कोण्डागांव

धान खरीदी खत्म, उठाव की चिंता, अंतिम दो दिन नहीं हो पायी खरीदी
30-Jan-2021 6:56 PM
धान खरीदी खत्म, उठाव की चिंता, अंतिम दो दिन नहीं हो पायी खरीदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
विश्रामपुरी,  30 जनवरी। 
छत्तीसगढ़ सरकार के द्वारा सरकारी दर पर धान खरीदी की तिथि अब समाप्त हो चुकी है। धान का उठाव नहीं हो रहा है जिससे खरीदी प्रभारी चिंतित है। किसानों की चिंता तो खत्म हो गई किंतु मौसम को देखकर अब खरीदी प्रभारियों की चिंता बढ़ रही है। जिन किसानों का धान बच गया है उनको आधे से भी कम दर पर व्यापारियों के पास धान बेचना पड़ेगा। बाजार में किसान धान का रेट बढऩे का इंतजार कर रहे हैं। 

सरकारी खरीदी के बाद बचे हुए धान को बेचने के लिए अब किसान धान का भाव बढऩे का इंतजार कर रहे हैं। मौसम विभाग की चेतावनी एवं शुक्रवार से मौसम खराब होने से खरीदी प्रभारियों की चिंता बढ़ रही है।  हर खरीदी केंद्र में पर्याप्त त्रिपाल नहीं है यदि बारिश होती है तो धान के भीगने की आशंका बनी हुई है।।

छत्तीसगढ़ सरकार के 1 दिसंबर से 31 जनवरी तक धान खरीदा जाना था किंतु कई बार बारदाना नहीं होने एवं छुट्टियों के चलते पूरे 2 माह खरीदी नहीं हो पाई , इसके अलावा किसानों को अंतिम दिन जहां खरीदी केंद्रों पर भीड़ लगती है। किन्तु इस बार किसी को यह अनुमान नहीं था कि अंतिम 2 दिनों में शनिवार रविवार पडऩे के कारण धान खरीदी नहीं होगी। कुछ किसान शुक्रवार को भी धान बेचने टोकन कटाने खरीदी केंद्रों में पहुंचे थे किंतु उस दिन सॉफ्टवेयर में धान खरीदी का तारीख नहीं दिखा जिससे टोकन नहीं काटा गया जिसके चलते धान खरीदी का अंतिम 2 दिन शनिवार एवं रविवार को किसानों को लाभ नहीं मिल सका। जबकि किसानों का यह मानना है कि शनिवार रविवार धान खरीदी का अंतिम दिन पडऩे से इस दिन भी धान खरीदा जाना था।

बांसकोट निवासी मोतीलाल एवं ओंकार सेठिया ने बताया कि जब वे शुक्रवार को खरीदी केंद्र मे टोकन कटाने गए थे तो बताया गया कि सॉफ्टवेयर बंद हो चुका है।
छत्तीसगढ़ शासन का आदेश था कि धान खरीदी की अंतिम तारीख 31 जनवरी है किंतु 29 जनवरी तक ही धान खरीदी किया जा सका।  कुल पंजीकृत कृषक 36602, लाभान्वित कृषक 33475, वंचित  किसान 3127. अब तक कुल धान खरीदी 1434633 क्विंटल, उठाव 233663 क्विंटल। अब तक मात्र 16.29 फीसदी धान का ही उठाव हो पाया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news