छत्तीसगढ़ » सरगुजा
कार्यक्रम को लेकर रामविचार नेताम के नेतृत्व में हुई बैठक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मार्च। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पं. विजय शंकर मेहता का अंबिकापुर शहर में आगामी एक अप्रैल को आगमन हो रहा है। वे घड़ी चौक कला केंद्र मैदान में ‘हनुमान चालीसा और परिवार प्रबंधन’ पर व्याख्यान देंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यवस्थापक रामविचार नेताम की मौजूदगी में शहर के गणमान्य व्यक्तियों की महत्वपूर्ण बैठक होटल पंचानन में हुई। आयोजन की सफलता के लिए बैठक में उपस्थित कई प्रबुद्धजनों ने अपने विचार एवं सुझाव व्यक्त किए।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पूज्य पंडित विजय शंकर मेहता का हनुमान चालीसा और परिवार प्रबंधन पर प्रभावी व्याख्यान, देश-विदेश के कई शहरों में होता रहता है। यह पहला अवसर होगा, जब अंबिकापुरवासियों को इनका प्रभावी व्याख्यान सुनने का अवसर प्राप्त होगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए कई विभाग वार समितियों का भी गठन किया गया है। जिसके अनुसार सहयोगी सुधिजन कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
इस बैठक में मुख्य रूप से रामविचार नेताम,कमलभान सिंह, जे.पी. श्रीवास्तव, मेजर अनिल सिंह, अजय अग्रवाल, सुभाषचन्द्र अग्रवाल, भगवानदास बंसल, नागेंद्र तिवारी, द्वितेन्द्र मिश्रा, अजय बंसल, ललन प्रताप सिंह, रजनी त्रिपाठी,अनुराग सिंह देव, अखिलेश सोनी, हरिशंकर जायसवाल, राजकुमार बंसल, अम्बिकेश केशरी, गौरांगो सिंह , अजय मिश्रा, आलोक दुबे, किरण मिश्रा, वंदना दत्ता, शकुंतला पांडेय, मंजूषा भगत, मुक्ता गुप्ता, नीलिमा गोयल, डॉ. अनिल सिंह, विनीत गुप्ता, उमेश जायसवाल सहित सैकड़ों की संख्या में आयोजन समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मार्च। शादी का झांसा देकर युवती से रेप करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार लिया है।
पुलिस के अनुसार पीडि़ता ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि अभिनय पावले निवासी लखनपुर ने शादी का झांसा देकर उससे रेप किया है। पीडि़ता की रिपोर्ट पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक धीरेन्द्र नाथ दुबे एवं पुलिस टीम द्वारा आरोपी का पता तलाश किया जा रहा था। आरोपी ऑटो चालक अभिनय पावले को पकडक़र घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की गई। आरोपी ने रेप करना स्वीकार किया। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से कार्रवाई कर गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।
अम्बिकापुर,28 मार्च। राजीव गाँधी शासकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय अम्बिकापुर में बौद्धिक सम्पदा अधिकार विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस उद्घाटन सत्र के साथ ही दो तकनीकी सत्र आयोजित किए गए।
उद्घाटन सत्र में विशिष्ट अतिथि द्वय डॉ. रामकुमार मिश्र, प्राचार्य, शास. महाविद्यालय, सिलफिली तथा डॉ. कुसुमलता विश्वकर्मा, प्राचार्य, शास. विज्ञान महाविद्यालय अंबिकापुर रहे। सत्र की अध्यक्षता पीजी कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. रिज़वानउल्लाह ने की।
आयोजन समिति की ओर से डॉ. राजकमल मिश्रा द्वारा मंचस्थ अतिथियों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम सचिव ब्रजेश कुमार द्वारा कार्यक्रम की रुपरेखा प्रस्तुत की गई। कार्यशाला के संयोजक डॉ. आरपी सिंह के द्वारा अतिथियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
उद्घाटन कार्यक्रम का संचालन डॉ. अनिल सिन्हा के द्वारा किया गया। इस दौरान प्राध्यापकगण डॉ. एस के श्रीवास्तव, डॉ. आर के जायसवाल, आयोजित कार्यशाला के विषय विशेषज्ञ डॉ. सागर जायसवाल सहा. प्राध्यापक, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर ने तकनीकी विमर्श में पेटेन्ट विषय पर, डॉ. दिग्विजय सिंह सहा. प्राध्यापक, साउथ विहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय, गया, बिहार ने ट्रेडमार्क विषय पर तथा डॉ. गिरीश नन्दन सिंह सहा. प्राध्यापक, पी. जी. कॉलेज जांजगीर ने भौगोलिक संकेत विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला के प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। इस तकनीकी सत्र का संचालन सहायक प्राध्यापक माधवेंद्र तिवारी ने किया।
कार्यक्रम में सहायक प्राध्यापकगण डॉ. मिलेन्द्र सिंह, पंकज अहिरवार, देव प्रकाश दुबे, डॉ. पीयूष पाण्डेय, डॉ. विनीत गुप्ता, डॉ. उमेश पाण्डेय, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. नीलाभ कुमार, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. नीमा कमर, डॉ. कामिनी, डॉ. ममता गर्ग, डॉ. जसिंता मिंज, डॉ. जेरमिना तिर्की, पूनम सोनवानी, संजीव लकड़ा, संदीप कुशवाहा, डॉ. सरोज तिर्की, डॉ. तृप्ति विश्वास, डॉ. लक्ष्मी शास्त्री, डॉ. मनीषा दास देवांगन सहित प्रतिभागी उपस्थित थे।
घुनघुट्टा नदी एवं शंकर घाट में छठ व्रतियों ने की पूजा अर्चना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। सोमवार को छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य देकर परिवार के खुशहाली एवं संतान के स्वास्थ्य लाभ, सफलता और दीर्घायु के लिए वरदान मांगा।अंबिकापुर नगर के शंकर घाट,घुनघुट्टा नदी के तट पर एवं नगर के अन्य तालाबों में सैकड़ों की संख्या में छठ व्रतियों ने भगवान भास्कर की पूजा अर्चना की। इस दौरान छठ घाटों में भक्तिमय माहौल रहा। छठ पर्व को लेकर पूरे नगर में भी उत्साह देखा गया।छठ व्रती मंगलवार को उगते हुए भगवान भास्कर को अध्र्य देकर पारण करेंगे एवं 36 घंटे के निर्जला उपवास को प्रसाद ग्रहण करने के उपरांत तोड़ेंगे।
चैती छठ नवरात्रि के छठवें दिन मनाया जाता और इस दिन देवी कात्यायनी की पूजा की जाती है। जबकि नहाय खाय के दिन देवी कूष्मांडा, खरना के दिन स्कंदमाता की पूजा की गई। छठ व्रत को सबसे कठिन व्रत माना जाता है, और मान्यता है कि नियमों का पालन करते हुए जो भक्त छठ माता की पूजा करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं माता पूरी करती हैं।
शनिवार से नहाय खाय के साथ चैती छठ के पर्व की शुरुआत हुई है। खरना के दिन छठ माता की पूजा के लिए प्रसाद बनाने की परंपरा है, और इस पूरे दिन महिलाएं उपवास रखती हैं, और शाम के समय गुड़ चावल की खीर और रोटी बनाकर खरना किया। खरना का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर तैयार किया जाता है। इस प्रसाद को व्रती महिलाएं सबसे पहले ग्रहण करती हैं और उसके बाद प्रसाद को परिजनों में बांट दिया जाता है। सोमवार को छठी व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अध्र्य दिया। 28 मार्च को उदयमान भगवान भास्कर को अध्र्य देंगे, इसी के साथ चार दिन का छठ पर्व समापन हो जाएगा।
