कोण्डागांव

केशकाल में भाजपा का कब्जा
03-Dec-2023 9:09 PM
केशकाल में भाजपा का कब्जा

नीलकंठ ने 5560 मतों से कांग्रेस को हराया, भाजपा में जश्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

केशकाल, 3 दिसंबर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। बस्तर संभाग की अधिकांश सीटों पर भाजपा ने कब्जा किया है। इसी क्रम में केशकाल विधानसभा से भी भाजपा प्रत्याशी पूर्व कलेक्टर नीलकंठ टेकाम ने कांग्रेस प्रत्याशी एवं लगातार दो बार के विधायक संतराम नेताम के खिलाफ 5560 मतों की बढ़त लेकर जीत हासिल की है। 

जीत की खबर सुनते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। जीत की खुशी में भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने डीजे की धुन के साथ कोंडागांव नगर में रोड शो कर जश्न मनाया, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी संतराम नेताम ने भी हार स्वीकार करते हुए जनता जनार्दन का आशीर्वाद माना।

इस दौरान नीलकंठ टेकाम को 77438 मत मिले व संतराम नेताम को 71878 मत मिले। भाजपा प्रत्याशी नीलकंठ टेकाम ने 5560 मतों से जीत हासिल की। इस बीच अन्य सभी प्रत्याशियों को पिछे छोड़ते हुए नोटा में 4335 मत पड़ा। 

इस शानदार जीत पर जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए नीलकंठ टेकाम ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में केशकाल विधानसभा की जनता ने संतराम नेताम को लगभग 17 हजार मतों से विजयी बनाया था, लेकिन संतराम नेताम जनता की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। उन्होंने जनता के साथ अन्याय किया। उनका पांच वर्ष का कार्यकाल भ्रष्टाचार में लिप्त रहा। इसलिए जनता ने उन्हें जवाब देते हुए बाहर का रास्ता दिखाया है। मुझे जनता ने लगभग 5560 मतों से विजयी बनाया है। इसके लिए मैं क्षेत्र की जनता को धन्यवाद देता हूं। 

नीलकंठ टेकाम ने कहा कि हमारी पार्टी ने प्रदेश स्तर पर अनेकों घोषणाएं की हैं, जिन्हें जल्द ही पूरा भी किया जाएगा। साथ ही हमने स्थानीय स्तर पर भी केशकाल विधानसभा की जनता से अनेक वादे किए थे, जिन्हें आगामी दिनों में पूरा किया जाएगा। हमारा प्रयास रहेगा कि राज्य सरकार एवं केंद्र सरकार से अलग अलग मदों में राशि बांट कर सभी कार्यों को पूरा करवाया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news