छत्तीसगढ़ » महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 14 फरवरी। कांग्रेस के जनघोषणा पत्र में उल्लेखित विभिन्न वादों को पूरा करने की मांग को लेकर टीचर्स एसोसिएशन ने संसदीय सचिव से मिलकर ज्ञापन सौंपा।
टीचर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शनिवार को संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चंद्राकर से मुलाकात की। इस दौरान एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने क्रमोन्नति, पदोन्नति, वेतन विसंगति, पुरानी पेंशन बहाली, अनुकम्पा नियुक्ति, लंबित महंगाई भत्ता मांगों के त्वरित निराकरण की मांग की।
इस दौरान छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन जिला इकाई महासमुन्द के जिलाध्यक्ष नारायण चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश साहूए प्रांतीय महासचिव शोभा सिंहदेवए प्रांतीय महिला प्रकोष्ठ अर्चना तिवारीए जिला सचिव नंदकुमार साहूए जिला मीडिया प्रभारी प्रदीप वर्माए ब्लॉक सचिव लक्ष्मणदास मानिकपुरी मौजूद थे।
एसोसिएशन की मांगों पर विधायक ने प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व को अवगत कराने की बात कही।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 14 फरवरी। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना में से एक नगरीय क्षेत्रों के शासकीय भूमि में अतिक्रामकों को शासकीय भूखण्ड का भू स्वामी हक में व्यवस्थापन, बंटन, विलेख का वितरण किया जा रहा है।
राज्य शासन द्वारा नगरीय क्षेत्रों में 7500 वर्ग फीट तक की शासकीय भूमि का आबंटन तथा अतिक्रमित 7500 वर्ग फीट तक की शासकीय भूमि के व्यवस्थापन का अधिकार जिला कलेक्टर को प्रदान किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. रवि मित्तल, अपर कलेक्टर जोगेन्द्र कुमार नायक, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सुनील कुमार चन्द्रवंशी सहित अन्य विभाग के अधिकारी एवं हितग्राहीगण उपस्थित थे।
शनिवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में संक्षिप्त कार्यक्रम आयोजित कर संसदीय सचिव एवं महासमुन्द विधायक विनोद चन्द्राकर तथा कलेक्टर डोमन सिंह ने राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत नगरीय क्षेत्रों में शासकीय भू-खण्ड का भूमि स्वामी हक में व्यवस्थापन, बंटन, विलेख का प्रमाण पत्र दो हितग्राहियों को सौंपा। इनमें महासमुन्द निवासी सुरेन्द्र जायसवाल एवं रविन्द्र जैन शामिल है। सुरेन्द्र जायसवाल ने शासन के नए प्रावधानों का लाभ लेते हुए अपने द्वारा किये अतिक्रमण को नियमितीकरण करने के लिए 4 लाख 38 हजार, 679 रुपए एवं रविन्द्र जैन ने 2 लाख, 19 हजार 123 रुपए चालान के माध्यम से जमा कर अपने भूस्वामित्व अधिकार प्राप्त किया है। इसके अलावा जिला मुख्यालय के शासकीय भूमि के अतिक्रामकों आशा दत्ता, कीर्ति मिश्रा, राकेश जैन, धरम भार्गव को भी शीघ्र भूमि स्वामी हक का अभिलेख प्रदाय किया जाएगा।