मान्यता है कि छठी मइया का पवित्र व्रत रखने से सुख और शांति की प्राप्ति होती है। साथ ही सारे दुर्भाग्य समाप्त हो जाते हैं। इस व्रत से निसंतान दंपत्ति को संतान की प्राप्ति होती है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। मेडिकल एसोसिएशन अंबिकापुर ने राइट टू हेल्थ बिल को वापस लेने सरगुजा कलेक्टर के माध्यम से राजस्थान के मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है हाल ही में राजस्थान सरकार ने राइट टू हेल्थ बिल पास किया है जिसका आईएमए राजस्थान के हमारे साथी चिकित्सक गण पुरजोर विरोध कर रहे है।
लोकतांत्रिक प्रदर्शन के दौरान लाठी चार्ज और महिला चिकित्सकों से दुव्र्यवहार की खबरें भी हम सब तक पहुँची हैं। इन पुलिस ज्यादितियों और महिला चिकित्सकों से दुर्व्यवहार की घटनाओं के प्रति हम अपना गम्भीर रोष इस पत्र के माध्यम से दर्ज कराना चाहते हैं।
एसोसिएशन ने कहा कि राइट टू हेल्थ बिल सुंदर पैकेट में बंद एक मीठे जहर के समान है, जो न केवल चिकित्सा क्षेत्र के लिए घातक होगा बल्कि राजस्थान प्रदेश और अंतत: देश की जनता के लिए दुर्भाग्यजनक सिद्ध होगा। सबकी स्वास्थ्य रक्षा और सबको समान स्वास्थ्य सेवा मुफ्त या किफायती दर पर उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। प्राइवेट क्लिनिक, नर्सिंग होम या बड़े निजी अस्पताल इसलिए चल रहे हैं, क्योंकि सरकारी सेवा से या तो लोग संतुष्ट नहीं है या फिर सरकार सेवा देने में विफल रही है। लोगों की असंतुष्टि या शासन द्वारा सेवा उपलब्ध न करवा पाने से जो डिमांड गैप बना उसको निजी सेक्टर ने बिना किसी शासकीय सहयोग या अनुदान के भरा निजी क्षेत्र की सफलता सरकारों के आँख में उसी प्रकार खटक रही है, जैसे किसी प्रतिभाशाली खिलाड़ी या छात्र का प्रथम अंक पाना शाला के बदमाश बच्चों को खटकता है। अक्सर यह बच्चे षड्यत्र पूर्वक मेधावी बच्चे का नुकसान करते हैं, और अपने गुरुजनों की चापलूसी करने लगते हैं, ठीक इसी प्रकार आपकी सरकार भी व्यवहार कर रही है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 27 मार्च। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ दिल्ली कि 75वीं एनुअल जनरल कौशिंल मीटिंग गांधी स्मारक निधि, गांधी भवन लखनऊ उत्तरप्रदेश में सम्पन्न हुई।
बैठक की अध्यक्षता भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एन सी हेमब्रम ने किया। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ पूरे भारतवर्ष में आदिवासियों के उत्थान के लिए काम करती है। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ कि स्थापना महात्मा गांधी की प्रेरणा से उनके सहयोगी ठक्कर बापा ने 1948 में किया था। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के प्रथम अध्यक्ष भारत के राष्ट्रपति भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद 1948 से 1962 तक रहे। इसके पश्चात यूएन ढेबर, पुर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न मोरारजी देसाई, पदम विभूषण, डॉ. पुलरेणु गुहा, जे आर चिंचालकर, बनवारी लाल गौड़ अध्यक्ष रहे। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ लगातार भारत के अनेक प्रदेशों में काम कर रही है।
वर्तमान में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नयन चन्द्र हेंम्ब्रम जी है, उनके मार्गदर्शन में आदिवासी क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है, जहां पूरे भारतवर्ष में आदिवासियों के लिए स्कूल, छात्रावास झुलाघर, बाल गृह, पालनाघर, हास्पिटल का संचालन लगातार कर रही है।
इस बैठक में भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के कार्य को विस्तार देने के लिए छत्तीसगढ़ के सामाजिक कार्यकर्ता छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल किया गया है। भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के इस बैठक में भारतीय आदिम जाति सेवक संस्था के महामंत्री अजय कुमार चौबे, मंत्री राजेश कुमार मालवीय, कर्नाटक से मंत्री डा कुबेरप्पा, उत्तराखंड से सुरेन्द्र सिंह चौहान, गुजरात से ईलाबहन देसाई, नागालैंड से कोहली, दादरा नगर हवेली दमन दीव से श्याम वरकड़े, समसेर अली भड़ाना हरिद्वार,अनिल शर्मा, रविकांत झा सहित 28 प्रदेशों से 175 महिला और पुरुष लोग बैठक में उपस्थित रहे।
भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यालय में केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा लगातार दौरा कर भारत सरकार के विभिन्न योजनाओं के बारे जानकारी प्रदान कर रहे हैं। जिससे पूरे भारत में आदिवासियों का जीवन स्तर ऊंचा उठ सके। इसके पहले भारतीय आदिम जाति सेवक संघ में छत्तीसगढ़ से सीएल पड़वार भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के लाईफ मेंबर थे।
उल्लेखनीय है कि सुरेन्द्र साहू तीस वर्षों से लगातार छत्तीसगढ़ में सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में बाल अधिकार, मानव व्यापार के खिलाफ जागरूकता अभियान, नशामुक्ति जागरूकता अभियान, महिला अधिकार ,बाल विवाह रोकने, निशुल्क स्वास्थ्य शिविर, उपभोक्ता जागरूकता अभियान सहित अनेक सामाजिक कार्य लगातार कर रहे हैं। सुरेन्द्र साहू के सामाजिक कार्यो को देखते हुए अनेक संगठनों ने पुरूस्कार भी प्रदान किया है। छत्तीसगढ़ शबरी सेवा संस्थान के प्रदेश सचिव सुरेन्द्र साहू को भारतीय आदिम जाति सेवक संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सदस्य बनाये जाने पर अनेक लोगों ने बधाई दी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,27 मार्च। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण के निर्देशानुसार एवं प्रदेश अध्यक्ष भरत वर्मा के मार्गदर्शन में भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के आगामी 6 अप्रैल से 14 अप्रैल तक चलने वाले राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम गाँव-गाँव चलो, घर-घर चलो के क्रियान्वयन हेतु ओबीसी मोर्चा की संभाग स्तरीय बैठक संकल्प भवन भाजपा कार्यालय अम्बिकापुर में सम्पन्न हुई।
बैठक में पूर्व ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ओबीसी मोर्चा जिला प्रभारी तुलसी कौशिक एवं प्रदेश मंत्री मनोज गुप्ता के आतिथ्य में आयोजित बैठक में सरगुजा संभाग के सूरजपुर, कोरिया, मनेद्रगढ़, बलरामपुर, जशपुर सहित सरगुजा जिले के अध्यक्ष, महामंत्री एवं सभी नवनियुक्त जिले एवं मण्डल के संयोजक, सह-संयोजक व सदस्य उपस्थित हुए।
