मनेन्द्रगढ़-चिरिमिरी-भरतपुर

जेल भरो आंदोलन,सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी
26-Aug-2024 2:54 PM
जेल भरो आंदोलन,सौ से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दी गिरफ्तारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता,
मनेन्द्रगढ़, 26 अगस्त।
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में युवा कांग्रेस द्वारा जिला स्तरीय थाना घेराव और जेल भरो आंदोलन की शुरूआत रैली निकालकर की गई। रविवार को दोपहर बाद 3 से शाम 5 बजे तक चले जेल भरो आंदोलन में 105 कांग्रेस नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी, जिनमें 2 महिला कांग्रेस नेत्री भी शामिल रहीं, जिन्हें बाद में कोतवाली से ही बंद पत्र भरकर रिहा कर दिया गया।

पूर्व निर्धारित कार्यक्रमानुसार बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता जिला मुख्यालय मनेंद्रगढ़ स्थित भगत सिंह तिराहा में जमा हुए और बालौदा बाजार में घटी अप्रिय घटना में भाजपा सरकार पर अपनी नाकामियों को छिपाने का आरोप लगाया। इधर कांग्रेस के जिला स्तरीय थाना घेराव और जेल भरो आंदोलन को देखते हुए सिटी कोतवाली मनेंद्रगढ़ में भारी संख्या में जिले से पुलिस बल तैनात किया गया था। भगत सिंह तिराहे से सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस नेता घेराव करने के लिए कोतवाली पहुंचे और पुलिस द्वारा गेट पर लगाए गए बेरीकेड्स पर चढ़ गए। उन्हेें रोकने के लिए पुलिस बल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने कहा कि अन्याय के खिलाफ  कांग्रेस पार्टी लड़ती रही है। उन्होंने कहा कि भिलाई विधायक देवेंद्र यादव की जब तक रिहाई नहीं होगी तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि भाजपा सरकार के इशारे पर विधायक देवेन्द्र यादव को गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार किया गया है। उनकी गिरफ्तारी पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। हम इसका विरोध करते हैं और सरकार की कार्रवाई को गैर कानूनी मानते हैं। 2 घंटे तक चले इस आंदोलन में पूर्व नपाध्यक्ष राजकुमार केशरवानी, व्यंकटेश सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह माखीजा, युकां जिलाध्यक्ष हफीज मेमन, जिला प्रवक्ता सौरव मिश्रा, जगदीश मधुकर, राजेश शर्मा, अजय जायसवाल, स्वप्निल सिन्हा, पूर्व पार्षद राखी सिंह एवं शमीना खातून सहित कुल 105 कांग्रेस नेताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news