कोण्डागांव

निर्माणाधीन नवोदय विद्यालय और केन्द्रीय विद्यालय का अवलोकन
20-Feb-2024 11:28 AM
निर्माणाधीन नवोदय विद्यालय और केन्द्रीय विद्यालय का अवलोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोंडागांव, 19 फरवरी। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शनिवार को कोंडागांव जिला मुख्यालय में निर्माणाधीन नवोदय विद्यालय तथा केन्द्रीय विद्यालय का अवलोकन किया। उन्होंने  इस नवोदय विद्यालय के छात्रावास भवन के निर्माण की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए विद्यालय भवन के निर्माण को भी प्रारंभ करने को कहा।

उल्लेखनीय है कि कोंडागांव में लगभग 38 करोड़ रुपए की लागत से जवाहर नवोदय विद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। यहां कक्षा छटवीं से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं दो-दो सेक्शन में लगाई जाएंगी और कुल 560 बच्चों का प्रवेश दिया जाएगा। सभी बच्चों को आवासीय शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने इस दौरान विद्यालय के विस्तार को ध्यान में रखते हुए भूमि आरक्षित किए जाने के संबंध में भी चर्चा की। उन्होंने इसके साथ ही केन्द्रीय विद्यालय के निर्माण के अवलोकन के दौरान कार्य की गति बढ़ाए जाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि इस विद्यालय का निर्माण निर्धारित अवधि सितंबर 2024 तक पूरा किए जाने के लिए अधिकतम कार्य बारिश के पूर्व पूर्ण किए जाने पर जोर दिया, जिससे बरसात के दौरान निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं से बचा जा सके।

उल्लेखनीय है कि कोंडागांव जिला मुख्यालय में लगभग 25 करोड़ रुपए की लागत से केन्द्रीय विद्यालय का निर्माण किया जा रहा है। यहां पहली से लेकर 12वीं तक सभी कक्षाएं दो-दो सेक्शन में लगाई जाएंगी। इसके साथ ही यहां आर्ट रुम, पुस्तकालय, गतिविधि कक्ष, यूनियम कंप्यूटर लैब, सीनियर कंप्यूटर लैब, मेडिकल कक्ष प्रशासनिक कक्ष इत्यादि की सुविधाएं रहेंगी। कलेक्टर ने निर्माण कार्य को निर्धारित अवधि अप्रैल 2025 तक पूर्ण करने के लिए कार्य की गति बढ़ाने को कहा। उन्होंने इसके लिए मानव संसाधन तथा आवश्यक मशीनरी को बढ़ाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम प्रकाश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी  मधुलिका तिवारी सहित नवोदय विद्यालय के प्राचार्य, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news