इस अवसर पर ओबीसी मोर्चा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि गाँव-गाँव चलो, घर-घर चलो अभियान पार्टी का बहुत महत्वपूर्ण अभियान है, जिस पर भाजपा ने सोच विचार कर ओबीसी मोर्चा को इसे पूरा करने के लिए दिया है। ओबीसी मोर्चा आने वाले चुनाव में भाजपा के लिए अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सभी कार्यकर्ता इस अभियान को सफल बनाने में जी जान से लग जाएं।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि ओबीसी मोर्चा हमारा प्रमुख मोर्चा है जिस पर आने वाले चुनाव में भाजपा को जिताने की जवाबदारी है। गाँव गाँव चलो घर घर चलो अभियान की सफलता पार्टी की जीत सुनिश्चित करेगी।
इस अवसर पर भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सबसे बड़ी ओबीसी समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाली ओबीसी मोर्चा सरगुजा जिले में सबसे मजबूत मोर्चा है। हमें पुर विश्वास है कि इस अभियान को ओबीसी मोर्चा के पदाधिकारी कार्यकर्ता जरुर सफल बनायेंगे।
इस अवसर पर गाँव-गाँव चलो, घर-घर चलो अभियान के संभाग प्रभारी मनोज गुप्ता ने कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 6 अप्रैल भाजपा के स्थापना दिवस से लेकर 14 अप्रैल डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती तक यह अभियान चलाया जाना है। इसमें ओबीसी मोर्चा के सभी पदाधिकारी कार्यकर्ता जिले तथा संभाग के प्रत्येक बूथ तक जाएंगे एवं ओबीसी समाज के लिए मोदी सरकार द्वारा किये गये कार्यों तथा केन्द्र की जन कल्याणकारी योजनाओं व उपलब्धियों को घर घर तक पहुचाएंगे।
सरगुजा जिला ओबीसी मोर्चा प्रभारी तुलसी कौशिक ने कहा कि राष्ट्रव्यापी गाँव गाँव चलो घर घर चलो कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को संकल्प के साथ हर घर तक पहुंचना है।
स्वागत उद्बोधन में ओबीसी मोर्चा सरगुजा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र जायसवाल ने कहा कि इस अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु सरगुजा जिला सहित सभी मण्डलों में संयोजक व सह-संयोजकों की नियुक्ति की गई है, जो इस अभियान को गति देंगें। इस अभियान के लिए मयंक जायसवाल को सरगुजा जिले का संयोजक नियुक किया गया है।
कार्यक्रम का संचालन ओबीसी मोर्चा सरगुजा के जिला महामंत्री जितेन्द्र सोनी ने किया व आभार प्रदर्शन जिला महामंत्री हरी गुप्ता ने किया। उक्त बैठक में सरगुजा संभाग के सभी जिले के जिला अध्यक्ष व महामंत्री सहित मयंक जायसवाल, सूरज नामदेव, प्रभात विश्वास, महेश जायसवाल, रोहित कुशवाहा, पियूष सोनी, संजय जायसवाल, ओबीसी मोर्चा के समस्त जिला पदाधिकारी व कार्यकत्र्ता उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। अंबिकापुर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा के सदस्य रविंद्र प्रताप टुटेजा द्वारा गत 25 मार्च को हायर सेकेंडरी परीक्षा के अंतर्गत गणित पेपर के दौरान अंबिकापुर नगर के कई विद्यालयों में पहुंचकर निरीक्षण किया।
इस दौरान श्री टुटेजा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में परीक्षा सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित पाई गई आज किसी भी केंद्र पर नकल प्रकरण भी दर्ज नहीं हुआ,सभी छात्र छात्राएं व्यवस्थित ढंग से परीक्षा देते पाएं गए और व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। इस दौरान उन्होंने केंद्र अध्यक्षों को केंद्र की मूल सुविधाओं पर ध्यान देने के लिए निर्देशित भी किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। रामनवमी के अवसर पर श्री राम सेना द्वारा 28 मार्च को दुर्गा मंदिर गाँधी चौक से महामाया मंदिर तक शोभा यात्रा प्रस्तावित की गई है।
शोभा यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज राम गोपाल गर्ग के मार्गदर्शन में पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता के निर्देशन में समिति की बैठक लेकर शोभा यात्रा के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रबंध कर समिति के सदस्यों को विभिन्न दिशा निर्देश जारी किये जाने हेतु निर्देशित किया गया था।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के नेतृत्व में श्री राम सेना समिति के सदस्यों की बैठक आयोजित कर शोभा यात्रा के दौरान नियमों का पालन करने एवं सामाजिक सौहार्द बनाये रखने हेतु दिशा निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान शोभा यात्रा को समय पर तय स्थल से निकालने एवं तय समय के भीतर गंतव्य स्थल तक समय सीमा के भीतर पहुंचाने, शोभा यात्रा के दौरान प्रयुक्त डीजे मे ध्वनि विस्तारक यंत्रों को तय मानकों के आधार पर संचालन करने, आपत्तिजनक गानों, धार्मिक एवं सामाजिक शौहाद्र बिगाडऩे वालो गानो पर सख्त पाबन्दी लगाने के साथ साथ सामाजिक शौहाद्र बिगाँडऩे वाले व्यक्तियों के खिलाफ सरगुजा पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई किये जाने हेतु सूचित किया गया। बैठक के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली सहित श्री राम सेना समिति के सदस्य उपस्थिति रहे।
अंबिकापुर, 27 मार्च। नौकरी लगाने के नाम पर ठगी एवं अप्राकृतिक कृत्य करने वाले को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थी ने थाना कोतवाली आकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि गत 24 मार्च को प्रार्थी बभनी जाने के लिए बस स्टैंड में बैठा था,जो ओम प्रकाश गुप्ता ग्वालियर द्वारा पुराना बस स्टैंड से बस मिलने की बात बोलकर प्रार्थी को पुराना बस स्टैंड स्थित एक होटल ले जाकर प्रार्थी को नौकरी लगाने की बात बोलकर 1 लाख रुपये की मांग की गई। प्रार्थी द्वारा 4070 रुपये अलग-अलग बार में दिया गया हैं बाद में ओम प्रकाश गुप्ता द्वारा प्रार्थी के साथ अप्राकृतिक कृत्य किया है। घटना की रिपोर्ट पर अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने आरोपी ओम प्रकाश गुप्ता निवासी ग्वालियर मध्यप्रदेश को गिरफ्तार कर घटना के सम्बन्ध में पूछताछ की गई। आरोपी द्वारा जुर्म स्वीकार करने पर आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाए जाने से गिरफ्तार कर नाययिक रिमांड पर भेजा गया।
डूबते सूर्य को पहला अघ्र्य आज
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मार्च। शनिवार से नहाय खाय के साथ चैती छठ के पर्व की शुरुआत हो गई है। रविवार को छठ व्रतियों ने घुनघुट्टा नदी एवं शंकर घाट में घाट बंधान पश्चात खरना तिथि पर पूरी शुद्धता के साथ छठ माता का प्रसाद तैयार किया और प्रसाद ग्रहण करके 36 घंटे का व्रत शुरू किया।
चैती छठ नवरात्रि के छठवें दिन मनाया जाता और इस दिन देवी कात्यायनी की पूजा की जाती है, जबकि नहाय खाय के दिन देवी कुष्मांडा, खरना के दिन स्कंदमाता की पूजा की गई। छठ व्रत को सबसे कठिन व्रत माना जाता है और मान्यता है कि नियमों का पालन करते हुए जो भक्त छठ माता की पूजा करते हैं, उनकी सभी मनोकामनाएं माता पूरी करती हैं।