इस अवसर पर संसदीय सचिव एवं विधायक महासमुन्द विनोद चन्द्राकर ने कहा कि राज्य शासन की यह प्रदेश एवं देश में अनूठी योजना है। सरकार की सोच है कि यदि कोई व्यक्ति नगरीय क्षेत्र में स्थित अतिक्रमित शासकीय भूमि के व्यवस्थापन के समय राज्य शासन से भूमि स्वामी हक में भूमि प्राप्त करना चाहता है तो भूमि आबंटन के समय संबंधित व्यक्ति को निर्धारित गाइड लाइन अनुसार राशि जमा कर अतिक्रमण भूमि के विस्थापन योजना का लाभ निर्धारित कीमत पर उठा सकते हैं। इसके लिए अन्य लोगों को भी आगे आने की जरूरत है। आज जिन लोगों को यह प्रमाण पत्र दिया जा रहा हैं। वे अन्य लोगों को भी प्रेरित करें ताकि वे लोग भी इस योजना का लाभ अधिक से अधिक उठा सकें।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। शुक्रवार की शाम एक कार चालक ने लापरवाही पूर्वक कार चलाते हुए तीन लोगों की जान ले ली। बताया जा रहा है कि कार झलप की ओर से आ रहा थी।
इसी दौरान झलप रायतुम चौक के पास लोगों ने देखा कि एक बाइक सवार को यह कार घसीटते हुए ला रही है। इसे देखकर सडक़ किनारे खड़ी एक वैन को ठोकर मारते हुए यहां मौजूद लोगों को रौंद दिया। इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। इस घटना में दो लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई थी और एक ने अस्पताल जाकर दम तोड़ा।
मृतकों का नाम केदार पिता हीरालाल सोनवानी 19 वर्ष जोरातराई, अर्जुन पिता समारू टांडे 38 वर्ष छिंदौली, ऐेस कुमार जोगी पिता पोखन जोगी 26 वर्ष है। इसके अलावा एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है जिसका नाम मोहन पिता नामदेव चौहान 28 वर्ष साकिन ग्राम टूरीडीह। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
महासमुन्द, 13 फरवरी। शहर की सडक़ें जल्द ही रोशनी से जगमगाएगी। इसके लिए काम शुरू कर दिया है। महासमुन्द नगर पालिका क्षेत्र में खरोरा जिला हॉस्पिटल से लेकर सितली नाला तक डिवाइडर पर विद्युत पोल लगाने का काम शुरू कर लिया गया है। 1.61 करोड़ की लागत से महासमुन्द के डिवाइडर पर कुल 201 बिजली पोल लगाया जाना है। वाई आकर के इस पोल में डिवाइडर के दोनों ओर लाइट लगाई जाएगी। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि डिवाइडर पर पोल लगाने के लिए बेस तैयार किया जा रहा है।
यह काम पूरा होते ही बेस पर पोल लगाने का काम शुरू कर लिया जाएगा।
महासमुन्द, 13 फरवरी। पुलिस अधीक्षक महासमुन्द प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिला पुलिस महासमुन्द द्वारा जिला मुख्यालय में शाम 7 बजे सिटी कोतवाली के सामने हाईस्कुल मैदान में ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
इस कार्यक्रम में महासमुन्द विधायक एवं संसदीय सचिव विनोद चन्द्राकर, द्वारिकाधीश यादव, देवेन्द्र बहादुर सिंह अध्यक्ष छ.ग. वन विकास निगम एवं विधायक बसना, किस्मत लाल नंद उपाध्यक्ष छ.ग. अनुसूचित जनजाति प्राधिकरण एवं विधायक सरायपाली, कलेक्टर महासमुन्द डोमन सिंह, पुलिस महानिदेशक छत्तीसगढ़ दुर्गेश माधव अवस्थी, पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज आनंद छाबड़ा, जिला पंचायत सीईओ डा. रवि मित्तल, उषा पटेल जिला पंचायत अध्यक्ष महासमुन्द, प्रकाश चन्द्राकर नगर पालिका अध्यक्ष महासमुन्द, डा. रश्मि चन्द्राकर जिला अध्यक्ष कांग्रेस सम्मिलित होंगे। इस दौरान कलाकार जाकिर हुसैन के द्वारा शहीदों के सम्मान में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया होगा। महासमुन्द शहर की आम जनता से इस गरिमामयी कार्यक्रम में शामिल होने की अपली एसपी ने की है।
इसी गांव के दूसरे घर में चोरी भी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम दरबेकेरा के एक घर में दिनदहाड़े चाकू की नोंक पर लूट और एक घर में चोरी का मामला सामने आया है। दोनों ही मामले में पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
