मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

खेत में मिली प्राचीन मूर्ति
05-Aug-2024 8:28 PM
खेत में मिली प्राचीन मूर्ति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता,

मनेन्द्रगढ़, 5 अगस्त। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खडग़वां विकासखंड के ग्राम धवलपुर में  पिछले दिनों किसान इंद्रपाल मरकाम अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहा था, उसी दौरान उसे एक हिंदू देवी-देवता की प्राचीन मूर्ति प्राप्त हुई जो पुरातत्व के लिए उपयोगी हो सकती है।

जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ से लगभग 30 किमी दूर लेदरी, छिपछिपी होकर धवलपुर पहुंचा जाता है। कहा जाता है कि यहां कोरिया रियासत के राजा धौरेल शाह का एक पुराना किला था जो लगभग 16वीं सदी में कोरिया रियासत में राज किया करते थे। इस महल के भगनावेश आज भी जीर्णशीर्ण अवस्था में इस स्थल में पड़े हुए हैं। इन भग्नाशेष व स्तंभों को देखकर ऐसा लगता है कि प्राचीन काल में इस घने वनांचल क्षेत्र में पत्थरों से किस प्रकार गढ़ी व किला बनाया गया होगा। इन पत्थरों में जो चित्र उकेरे गए हैं वह हमारे प्राचीन स्थापत्य कला के साथ मूर्ति कला की उत्कृष्टता को भी दर्शाते हैं।

इस किला  के पास धौरेल  राजा का कुआं भी स्थित है इसमें स्थानीय लोगों द्वारा कहा जाता है कि वर्ष भर पानी रहता है। एमसीबी जिले के पुरातत्व एवं पर्यटन विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय का कहना है कि धवलपुर में एक हिंदू देवी-देवता की मूर्ति प्राप्त हुई है। मूर्ति देखकर स्पष्ट है कि यह उमा-महेश्वर की प्रतिमा है। यह 11वीं-12वीं सदी की हो सकती है। कलेक्टर के संज्ञान में लाया गया है। इसे जल्द अवलोकन कर अस्थाई जिला संग्रहालय में सुरक्षित रखवा लिया जाएगा। वर्तमान में उप सरपंच भागवत कमरो इसकी देखरेख कर रहे हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news