खरना के दिन छठ माता की पूजा के लिए प्रसाद बनाने की परंपरा है और इस पूरे दिन महिलाएं उपवास रखती हैं और शाम के समय गुड़ चावल की खीर और रोटी बनाकर खरना करेंगे। खरना का प्रसाद मिट्टी के चूल्हे पर तैयार किया जाता है। इस प्रसाद को व्रती महिलाएं सबसे पहले ग्रहण करती हैं और उसके बाद प्रसाद को परिजनों में बांट दिया जाता है।
सोमवार 27 मार्च को छठी व्रती अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अघ्र्य देंगी। मंगलवार 28 मार्च को उदयीमान भगवान भास्कर को अघ्र्य देंगी। इसी के साथ चार दिन का छठ पर्व समापन हो जाएगा।
घुनघुट्टा श्याम सेवा समिति करजी-सोहगा इस वर्ष पहली बार चैत छठ पर्व के लिये घुनघुट्टा नदी के तट पर श्रद्धालुओं को सुविधायें उपलब्ध कराने में जुट गया है। समिति पहली बार चैत छठ पर्व के लिये विशेष तैयारी कर रहा हैं।
समिति के अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता ने बताया कि सुविधाओं के अभाव में प्राय: चैत छठ व्रतियों द्वारा घर में मनाया जाता है, किंतु इस बार समिति के सदस्यों ने विगत 10 दिनो के मेहनत से घुनघुट्टा नदी के तट की साफ सफाई कर इसे छठ के लिये तैयार किया है। रविवार को घाट बांधने के दिन घुनघुट्टा नदी के तट पर करीब 50 छठ परवतियों ने घाट बांध कर तट पर छट पूजन को प्रारंभ किया है। इनमें जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के परिवार के सदस्य भी शामिल हैं।
घुनघुट्टा के तट पर चैत छठ की तैयारियों के सिलसिले में घुनघुट्टा श्याम सेवा समिति करजी-सोहगा के अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता के साथ ही समिति के सदस्य उत्तम राजवाडे, नारद गुप्ता, प्रेम कुशवाहा, शशि पाण्डेय, राकेश सोनी, गीता प्रसाद, प्रकाश सोनी, निलेश कश्यप आदि सक्रिय रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मार्च। सरगुजा जिले के ग्राम चिरंगा में 4 हजार से अधिक ग्रामीणों के विरोध के समर्थन में प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत सामने आए। श्री भगत एक दिवसीय सरगुजा दौरे पर पहुंचे थे इस दौरान उन्होंने कहा कि मेरी क्षेत्र की जनता जो चाहेगी वही होगा, साथ ही कहा कि हम तो इस दुनिया में लोगों की मदद करने के लिए ही आए है। मेरा समर्थन हमेशा ग्रामीणों के साथ ही रहा है और रहेगा।
मंत्री समर्थन में आए क्यों नहीं, क्योंकि यह विधानसभा प्रदेश के खाद्य मंत्री का होने की वजह से ग्रामीणों में अपनी हमेशा सहानुभूति भी दिखाते हैं। दरअसल मां कुदरगढ़ी एलुमिना हाइड्रा प्लांट को लेकर बीते दिन जिला प्रशासन ने हजारों की संख्या में पुलिस फोर्स के साथ पटवारी, आरआई सहित आला अधिकारियों की तैनाती कर सीमांकन करने की सूचना पर हजारों की संख्या में एकत्रित हुए ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। जिसके बाद सरगुजा कलेक्टर व एसपी ग्रामीणों को समझाने पहुंचे, लेकिन बात नहीं बनी तो आला अधिकारियों को वापस लौटना पड़ा था।
जिले के 49 हजार से अधिक किसानों के खाते में 39.55 करोड़ अंतरित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 26 मार्च। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शनिवार को वर्चुअल माध्यम से जिले के 7 विकासखण्ड के 14 रीपा केन्द्रों का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर राजीव गांधी किसान न्याय योजना अंतर्गत 4 किश्त की राशि जिले के 49 हजार 701 किसानों के खाते में 39 करोड़ 55 लाख, गोधन न्याय योजना के तहत गोबर विक्रेताओं के खाते में में 8 लाख 54 हजार 558 रुपये अंतरित किया गया। इसके साथ ही राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना का नगरीय क्षेत्रों में विस्तार, छत्तीसगढ़ बेरोजगारी भत्ता वेब पोर्टल तथा सामाजिक-आर्थिक सर्वेक्षण वेब पोर्टल का लांच किया गया। लुण्ड्रा विकासखंड के बटवाही गोठान में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा रीपा का फीता काटकर उद्घाटन किया गया।
सीजीएमएससी के अध्यक्ष एवं लुण्ड्रा विधायक डॉ.प्रीतम राम ने कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा विधानसभा मे समर्थन मूल्य में धान खरीदी 20 क्विंटल करने की घोषणा से जिले के किसान खुश हैं। गोठान में रीपा शुरू होने से समूह की महिलाओं के साथ ही युवाओं को स्वरोजगार स्थापित करने का अवसर मिलेगा। स्वरोजगार स्थापित करने में प्रशासन द्वारा आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री ने लोगां की आवश्यकता और मांग को देखते हुए कई घोषणाएं की और वे पूरे भी हो रहे हैं। बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति बीके उपाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल ने कहा कि रीपा से ग्रामीण क्षेत्र से शहरी क्षेत्र में पलायन रुकेगी तथा शहरों में रोजगार का दबाव भी कम होगा।
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि प्रथम चरण में जिले के सभी 7 विकासखण्ड में 2 के मान से 14 रीपा की शुरुआत की गई है। रीपा की संख्या धीरे-धीरे बढ़ाई जाएगी। इससे ग्रामीण उद्यमिता को बढावा मिलेगा। समूह की महिलाओं के अतिरिक्त कोई भी निजी व्यक्ति रीपा में उद्यम स्थापित कर सकता है।
इस अवसर पर मदरसा बोर्ड के उपाध्यक्ष इरफान सिद्दीकी, तेल घानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, कृषक कल्याण परिषद के सदस्य संजय गुप्ता,जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह,पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ विश्वदीप, डीएफओ पंकज कमल, जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता, पार्षद द्वितेंद्र मिश्रा, दीपक मिश्रा, दुर्गेश गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा ग्रामीण उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मार्च। प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत एक दिवसीय सरगुजा दौरे पर पहुंचे। इस दौरान चैत्र नवरात्र के अवसर पर अंबिकापुर के माँ महामाया मंदिर पहुँचकर पूजा अर्चना की और प्रदेशवासियों के लिए सुख समृद्धि की कामना की है।
इधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद से सदस्यता रद्द होने के बाद से प्रतिक्रियाओं का दौर शुरू हो गया है। इसको लेकर प्रदेश के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। हिंदुस्तान की राजनीति में इस तरह के कृत्य का कोई स्थान नहीं है। महात्मा गांधी के देश में सभी जाति धर्म के लोगों को जिस तरह का समान अवसर दिया गया है। विपक्ष को बोलने का भी अधिकार है।
अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता है। ऐसे में महात्मा गांधी के सोच के विपरीत जो काम करेगा उसका राजनीति में कोई स्थान नहीं है, उसे देश कभी माफ नहीं करेगा। महामाया मंदिर में खाद्य मंत्री के साथ अंबिकापुर नगर निगम के पार्षद दीपक मिश्रा सहित उनके सैकड़ों समर्थक मौजूद थे।