कोमाखान पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार परसों गुरुवार की सुबह 8.30 बजे दरबेकेरा निवासी भानूराम और उसकी हराबाई ठाकुर काम पर गए थे। घर पर भानूराम की पत्नी गीता बाई अकेली थी। दोपहर 12.30 बजे के आसपास तीन नकाबपोश युवक घर में घुस गए। इनके हाथ में चाकू था और तीनों ने चाकू दिखाकर गीता को आवाज करने पर मार देने की धमकी दी। इनमें से दो युवकों ने गीता बाई को घर के बरामदे में चाकू दिखाकर घेरे रखा। वहीं तीसरा युवक कमरे के भीतर गया और आलमारी को तोडक़र भीतर रखी चाबी से लॉकर खोला और अंदर रखे 500-500 और 100-100 रुपए के नोट कुल 30 हजार रुपए निकाल लिए। रुपए निकालने के बाद तीनों युवक बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद महिला ने पड़ोसियों की मदद से पति को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे भानू ने घटना के बारे में जानकारी ली और कोमाखान थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोमाखान थाना प्रभारी सिद्धेश्वर प्रताप सिंह ने बताया कि अपराध दर्ज कर आरोपियों की खोजबीन शुरू कर दी गई है। गुरुवार को ही इसी गांव में एक और चोरी की घटना सामने आई है। चोरी के मामले में उक्त तीनों युवकों का ही हाथ हो सकता है।
दरबेकेरा गांव में लूट की घटना के दिन ही सूने मकान में चोरी का मामला सामने आया है। यहां मोहन नामक के व्यक्ति के घर में को कोई नहीं था। प्रार्थी ने बताया कि सुबह 10 बजे अपने घर में ताला बंद कर खेत गया था। दोपहर जब उसे गांव में भानू राम के घर लूट की जानकारी मिली तो वह घर पहुंचा। मोहन जब घर पहुंचा तो मेन गेट में लगा ताला गायब था। वहीं भीतर कमरे में आलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। मोहन ने जब लॉकर चेक किया तो उसमें से 5 नग सोने का लॉकेट, चांदी का पायल और 5 हजार नगदी रकम गायब थी। पुलिस ने प्रार्थी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। किसान आंदोलन को अपना समर्थन देते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकार, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महासमुन्द के अध्यक्ष ढेलु राम निषाद, शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष खिलावन बघेल, झलप-पटेवा ब्लॉक अध्यक्ष खिलावन साहू एवं ने संयुक्त रूप से बयान देते हुए कहा कि देश के विभिन्न प्रदेशों से दिल्ली बॉर्डर पर किसानों द्वारा तीन कृषि किनूनों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा जो अपना विरोध प्रदर्शन कर रहा है वह जायज है।
केंद्र की पूरी सरकार को उनकी बातों पर विचार कर इन 3 कृषि कानून को वापस लेना चाहिए। जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसानों के समर्थन के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सभी ब्लाकों में किसानों के द्वारा जो चक्का जाम किया गया उसमें भी कांग्रेसी जनों का प्रत्यक्ष रुप से समर्थन रहा। इस संदर्भ में सभी ब्लॉकों में कांग्रेस के प्रभारियों के द्वारा पहुंचकर अपनी बात रखी जा रही है।
डॉ रश्मि चंद्राकर ने कृषि बिल की खामियों को गिनाते हुए कहा कि इस काले कानून से कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों का भविष्य समाप्त हो जाएगी। इस काले कानून से अन्नदाता उद्योगपतियों एवं बड़े व्यापारियों के गुलाम हो जाएंगे। किसानों की कृषि भूमि उद्योगपतियों के पास गिरवी बंद कर रह जाएगी।
