बस्तर

निगम अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने लाया अविश्वास प्रस्ताव
04-Jan-2024 9:32 PM
निगम अध्यक्ष के खिलाफ भाजपा पार्षदों ने लाया अविश्वास प्रस्ताव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जगदलपुर, 4 जनवरी।
  भारतीय जनता पार्टी पार्षद दल ने गुरुवार को नगरपालिक निगम अध्यक्ष कविता साहू के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया। भाजपा के 19 पार्षदों ने कलेक्ट्रेट पहुँच कर निगम अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पत्र कलेक्टर विजय दयाराम को सौंपा व जल्द से जल्द अविश्वास प्रस्ताव को पारित करने हेतु सम्मिलन आहूत करने कहा।
 
भाजपा जिला कार्यालय में एकत्र हुये सभी भाजपा पार्षद शाम करीब चार बजे पैदल चल कर कलेक्ट्रेट पहुंचे, भाजपा पार्षद दल ने निगम अध्यक्ष कविता साहू के विरुद्ध अविश्वास व्यक्त करते हुये तीन बिंदुओं को प्रस्ताव में शामिल किया है। 

जिसमें कहा गया है कि नगर निगम अध्यक्ष द्वारा बहुमत के बल का दुरूपयोग करते हुये सामान्य सभा का नियमित संचालन नहीं किया जा रहा है, बीते चार साल में केवल 11सामान्य सभा की बैठकें हो पायी हैं, भाजपा पार्षदों के द्वारा बारंबार इस विषय पर ध्यानाकर्षण करने के बाद भी नियमानुसार निर्धारित अवधि उपरांत सामान्य सभा की बैठक आहूत करने में निगम अध्यक्ष द्वारा दुर्भावनापूर्वक कोताही की जा रही है। जिससे सामान्य सभा की अतिमहत्वपूर्ण बैठकें न होने से शहर के विकास सहित जनहित व निगम के कार्य व योजनायें लगातार प्रभावित हो रही है। गिनती की हुई सामान्य सभा की कार्यवाही बैठकों में भी निगम अध्यक्ष के द्वारा भाजपा पार्षदों के साथ पक्षपातपूर्ण कार्य किया जाता रहा है, जिससे विपक्षी भाजपा पार्षद लगातार उपेक्षा का शिकार बन रहे हैं, नगर पालिक निगम में हर विभाग में भारी भ्रष्टाचार व अनियमितता हावी है। जिससे जनहित, शहर हित के काम बुरी तरह बाधित हैं। अत्यंत महत्वपूर्ण पद पर आसीन निगम अध्यक्ष दलगत राजनीति के कारण इन समस्याओं का निदान करने के बजाय आंख बंद किये हुये हैं। यह कहना भी गलत नहीं होगा कि ऐसे गलत कार्यों में उनका भी प्रश्रय प्राप्त है। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष संजय पाण्डेय ने कहा कि नगर निगम अध्यक्ष के विरुद्ध भाजपा पार्षद दल ने अविश्वास प्रस्ताव लाया है। जो अग्रिम कार्यवाही सम्मिलन में पारित भी होगा। इसके पूर्व भी भाजपा पार्षद दल ने महापौर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था, जिसका सामना करने के बजाय महापौर सहित सत्ता दल के सभी पार्षद शहर छोड़ कर भाग खड़े हुये थे। नगर निगम अध्यक्ष के विरुद्ध लाये गये इस अविश्वास प्रस्ताव का सामना करने का साहस निगम में बैठा सत्ताधारी दल दिखाये। शहर की जनता भी इनकी करनी से बखूबी परिचित हो चुकी है।

कलेक्ट्रेट पहुँच कर हस्ताक्षर युक्त अविश्वास प्रस्ताव देने वाले भाजपा पार्षदों में योगेन्द्र पाण्डेय, नरसिंह राव, दिगम्बर राव,राजपाल कसेर,आलोक अवस्थी, मोती राम बघेल, निर्मल पाणिग्रही,धनसिंह नायक,दयावती देवांगन,भारती श्रीवास्तव,दीप्ति पाण्डेय, त्रिवेणी रंधारी,नीलम यादव, ममता पोटाई,रीना घोष, सविता गुप्ता, महेन्द्र पटेल, शंभू नाग शामिल थे। 

इस मौके पर नगर मण्डल अध्यक्ष सुरेश गुप्ता,आर्येन्द्र आर्य, मनोहर तिवारी,विक्रम सिंह यादव,खेमसिंह देवांगन,अभय दीक्षित,योगेश शुक्ला, योगेश ठाकुर, शशि नाथ पाठक, रोशन झा, पंकज आचार्य, तेजपाल शर्मा आदि मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news