दुर्ग

रोजगार सहायक हड़ताल पर, गौठान में गोबर खरीदी ठप
05-Jan-2021 1:20 PM
 रोजगार सहायक हड़ताल पर, गौठान में गोबर  खरीदी ठप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दुर्ग, 4 जनवरी।
पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों के हड़ताल पर चले जाने से सरकार की महत्वपूर्ण योजना गोधन न्याय योजना के तहत गौठानों में गोबर खरीदी पूरी तरह से ठप है। वहीं मनरेगा के तहत चल रहे कार्य भी प्रभावित हैं। जिला एवं जनपद पंचायतों को भी ग्राम पंचायतों से संबंधित जानकारियां पंचायत सचिवों के हड़ताल के चलते मिल नहीं रही है। 

पंचायत सचिवों के हड़ताल पर चले जाने से जैसे-तैसे रोजगार सहायकों से काम चलाया जा रहा था, मगर रोजगार सहायकों के भी हड़ताल पर चले जाने से ग्राम पंचायतों में बहुत बुरा हाल है। लोगों को इससे जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने का काम बंद है। पंचायतों में चल रहे निर्माण कार्य भी प्रभावित है। कई ग्राम पंचायतों में मनरेगा के तहत चल रहे काम प्रभावित है। हड़ताल पर जाने के पूर्व रोजगार सहायकों ने जहां मस्टररोल जनरेट किए थे, वहीं जैसे-तैसे मेट के सहारे काम चल रहे हैं। लोगों के पंचायत से संबंधित काम भी नहीं हो पा रहे हैं। इससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्राम पंचायत मोहलाई सरपंच ने बताया कि पंचायत सचिव एवं रोजगार सहायकों की हड़ताल के चलते गोबर खरीदी बंद है। 

दुर्ग जनपद सीईओ जेएस राजपूत का कहना है कि पंचायतों से संबंधित कोई भी जानकारी प्राप्त नहीं हो पा रही है। हड़ताल के चलते पंचायतों का सब काम ठप है। गोबर खरीदी भी बंद है लोग गोबर नहीं बेच पा रहे हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news