किसान अपनी बातों को लेकर न्यायालय का दरवाजा भी नहीं खटखटा पाएगा। उसकी आवाज पूंजी पतियों के सामने दबकर रह जाएगी और किसान केवल याचक बनकर रह जाएंगे। असीमित भंडारण से किसानों को उनकी उपज का सही मूल्य नहीं मिल पाएगा एवं कालाबाजारी बढ़ेगी जिससे केवल किसान ही नहीं आम नागरिकों को भी मुसीबतों का सामना करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि आगे भी किसानों को समर्थन जारी रहेगा। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ खड़ी है। उनके समर्थन में सभा भी आयोजित किया जाएगा और किसानों के हित की लड़ाई जारी रखी जाएगी।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। एंजाय ग्रुप की ओर से स्वच्छता अभियान के दूसरे चरण में ग्राम पंचायत उमरदा के आश्रित ग्राम पतेरापाली में स्वच्छता अभियान चलाया गया। यहां गांव में सफाई कर ग्रामीणों को इसके लिए जागरूक किया गया।
एंज्वॉय ग्रुप के सदस्यों ने पूरे गांव की गलियों में भ्रमण कर लोगों को स्वच्छ भारत मिशन अभियान में हिस्सा लेने जागरूक किया। इस दौरान नुरेन्द्र चन्द्राकर एवं जनपद सदस्य प्रतिनिधि व समाज सेवी लोकेश चन्द्राकर ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने एक छोटा सा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साफ.-सफाई ईश्वर की भक्ति के बराबर है और इसलिए महात्मा गांधी ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने सम्बंधी शिक्षा दी थी और देश को एक उत्कृष्ट संदेश दिया था। इसीलिए महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के स्वप्न को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत अभियान शुरू किया।
इस अभियान का उद्देश्य पांच वर्ष में स्वच्छ भारत का लक्ष्य प्राप्त करना है, ताकि बापू की 150वीं जयंती को इस लक्ष्य की प्राप्ति के रूप में मनाया जा सके। स्वच्छ भारत अभियान सफाई करने की दिशा में प्रतिवर्ष 100 घंटे के श्रमदान के लिए लोगों को प्रेरित करता है। इस सफाई अभियान में ग्राम सरपंच प्रतिनिधि हेमन्त चन्द्राकर,अश्वनी सोनी, मयंक गुप्ता, हेमन्त लूनिया सहित एन्जॉय ग्रुप के बच्चे खुलकर इस अभियान को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
महासमुन्द, 13 फरवरी। शांतिकुंज हरिद्वार के संरक्षण एवं गायत्री परिवार महासमुन्द के मार्गदर्शन में वर्तमान विभीषिका के निराकरण तथा घर, परिवार एवं समाज में सुख, शांति स्थापित करने, बच्चों को संस्कारवान बनाने हेतु तीन दिवसीय, पांच कुंडीय गायत्री महायज्ञ का आयोजन ग्रामवासियों के सहयोग से 19, 20 व 21 फरवरी को गढ़ सिवनी में तथा 24, 25 व 26 फरवरी को लाफिन खुर्द में किया जा रहा है। जिसमें प्रथम दिवस ’हर हर गंगे हर हर गंगे योजना’ के तहत 24-24 घरों में गंगाजल एवं देव स्थापना होगी। शाम 4 से 6 बजे जल कलश यात्रा होगी। दूसरे दिन प्रात: 8 से 12 बजे गायत्री महायज्ञ, दोपहर 2 से 5 तक प्रज्ञा पुराण कथा एवं शाम को दीप यज्ञ होगा। तीसरे दिन प्रात: 8 से 12 बजे तक यज्ञ, विभन्न संस्कार, भोजन भंडारा एवम टोली बिदाई का क्रम रखा गया है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। जिले के दिव्यांगजनों ने एक गांव के तालाब को लीज पर लेकर मछली पालन का व्यवसाय शुरू किया और इस व्यवसाय से 70 हजार रुपए की आमदनी की।
