-24 के लिए औसत अच्छे किस्म के कॉमन धान के लिए 2183 रूपए और ए-ग्रेड धान के लिए 2203 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य तय किया गया है। मक्के के लिए 2090 रुपए प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य होगा। समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी आगामी 1 नवम्बर से 31 जनवरी 2024 तक और मक्का की खरीदी 1 नवम्बर से 28 फरवरी 2024 तक की जाएगी।

60 फीसदी किसान एप से ले सकते हैं टोकन 

धान खरीदी केन्द्रों में धान लेकर आने से पूर्व किसानों को ऑनलाइन व समिति से टोकन जारी किया जा रहा है। प्रथम दिन जिले के 64 धान खरीदी केन्द्रों में 9829 किसानो को ऑनलाइन टोकन जारी किया गया है। सहायक नोडल अधिकारी अरविन्द कुमार वर्मा ने बताया कि किसान टोकन तुंहर द्वार मोबाइल एप्लीकेशन से एक दिन की खरीदी का टोकन स्वंय ले सकते हैं। एप से टोकन लेने की स्थिति में किसानों को समिति आने की जरूरत नहीं होगी। वहीं जो किसान मोबाइल से टोकन नहीं ले पा रहे हैं तो समिति से टोकन ले सकते हैं। केन्द्रों में तैयारी पूर्ण कर ली गई है।

आपूर्ति दो से चार दिनों में हो सकती है 

जिला विपणन अधिकारी उपेन्द्र कुमार ने कहा कि डिवाइस की आपूर्ति दो से चार दिनों में हो सकती है। सप्लाई की डिमांड की गई है।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news