कहा- मोदी सरकार के दमनकारी नीतियों के विरुद्ध कांग्रेस अब निरंतर प्रदर्शन करेगी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मार्च। राहुल गांधी के संसद सदस्यता को षड्यंत्र पूर्वक समाप्त कराने के विरोध में आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आवाह्न पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के द्वारा गांधी चौक पर गांधी प्रतिमा के सामने संकल्प सत्याग्रह किया गया।
7 फरवरी को संसद में राष्ट्रपति के अभिषाषण के धन्यवाद प्रस्ताव पर बोलते हुए राहुल गांधी ने मुखरता के साथ अदानी के मोदी शासनकाल में 609 वें नंबर से दूसरे नंबर के अमीर बनने का सवाल उठाया था। अपने भाषण में राहुल गांधी ने वो सारे मौके गिनाये जबकि मोदी सरकार ने अदानी को मदद दी थी। बजट सत्र के प्रारंभ से ही इन सवालों से बचने के लिये तरह-तरह के अलोकतांत्रिक तरीकों का इस्तेमाल मोदी सरकार कर रही थी। सरकारी पक्ष के सांसद लगातार राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता को रद्ध करने की न केवल मांग कर रहे थे बल्कि इस दिशा में कार्यवाही भी किया जा रहा था। अंतत: सूरत कोर्ट के फैसले के बाद आनन-फानन में राहुल गांधी की संसद सदस्यता को समाप्त करा दिया गया।
बजट सत्र के दूसरे चरण में सरकार का प्रयास रहा कि संसद को बाधित कर राहुल गांधी को बोलने से रोका जाये ताकि वे अदानी और सरकार की मिलीभगत पर सवाल न उठा पायें। पार्टी यह मानती है कि इसी प्रयास में एक दुष्चक्र को तैयार पर पूरे योजना के साथ राहुल गांधी की संसद सदस्यता समाप्त करायी गयी है।
संसद सदस्यता समाप्त होने के बाद राहुल गांधी ने एक प्रेस सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा है कि मेरी आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है लेकिन मै चुप नहीं रहूॅंगा। इसी दुष्चक्र जिसके माध्यम से षड्यंत्र करते हुए राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त की गयी के विरुद्ध आज पूरे देश में कांग्रेस संकल्प सत्याग्रह कर रही है। आज सरगुजा जिला मुख्यालय सहित ब्लॉक मुख्यालय एवं विधानसभा स्तर पर भी संकल्प सत्याग्रह किया गया। जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी 11 बजे से काली पट्टी लगाकर प्रदर्शन किये।
मोदी सरकार के दमनकारी नितियों के विरुद्ध कांग्रेस अब निरंतर प्रदर्शन करने की निति पर काम कर रही है। इस विषय में कांग्रेस जिला अध्यक्षों की एक महत्वपूर्ण बैठक प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सोमवार को रायपुर में आहूत की है।
आज के संकल्प सत्याग्रह में लुंड्रा विधायक डॉ. प्रीतम राम,बालकृष्ण पाठक,अजय अग्रवाल,जे.पी. श्रीवास्तव, द्वितेन्द्र मिश्रा,राकेश गुप्ता, डॉ. अजय तिर्की, मधु सिंह,रीता द्विक्षित, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, युनुस खान, सीमा सोनी, मो. इस्लाम, अनिल सिंह कर्नल, दुर्गेश गुप्ता, सैयद अख्तर हुसैन, मदन जायसवाल, इंद्रजीत धंजल, शैलेश सोनी, प्रमोद चौधरी, सतीश बारी, रुही गजाला, गीता प्रजापति, गीता श्रीवास्तव, गीता रजक,शकीला सिद्धकी, चित्रा मिश्रा, निर्मला कहरी, सत्येन्द्र तिवारी, चुनमुन तिवारी, अनूप मेहता, नरेन्द्र विश्वकर्मा, निकी खान, अनील सिंह, निखिल विश्वकर्मा, अमित तिवारी राजा, हिमांशु जायसवाल, शुभम जायसवाल, मिथुन सिंह, दिलिप धर, अविनाश कुमार, सपना सिन्हा, संजय सिंह, बाबू सोनी, रामू घोष, राहुल नाक्स, राजीव लोचन पाठक, अलि सोहेल, अशोक अग्रवाल, रेणुका पाठक, विकास शर्मा, प्रभा सिंह, कमलेश्वरी सिंह, सुजाता सिंह, बालमदीना एक्का सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद थे।
मामला विद्युत वितरण कंपनी सरगुजा संभाग में ऑपरेटरों को दिए जाने वाले ईपीएफ राशि का,पौने दो करोड़ की हुई है गड़बड़ी
अफसरों पर कार्रवाई एवं ऑपरेटरों को राशि दिलाने पार्षद ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 मार्च। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी सरगुजा संभाग में प्लेसमेंट पर ऑपरेटरों की नियुक्ति के बाद इन कर्मचारियों का ईपीएफ भुगतान न किए जाने के मामले में जांच रिपोर्ट आने के बाद भी अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि जांच रिपोर्ट का बड़े अफसर अवलोकन कर रहे हैं, कुछ दिनों में कार्रवाई संभव है।
इधर, ईपीएफ में अनियमितता को लेकर अंबिकापुर नगर निगम के पार्षद आलोक दुबे ने भी विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों पर कार्रवाई को लेकर एवं ऑपरेटरों को ईपीएफ राशि दिलाए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया है।
आरोप है कि ऑपरेटरों को दिए जाने वाले ईपीएफ राशि में लगभग पौने दो करोड़ की अनियमितता हुई है। गौरतलब है कि इसकी शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय में की गई थी। प्रधानमंत्री कार्यालय से जांच के लिए पत्र छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी में भेजा गया। एक टीम गठित कर जांच कराई गई है। जांच रिपोर्ट भी विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य कार्यालय में पहुंच चुकी है, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पौने दो करोड़ के इस अनियमितता में प्लेसमेंट एजेंसी के संचालक व अधिकारियों, कर्मचारियों की मिलीभगत का मामला भी सामने आ रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच रिपोर्ट के बाद जल्द ही बड़ी कार्रवाई के संकेत दिये हैं।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा संभाग के विद्युत वितरण कंपनी में 150 ऑपरेटरों को कार्य पर रखने का आदेश अंबिकापुर के ही एक प्लेसमेंट कंपनी को जारी हुआ था। ग्यारह अगस्त 2020 को ऑपरेटरों को रखने का आदेश मुख्य अभियंता के कार्यालय से जारी हुआ। इन कर्मचारियों का ईपीएफ व ईआइसी भुगतान नहीं किया गया। हर माह के मानदेय में भी निर्धारित राशि नहीं दी जा रही थी।
अंबिकापुर शिकारी रोड निवासी विकासदीप जायसवाल नामक एक ऑपरेटर ने इसकी शिकायत यहां के उच्च अधिकारियों से की थी, पर किसी तरह की कार्रवाई न होने पर प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत कर दी। प्रधानमंत्री कार्यालय से जांच के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कार्यालय को पत्र भेजा गया।
पत्र आने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अध्यक्ष ने भी जांच के आदेश दिए। इसके लिए राजधानी रायपुर से ही अधिकारियों की एक टीम गठित की गई। टीम ने पूरे मामले की जांच की है।