ग्राम गड़बेड़ा की कुल आबादी तकरीबन 2100 है जिसमें से लगभग 10-12 दिव्यांगजनों का परिवार है। उन्हें राज्य शासन से प्राप्त दिव्यांग पेंशन राशि मिलती है उसी राशि और कुछ स्थानीय कामकाज से जैसे-तैसे परिवार का गुजर बसर हो रही है। समूह के अध्यक्ष दिव्यांग देवेन्द्र कोसरिया एवं सचिव पुष्कर मानिकपुरी ने एक समूह बनाकर उसका नाम प्रगति दिव्यांग स्वसहायता समूह रखा। समूह के सभी दिव्यांग समूह के सदस्यों ने पिथौरा के एक बैंक में संयुक्त बचत खाता खोला। जिसमें प्रत्येक माह निर्धारित रकम 50 रूपए प्रति सदस्य जमा किया जाने लगा। ग्राम पंचायत की बैठक में ग्राम में इस समूह के जीविकोपार्जन के लिए गांव का टप्पा तालाब 3 हजार रुपए लेकर वार्षिक लीज पर दिया। इस दिव्यांग समूह ने उक्त तालाब में 40 किलोग्राम मछली बीज 20 हजार रुपए का खरीदकर तालाब में डाला। वर्ष के अंत में उससे 70 हजार रुपए की आमदनी हुई।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। महासमुन्द शहर में सडक़, नाली सहित अन्य प्रकार के कुल 35 मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं। मरम्मत कार्य नहीं होने पर पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की है।
उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। शुक्रवार को नगर पालिका के लोक निर्माण विभाग, जल कार्य विभाग, स्वच्छता विभाग और राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन पालिका परिसर में किया गया था। पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर में 35 मरम्मत कार्य होने हैंए जो शुरू नहीं हो पाए हैं। अधिकारियों ने इसका कारण स्वीकृति नहीं होना बताया। इस पर पालिकाध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कोरोना काल में निर्माण कार्यों की गति अच्छी थी लेकिन अब इस दिशा में लेट लतीफी हो रही है जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने निर्माण कार्यों को तत्काल स्वीकृति के लिए शासन को भेजने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान उपाध्यक्ष एवं सभापति कृष्णा चंद्राकर, लोक निर्माण सभापति रिंकू चंद्राकर, संदीप घोष, मनीष शर्मा, बड़े मुन्ना, माधवी सिक्का, सीएमओ एके हलधर, दिलीप कश्यप, ईश्वरी साहू, विजय श्रीवास्तव सहित कर्मचारी उपस्थित थे।
लोक निर्माण विभाग के समीक्षा के पश्चात पालिकाध्यक्ष ने जल कार्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जल विभाग प्रमुख ने बताया कि 90 प्रतिशत पाइपलाइन विस्तारीकरण पूर्ण किया जा चुका है। हर हाल में महीने के अंत तक शेष 10 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी में पेयजल आपूर्ति के लिए पुख्ता इंतजाम करें। इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट के मरम्मत के लिए विद्युत उपकरण तथा टूल्स की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पालिका अध्यक्ष ने कहा 20 टैंकरों की मरम्मत करें और व्यक्ति गत मांग भी शुल्क लेकर पूरी करेंं।
कहा- शासन की मंशा कृषि एवं वन आधारित उद्योगों को अधिकाधिक प्रोत्साहित करने की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। वाणिज्य एवं उद्योग तथा जिला प्रभारी मंत्री कवासी लखमा महासमुन्द स्थित शंकराचार्य सांस्कृतिक भवन में जिला स्तरीय उद्यम समागम कार्यशाला में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि उद्योग लगाने में छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति के तहत् औद्योगिक निवेश प्रोत्साहन को बढ़ावा देने