सुकमा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सुकमा, 3 नवंबर। नक्सलियों ने कोंटा थाना क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से वाहनों में आग लगा दी। कोंटा—गोलापल्ली मार्ग पर वेलपोच्चा के पास नक्सलियों ने दो टाटा मैजिक में आगजनी की है, जो कोंटा से करीब 20 किमी दूर है।
ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने जीत के लिए जहां एड़ी-चोटी की जोर लगा दी है तो वहीं पुलिस निष्पक्ष और सुरक्षित चुनाव कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी बीच माओवादियों का चुनाव में खलल डालने का प्रयास भी जारी है। जिसके चलते पुलिस और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती नजर आ रही है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को कोंटा में लगने वाले साप्ताहिक बाजार में बड़ी संख्या में इलाके के ग्रामीणा जा रहे थे। इस दौरान दोपहर को ही नक्सलियों ने उक्त मार्ग पर आवागमन बंद करने की चेतावनी दी थी। शाम को लौटने के वक्त नक्सलियोंं ने सवारी से भरी वाहन को रोक लिया। इसके बाद ग्रामीणों को उतार कर वाहन में आग लगा दी। आगजनी की घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
7 नवंबर को है मतदान...
छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें 7 नवंबर को प्रथम चरण में जिले सहित प्रदेश की 20 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इसके मद्देनजर पुलिस की ओर से लगातार नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संयुक्त टीम के साथ सर्चिंग की जा रही है। निष्पक्ष और निर्भीक चुनाव कराने के लिए गश्त तेज कर दी गई है।