प्रथम दृष्टया यह बताया जा रहा है कि प्लेसमेंट कंपनी के संचालक को विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों द्वारा भुगतान दिया जाता रहा है। प्लेसमेंट कंपनी के संचालक के द्वारा फर्जी दस्तावेज व चालान लगा दिया जाता था, जबकि ऑपरेटरों को ईपीएफ भुगतान नहीं किया जाता था।
शिकायत में ऑपरेटर विकासदीप जायसवाल ने यह भी अवगत कराया था कि बिल पारित करने वाले विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी व अन्य कर्मचारी इसमें शामिल हैं। विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी, कर्मचारियों के साथ प्लेसमेंट एजेंसी के संचालक की सांठगांठ से दो साल का ईपीएफ भुगतान नहीं किया गया। यह लगभग पौने दो करोड़ की राशि है। मामले की जांच शुरू हुई तो सरगुजा संभाग के कार्यालय में हडक़ंप मच गया है।
शिकायत में कहा गया है कि मनमाना बिल अधिकारियों ने पारित किया है। प्लेसमेंट में बतौर ऑपरेटर 150 कर्मचारियों की नियुक्ति हुई थी, जिसमें बमुश्किल 100 कर्मचारी ही नियमित काम करते थे। प्रति माह 10 हजार मानदेय दिया जाना था, किंतु कुछ लोगों को मानदेय की राशि भी कम मिली है और ईपीएफ तो मिला ही नहीं।
25 लाख की और हुई है गड़बड़ी
ऑपरेटरों के साथ आउटसोर्सिंग में विभिन्न कार्यालयों में करीब 25 कार्यालय सहायक(भृत्य) भी रखे गए थे। इसे किसी अन्य प्लेसमेंट कंपनी के माध्यम से रखा गया था। यह कंपनी भी अंबिकापुर की ही थी। इसी अवधि में इन कार्यालय सहायकों को भी ईपीएफ की राशि नहीं मिली। इसमें भी लगभग 25 लाख की गड़बड़ी बताई जा रही है। इसकी भी जांच की गई है।
इन दोनों मामलों की शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय के साथ कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ग्वालियर व मुख्य अभियंता अंबिकापुर से की गई थी। स्थानीय स्तर पर किसी तरह की जांच नहीं हुई, पर पीएमओ से जांच के लिए पत्र छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी रायपुर को पहुंचा, जहां से रायपुर महाप्रबंधक कार्यालय एचआर से जांच के लिए यहां पत्र पहुंचा और टीम गठित की गई। यहां की टीम ने मामले की जांच की है। पूरी रिपोर्ट राजधानी रायपुर भेज दी गई है। स्थानीय अधिकारी इस मामले को लेकर कुछ भी बताने से कतरा रहे हैं।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 मार्च। आज पूरे जिले से पहले चरण के इमर्जिंग गेंदबाज की खोज के लिए गेंदबाज अंबिकापुर के एनवीएम क्रिकेट क्लब में ट्रायल देने के लिए आये।
पहले चरण से कुछ गेंदबाजों को चुना गया है, ऐसे 3 चरण के और भी आयोजन बाकि होना है जिससे जिले से एक भी बच्चा छूट न सके और अपना टैलेंट दिखा सके। छत्तीसगढ़ में ऐसी पहल पहली बार हो रही है, जिससे सम्पूर्ण जिले से शानदार गेंदबाज खोज कर उनको बेहतर गेंदबाज बनाया जा सके।
वेट्रन्स क्रिकेट के अध्यक्ष आशुतोष प्रजापति की यह पहल जिले से गरीब ट्रायवल बच्चों को आगे लाना है जो पैसे के अभाव, सुविधाओं के कारण खेल नहीं पाते उनको आगे लाया जाये और एक बेहतर गेंदबाज खोज कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाये।
इस आयोजन को देखने माँ महामाया समिति के क्रिकेट सदस्य आशीष सिंह, आलोक सिंह, संजय गुप्ता, सूरज तिवारी, विशाल मिंज, राहुल सिंह, विनोद रजक, सिंटू, शुभम शामिल रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 मार्च। सेवा भारती मातृछाया नवापारा अंबिकापुर में 13 बच्चे-बच्चियां वर्तमान में पल रहे हैं, जिसमें एक बच्चा आज इटली के दम्पत्ति को विधि-विधान से शहर के प्रभुत्वजनों के समक्ष बहनों द्वारा गोद भराई का कार्यक्रम संपन्न कराया।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल ने अध्यक्षीय उद्बोधन में सभी आये मेहमानों को बधाई दी एवं संस्था में पल रहे उस बच्चे को सराहा कि परमात्मा सबके भाग्य को लिखता है, आज बालक उदय का भाग्य उदय हो कर अच्छे परिवार में इटली जा रहा है। इसके पूर्व संस्था से 72 बच्चे गोद में दिए जा चुके हैं, जिसमें 9 बच्चे विदेश गए है, यूएसए 3 - इटली 4 - स्पेन 1 - माल्टा 1 सेवा भारती मातृछाया के संरक्षक आई बी तिवारी ने इटली दम्पत्ति के शब्दों को ट्रांसलेट कर सभी को अवगत कराया।
उपस्थित मुख्य अतिथि अजय गुप्ता, श्री निवास केडिया संस्था के उपाध्यक्ष किरण अग्रवाल, सचिव वीरेंद्र त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष सतपाल अरोरा,ओमप्रकाश केडिया, सरिता भाटिया, रश्मि गुप्ता, सुरेंद्र अग्रवाल कन्या छात्रावास की अध्यक्ष ज्योति द्विवेदी, सचिव मधु शर्मा, कोषाध्यक्ष, प्रगति गुप्ता, नगर सह संघचालक अभय पालोरकर,विभाग कारवा गोरांगो,लीला बंसल एवं सदस्य अलका मिश्रा , रितु सिंह एवं समस्त कर्मचारी केयर टेकर छात्रावास अधीक्षक मेनका पैकरा एवं समन्वयक सुमेश्वर सिंह एवं संस्था के समस्त बच्चे एवं शहर के सम्मानीय जनों की गरिमामय उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न किया गया।
मातृ छाया के अध्यक्ष कृष्ण कुमार अग्रवाल द्वारा सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। संरक्षक द्वारा इस शुभ अवसर पर अपना आशीर्वचन के रूप में संक्षिप्त उद्बोधन देकर सबको शुभकामनाएं दिया। कार्यक्रम का संचालन समन्वयक सुमेश्वर सिंह द्वारा किया गया एवं अंत में श्री प्रजापति द्वारा सबको आभार प्रदर्शन कर बधाई दी गई।
अम्बिकापुर, 25 मार्च।अम्बिकापुर जनपद के ग्राम पंचायत बांकीपुर में गुरुवार को विकासखंड स्तरीय समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत बांकीपुर और आसपास के ग्रामवासी शामिल हुए। राजस्व विभाग के द्वारा 19 किसानों को ऋण पुस्तिका, बी-1 व खसरा नि:शुल्क प्रदान किया गया। उद्यानिकी विभाग के द्वारा फलदार बीजों का वितरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के द्वारा शिविर के माध्यम से 30 आयुष्मान कार्ड वितरित किया गया। शिविर में कुल 119 मरीजों का स्वास्थ्य जांच किया गया।
शिविर में ग्रामीणों के द्वारा विभिन्न मांगों एवं समस्या से संबंधित लगभग 67 आवेदन दिया गया। प्राप्त आवेदनों में से 46 का मौके पर ही निराकरण किया गया जिससे ग्रामीणों को तत्काल राहत मिली।
ज्ञातव्य है कि कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार लोगों की समस्याओं का समाधान उनके गांव में ही करने के लिए समाधान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसके साथ ही विभागीय अधिकारियों के द्वारा विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है।
शिविर में एसडीएम डीएस उईके, तहसीलदार भूषण सिंह मण्डावी, एमआइसी सदस्य द्वितेन्द्र मिश्रा, बीडीसी, सरपंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
अंबिकापुर, 25 मार्च। महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) का मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य स्तरीय वर्चुवल उद्घाटन किया।