के लिए राज्य के सभी विकासखण्डों को औद्योगिक विकास एवं पिछड़ेपन की दृष्टि से चार श्रेणियों में वर्गीकृत किया है। इसके माध्यम से अनेक प्रकार के अनुदान एंव रियायतें औद्योगिक इकाईयों को दी जाती है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने पहली बार उद्योग नीति में सेवा क्षेत्र को शामिल किया है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा कृषि आधारित एवं वन आधारित उद्योगों को अधिकाधिक प्रोत्साहित करने की है। ऐसे उद्योगों के स्थापना से जिले में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही पर्यावरण हितैषी होने के कारण पर्यावरण को नुकसान नहीं पहुचेगा।
श्री लखमा ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों में स्थानीय मजदूरों को रोजगार देने की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि उद्योग नीति बनाने के लिए कई राज्यों की उद्योग नीति का लगभग एक साल मंथन करने के बाद पाया कि तेलंगाना की उद्योग नीति अच्छी है। काफी विचार विमर्श और उद्योगपति से गहन चर्चा और सहयोग से छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देश की सबसे अच्छी छत्तीसगढ़ की उद्योग नीति लागू की।
उन्होंने कहा कि उद्योग लगाने में व्यक्ति की आधी उम्र बीत जाती है। लेकिन अब ऐसा नहीं सिर्फ उद्योग विभाग में आवेदन करने पर अब किसी कठिनाईयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर देश के हर जिले में उ़द्यम समागम कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें आम नागरिक से लेकर वर्तमान और भविष्य के उद्योगपति आ रहे हैं, उन्हें मंच दिया जा रहा है। किस प्रकार छत्तीसगढ़ को आगे बढ़ाना है, युवाओं को रोजगार कैसे उपलब्ध कराना है, इन सभी मुद्दों पर विस्तार से बातचीत की जाती है। इस मौके पर बाद में मंत्री श्री लखमा ने 1335 हेक्टेयर क्षेत्रफल के सात लोगों को सामुदायिक वन संसाधन अधिकार मान्यता पत्र वितरण किया।
मंत्री ने कहा कि राज्य में सरकार की कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित की जा रही है। इसमें सबसे बड़ी योजना गोठान चला रहें हैं। जिसमें स्वसहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न कामों का प्रशिक्षण देकर उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत की जा रही है। उन्हें उन्हीं कामों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिससे उनका माल छत्तीसगढ़ में बिके। ये महिलाएं वर्मी कम्पोस्ट से लेकर अगरबत्ती, वाशिंग पाउडर, पोल फेंसिंग और सब्जी का उत्पादन कर अच्छा लाभ कमा रही है।
कार्यशाला को संसदीय सचिव एवं विधायक विनोद चन्द्राकर अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम एवं विधायक बसना देवेन्द्र बहादुर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल आदि ने भी सम्बोधित किया। कार्यशाला में कलेक्टर डोमन सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. रवि मित्तल सहित जिले के उद्योगपति सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। संयुक्त संचालक उद्योग संजय सिन्हा ने उद्योग प्रगति की जानकारी दी। अतिथियों का स्वागत जिला उद्योग के महाप्रबंधक ए.के. सिंह ने किया।
श्री लखमा ने जिला स्तरीय उद्यम समागम कार्यशाला में शामिल होने से पहले दो दिव्यांग युवतियों कुमारी कुन्ती धीवर और टेमिन को मोटराईज ट्राईसाईकिल सौंपी। यह ट्राईसाईकिल बैटरी चलित है। दोनों युवतियों ने हॉर्न बजाकर खुशी जताई।
चार बिहान समूह की महिलाओं को लगभग चार लाख रुपए का चेक और एक महिला समूह को पोल फेंसिंग वर्क ऑर्डर सौंपा। इसके साथ ही खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से हॉकी संघ महासमुन्द को गोल कीपर सेट और एक दर्जन हॉकी स्टीक और बिहाझर बागबाहरा संस्था को तिरंदाजी का सेट वितरित किया। वहीं उद्यानिकी विभाग की तरफ से तीन किसानों को सब्जी की मिनी किट भी सौंपा।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी। महासमुन्द के दो कोविड केयर सेंटर पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं। वहीं 44 बिस्तर के कोविड केयर सेंटर में केवल 8 मरीज भर्ती हैं, जिनका इलाज जारी है। कोविड अस्पताल में एहतियातन 8 वेंटीलेटर की व्यवस्था की गई थी, जो खाली पड़ी हैं।
कोविड नियंत्रण दल के डॉ. छत्रपाल चंद्राकर की मानें तो नवम्बर-दिसम्बर में कोविड अस्पताल में 20 से अधिक मरीज भर्ती रहते थे लेकिन अब इनकी संख्या काफी घट गई है। पिछले दो महीने से यहां अधिकतम 10 मरीज ही आ रहे हैं। वर्तमान में जिन 8 मरीजों का इलाज चल रहा है, उनमें भी चार ऐसे हैं, जिन्हें ऑक्सीजन की आवश्यकता नहीं है। वहीं 4 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें ऑक्सीजन वाले बेड की जरूरत है।
स्वास्थ्य विभाग की मानें तो अब जिले में कोरोना लगभग समाप्ति की ओर है। जिले में रोजाना काफी कम संख्या में मरीज सामने आ रहे हैं। वर्तमान में कोविड.19 के एक्टिव मरीजों की संख्या केवल 55 है। शनिवार प्रात: 10 बजे तक जिले में कुल 1 लाख 53 हजार 254 लोगों की जांच की जा चुकी है। इनमें से 9366 मरीज मिले और इन मरीजों में से 9171 ठीक हुए। इस वक्त जिले में 55 एक्टिव मरीज हैं और 147 मरीजों की मौत हो चुकी है।
कोरोना से बचने जिले में कोविड 19 टीकाकरण जारी है। जिले में अब तक 8 हजार 860 फ्रंटलाइन वॉरियर्स का टीकाकरण किया जा चुका है। इसमें से कुल 6885 हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन दी जा चुकी है। वहीं 1975 पुलिस, राजस्व, नगरीय निकाय और पंचायत विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को टीका लग चुका है। स्वास्थ्य विभाग के 8934 लोगों को टीका लगाया जाना है। वहीं 4950 फ्रंट लाइन वर्कर्स का चिह्नांकन दूसरे चरण के टीकाकरण के लिए किया गया है। जिले में कोरोना तीन महीने ही सबसे ज्यादा खतरनाक स्थिति पर था।
सितम्बर से लेकर नवम्बर तक सर्वाधिक कोरोना के मरीज मिले और इन्हीं तीन महीनों में मौतें भी अधिक हुई। तीन महीनों में कुल 5831 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। इसी तरह इन तीन महीनों में 83 की मौत हुई थी। अकेले सितम्बर महीने में 2051 मरीज मिले थे और 35 मौतें हुई थी। अक्टूबर महीने में 2101 मरीज मिले और 24 मौतें हुई। इसी तरह नवम्बर महीने में 1679 मरीजों की पहचान हुई थी और 24 मौतें हुई थी। इस तरह जिले में कुल 9366 मरीज सामने आए हैं, इनमें से 9171 ठीक हो चुके हैं। अब तक 147 लोगों की मौत हो चुकी है। एक्टिव केस की संख्या 55 है, 47 का इलाज घर पर चल रहा है। 8 कोविड अस्पताल में हैं। जिले का रिकवरी रेट 97.92 फीसदी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 फरवरी। गुरुवार को दिन दहाड़े कॉलेज छात्रा की गोली मारकर हत्या में फरार दो अन्य आरोपियों को भी कोतवाली पुलिस ने देर रात गिरफ्तार कर लिया है। आज शाम तक न्यायालय में पेश करने के बाद तीनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया जाएगा।