दरसअल, ग्रामीण क्षेत्रों के ग्रामीणों के विकास के लिए छत्तीसगढ़ सरकार नए नये योजना लागू कर रही। इसी कड़ी में आज सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड के कुंवरपुर और पूहपुट्रा में महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम रखा गया था, जिसमें अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस सदस्य विक्रमादित्य सिंह देव, जनपद अध्यक्ष मोनिका सिंह पैकरा, जनपद उपाध्यक्ष अमित सिंह देव, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती अर्पिता सिंहदेव कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष कृपाशंकर गुप्ता, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शैलेंद्र गुप्ता, शराफत अली, रमेश जायसवाल, गप्पू खान ,मुकेश सिंह, ठेकेदार महेश नायर, एसडीएम शिवानी जयसवाल, तहसीलदार गरिमा ठाकुर, नायब तहसीलदार प्रांजल गोयल, मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश पांडे, एसडीओ दिलीप मिंज,कार्यक्रम अधिकारी अभिषेक मिंज, पंचायत इंस्पेक्टर अनिल वर्मा, मंडल संयोजक अरविंद गुप्ता, सहित बिहान योजना के अधिकारी समस्त विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।
बिहान योजना के कार्यरत महिलाओं के द्वारा अतिथियों को फूल माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया साथ ही। अतिथियों द्वारा महात्मा गांधी के मूर्ति का अनावरण करते हुए पुष्प अर्पित कर नमन किया गया। तत्पश्चात छत्तीसगढ़ के सरगांव से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा वर्चुअल के माध्यम से महात्मा गांधी ग्रामीण औद्योगिक पार्क (रीपा) का वर्चुअल उद्घाटन किया गया।
गौरतलब है कि रीपा का वर्चुअल उद्घाटन सुबह 11.30 बजे होना था, परंतु मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के दिल्ली चले जाने के कारण शाम लगभग 5 बजे रीपा का वर्चुअल उद्घाटन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा बिलासपुर संभाग के सरगांव से किया गया।
मीडिया से चर्चा के दौरान रीपा में कार्यरत समूह की महिलाओं ने भूपेश बघेल से अपील की है कि उनके द्वारा उत्पाद किए जा रहे हैं बोरे को सोसाइटी में विक्रय किया जाए जिससे महिलाओं को अत्यधिक लाभ मिल सके आर्थिक रुप से महिलाए और मजबूत हो सके।
प्रगति महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष अनीता ने कहा कि समूह की 10 महिलाएं द्वारा बोरा निर्माण कार्य किया जाता हैं। समूह की महिलाओं के घर के छोटे कमरे में एक मशीन से बोरे का कार्य किया जाता जिससे महिलाओ को काफी परेशानियां होती थी मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा रिपा योजना के तहत सेड निर्माणकर 15 मशीनें उपलब्ध कराई गई है।
समूह की महिलाओ को काफी काम करने में आसानी हो रही है और आर्थिक रूप से मजबूत हो रही है साथ ही उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं हमसे जुड़ कर काम कर सकते हैं। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से अपील हुए समूह की महिलाओं ने कहा कि उनके द्वारा रीपा में उत्पाद किए जा रहे बोरे को सोसाइटी में क्रय किया जाए जिससे महिलाओं को अत्यधिक लाभ मिल सके। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाएं और आर्थिक रूप से मजबूत हो सके।
जिला पंचायत सदस्य अर्पिता सिंह देव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के द्वारा वर्चुअल के माध्यम से महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क का उद्घाटन किया गया। गौठान में लघु उद्योग स्थापित होने से महिलाओ और युवाओं के रोजगार के अवसर हैं। ग्रामीण क्षेत्र के महिलाओं तथा युवा को आर्थिक रूप से सशक्त होंगे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मार्च। आज सीएमओ ऑफिस अंबिकापुर में राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम (एनटीईपी) छत्तीसगढ़ पिरामल स्वास्थ्य सरगुजा द्वारा विश्व क्षय दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.एस.सिसोदिया और जिला क्षय अधिकारी ने सिग्नेचर कैंपेन बोर्ड पर अपना हस्ताक्षर कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र कुमार तिवारी के द्वारा पदाधिकारियों से सिग्नेचर कैंपेन बोर्ड पर हस्ताक्षर कराए गए। साथ ही बतौली विकासखंड के बीएमओ डॉ.संतोष सिंह व सभी कर्मचारी ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया। पिरामल स्वास्थ्य के जिला कार्यक्रम समन्वयक सरस्वती विश्वकर्मा द्वारा टी.बी. के संदेश देते हुए यह बताया गया कि क्षय रोग से संबंधित व्यक्ति को किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वह अपनी नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र या जिला चिकित्सालय में जाकर अपना व लोगो की सहायता कर सकते हैं।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. शैलेन्द्र गुप्ता के द्वारा विश्व क्षय दिवस के अवसर पर टी.बी. से जुड़ी विभिन्न प्रकार की जानकारियों को साझा किया गया। साथ ही देश और अपने शहर को टीबी मुफ्त बनाने के लिए उन्होंने बोला कि हम अपने काम को अपनी आजीविका का साधन ना समझें बल्कि सामाजिक और व्यक्तिगत रूप से अपनी जिम्मेदारी समझकर करें, तो हम अपने कार्य को बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि सरगुजा में टीबी के एक्टिव मरीज जो है वो 10 है , जिसमें एक मरीज लगभग 10 से 20 व्यक्ति को संक्रमित कर सकता है। 24 मार्च विश्व क्षय दिवस का जो दिन है ये हम सबके लिए उत्साह का दिन है, जिसे हम सब दीपावली त्योहार के जैसे हर साल मनाते हैं। व अलग-अलग कार्यक्रम कर समाज में जन-जागरूकता अभियान चलाने का संदेश देते हैं।
क्षय अधिकारी द्वारा सभी कर्मचारियों को सपथ ग्रहण कराया गया। जिसमें पिरामल स्वास्थ्य के जिला कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि यह एक जेनेटिक बीमारी नहीं है। टीबी का बैक्टीरिया तब संक्रमित करता है जब शरीर में इम्युनिटी कम होती है। इसलिए खानपान में पोषक तत्वों की कमी न होने दें। टीबी किसी भी इंसान को हो सकता है खानपान में हाई प्रोटीन, न्यूट्रीशियन डाइट और एक्सरसाइज से इम्युनिटी बढ़ाकर इसका खतरा कम कर सकते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी ने अपनी उपस्थिति सुनिश्चित किया।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 24 मार्च। चैत्र माह में होने वाले चैती छठ के लिए घुनघुट्टा नदी तट पर तैयारियां शुरू हो गई है। श्याम घुनघुट्टा सेवा समिति के संरक्षक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश गुप्ता,समिति के अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता आयोजन की तैयारियों में जुटे है।
पहली बार घुनघुट्टा नदी तट पर चैती छठ के लिए बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही है। घाट की साफ सफाई के साथ सजावट का काम किया जा रहा है। तैयारियों में नारद गुप्ता, प्रेम कुशवाहा, मनीष कश्यप सहित समिति के सदस्य सक्रिय हैं।
लोक आस्था का महापर्व चैती छठ की शुरुआत नहाय खाये के साथ 25 मार्च से शुरू हो रहा है, 25 मार्च को भरणी नक्षत्र में नहाय-खाय के साथ चैती छठ महापर्व शुरू होगा, उस दिन व्रती गंगा स्नान कर अरवा चावल, चना दाल, कद्दू की सब्जी, आंवले की चाशनी आदि ग्रहण कर चार दिवसीय इस महापर्व का संकल्प लेंगे।
26 मार्च रविवार को कृत्तिका नक्षत्र और प्रीति योग में व्रती पूरे दिन उपवास कर संध्या काल में खरना की पूजा के बाद प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसी के साथ व्रतियों का 36 घंटे निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा, 27 मार्च को अस्ताचलगामी सूर्य को अघ्र्य दिया जाएगा और 28 मार्य को उदयमान सूर्य को अघ्र्य अर्पित कर पारण किया जाएगा।
27 मार्च को शाम के अघ्र्य के लिए 5.30 बजे व 28 मार्च को सुबह के अघ्र्य के लिए 5.55 बजे का मुहूर्त है।
साइबर क्राइम के मामलों के निराकरण एवं विवेचना मे मिलेगी मदद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मार्च। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार सरगुजाएवं बिलासपुर रेंज के पुलिस अधिकारियों कर्मचारियों के लिए 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर साइबर क्राइम के मामलों में बेहतर विवेचना एविडेंस कलेक्शन एवं तकनिकी जानकारियों के बारिकी गुणों से अवगत कराया गया, साथ ही प्रशिक्षण सत्र के दौरान साइबर क्राइम के बढ़ते हुए प्रभाव को कम करने एवं आमनागरिकों को जागरूकता के माध्यम से साइबर क्राइम की घटनाओं को रोकने प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया था।
साईं बाबा आदर्श महाविद्यालय के सभाकक्ष मे समापन समारोह आयोजित कर सरगुजा रेंज एवं बिलासपुर रेंज से आए पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों की ट्रेनिंग पश्चात प्रशिक्षण प्रमाण पत्र एवं नेशनल पुलिस एकेडमी से आए प्रशिक्षकों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया एवं वर्तमान समय में साइबर क्राइम की बेसिक एवं एडवांस लेवल की महत्वपूर्ण जानकारी प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान की गई।
समापन समारोह के दौरान सरगुजा के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर क्राइम तकनिकी उपकरण पर आधारित क्राइम हैं, इसके माध्यम से आमनागरिकों को आर्थिक एवं मानसिक नुकसान होता हैं,वर्तमान में घटित गंभीर मामलो मे कही न कही इलेक्ट्रॉनिक उपकरण का उपयोग किया जाता हैं, इन क्राइम को डिटेक्ट करने एवं इनका निवारण करने के लिए हमें अपडेट होने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी ज्ञान बढ़ेगी साथ ही डार्क वेब जैसे मामलो के रोकथाम कैसे की जाय एवं इसके लिए क्या आवश्यक कदम उठाये जाए, इसके बारे में आप सभी जागरूक होकर आमनागरिकों को जागरूक करने का प्रयास करें, ये प्रशिक्षण आप सबके साथ साथ पूरे जिले एवं राज्य के लिए लाभदायक साबित होगा।
समापन समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक सरगुजा भावना गुप्ता ने कहा कि इंटरनेट नेटवर्क से कई एप्स हमारे प्राइवेट डाटा ले कर कई प्रकार से अनाधिकृत इस्तेमाल कर रहे हैं इसके कई मामले रोजाना सामने आ रहे हैं, हम किन सम्बंधित एजेंसी के माध्यम से आरोपी के सम्बन्ध मे डाटा प्राप्त कर सकते हैं इस पर विशेष ध्यान देना होगा, वर्तमान मे भ्रामक विज्ञापन की आड़ मे धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों पर सख्त कार्रवाई करने की आवश्यकता हैं, आरोपी जब भी कोई साइबर क्राइम करता हैं तो वाह कही ना कही कुछ डिजिटल फुटप्रिंट छोड़ता हैं उस पर तत्काल कार्यवाही किये जाने की अवश्यकता होती हैं, आपके इस प्रशिक्षण से एक पॉजिटिव इम्पैक्ट आएगा जिसका असर सीधा अपराध नियंत्रण मे किया जा सकेगा, अब इस प्रशिक्षण के माध्यम से हमारे अधिकारी कर्मचारी पहले से ज्यादा तकनिकी जानकारी से लैस होंगे जिससे हमें साइबर क्राइम के मामलो मे त्वरित सफलता प्राप्त होंगी।
कार्यक्रम के समापन मे सरगुजा पुलिस द्वारा पुलिस मुख्यालय छत्तीसगढ़ एवं नेशनल पुलिस एकेडमी का इस विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन का मौका सरगुजा पुलिस को प्रदान करने हेतु आभार प्रकट किया गया एवं साइबर अपराधों के निराकरण मे प्रशिक्षण कार्यशाला का महत्वपूर्ण योगदान होने की बात बताई गई।
लखनपुर, 24 मार्च। लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरा खुली खदान में 23 व 24 मार्च की दरमियानी रात अज्ञात लोगों ने सुरक्षा कर्मियों को बंधक बनाकर सब स्टेशन के शटर का ताला तोड़ लाखों रुपए की केबल तार की चोरी का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है।
कई वर्षों से एसईसीएल अमेरा खदान बंद पड़ा है। इस खदान में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात अमेरा खदान में सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे, तभी अज्ञात लोग वहां पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों व विद्युत विभाग के पदस्थ फोरमैन को बंधक बनाकर सब स्टेशन के शटर का ताला तोड़ लाखों रुपए के केबल तार की चोरी कर फरार हो गए।
घटना की सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई। लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुटी है। वहीं घटना के बाद से अमेरा खदान के कर्मचारियों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 मार्च। कसेरा जंगल की ओर से मवेशियों के साथ क्रूरता करते हुए पैदल हांकते हुए झारखण्ड बूचडख़ाना की ओर ले जा रहे 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 37 मवेशी मौक़े से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी वशिष्ठ यादव कसेरा ने थाना कमलेश्वरपुर आकर लिखित शिकायत दर्ज कराई कि घटना दिनांक 23 मार्च को दो अनजान व्यक्ति गाँव के कसेरा जंगल की ओर से मवेशियों के साथ क्रूरता करते हुए पैदल हांकते हुए झारखण्ड बूचडख़ाना की ओर ले जा रहे हैं।
थाना प्रभारी कमलेश्वरपुर निरीक्षक विजय प्रताप सिंह एवं पुलिस टीम द्वारा मौक़े पर रवाना होकर त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने पर अपना नाम मानसाय चौधरी एवं शंखलाल बैगा महेशपुर लटोरी का होना बताये जो मवेशियों के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर मविशियों का क्रय विक्रय करते हुए पैदल हाकते हुए झारखण्ड बुचडख़ाना ले जाना बताया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।