रूपा धीवर की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार आरोपी चंद्रशेखर परमार ने पुलिस को बताया है-मेरा मृतक रूपा धीवर के साथ बीते दो सालों से प्रेम-प्रसंग था। हम दोनों साथ-साथ एक ही स्कूल-एक ही कक्षा में पढ़ते थे। उनके घर वालों को मंै पसंद नहीं। इसीलिए उनके घर वाले उसे मेरे खिलाफ भडक़ाते थे और उनके बहकावे में आकर रूपा मुझसे दूर-दूर रहा करती थी। शादी का प्रस्ताव भी रूपा ने ठुकरा दी थी। इसी वजह से मेरा दिमाग फिर गया और मौका देखकर मैंने रूपा धीवर को मार दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रूपा धीवर की हत्या के मुख्य आरोपी ने अपने दो अन्य साथी भरतलाल निषाद एवं गोपाल यादव को इस प्लान में शामिल किया। हत्या में सहयोग करने के लिए 70 हजार रुपए में भरतलाल से बातचीत हुई थी। हत्या के एक दिन पूर्व भी इन आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने बेलसोण्डा तालाब के पास युवती का इंतजार किया लेकिन रूपा घर के बाहर नहीं आई और आरोपियों का प्लान फेल हो गया। दूसरे दिन गुरूवार को फिर वारदात के लिए तीनों रूपा धीवर के घर के आसपास पहुंचे थे।
जानकारी के मुताबिक बेलसोंडा गांव निवासी रूपा धीवर (22) कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी। वह गुरूवार को अपनी बहन हेमलता के साथ गांव में सडक़ किनारे स्थित मेडिकल स्टोर से लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार तीनों युवक पहुंचे। उनमें से आरोपी ने रूपा को आवाज दी। जैसे ही वह रुकी, युवक बाइक से उतरा और कट्टे से उसकी कनपटी में फायर कर दिया मौके से भाग निकले। पड़ोसियों ने अचेत रूपा को किसी तरह मोटरसाइकिल में सहारा देकर जिला अस्पताल पहुंचाया लेकिन रास्ते में ही रूपा की मौत हो चुकी थी। पोस्ट मार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा और शव के गांव पहुंचते ही उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और साइबर टीम के साथ जांच शुरू की और अभी परिजनों से बात कर उनके बयान नोट किए जा रहे थे कि इसी बीच आरोपी युवक थाने पहुंचा और समर्पण कर खुद को रूपा का हत्यारा बताया। एडिशनल एसपी मेघा टेंभुरकर साहू के सामने उसने अपना बयान दिया कि उसने हत्या में प्रयुक्त कट्टा दिल्ली से खरीदा था। पेशे से ड्राइवर है। घटना को अंजाम देने के लिए अपने दोस्त गोपाल यादव और भरत निषाद को साथी बनाया। तीनों ने एक दिन पहले भी रूपा को मारने की कोशिश की थी। रूपा नहाने के लिए गांव के तालाब जाती थी, लेकिन उस दिन वो तालाब नहीं गई थी। तीनों तालाब के पास इंतजार करते रहे। दूसरे दिन उसके घर के सामने उसकी हत्या कर दी।
इस घटना का चश्मदीद गवाह रूपा की बड़ी बहन हेमलता है। उसने ‘छत्तीसगढ़’ से बातचीत की और बताया-मैं कुछ दिन पहले ही बेलसोंडा आई हूं। आपरेशन हुआ है मेरा। यहीं जिला अस्पताल में। दोपहर 12 बजे मैं अपनी दवाई के लिए रूपा के साथ गांव के ही मेडिकल स्टोर गई थी। मेडिकल स्टोर से वापस लौटते घर के पास पहुंचे ही थे कि शेखर (चंद्रशेखर) आया। उसने मेरी बहन रूपा का हाथ पकडक़र रोका और बंदूक से गोली मार दी। इसके बाद वह वहां से भाग निकला। मैं देखते ही रह गई। मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा था। फिर मैं चिल्लाई। गोली की आवाज और मेरी चिल्लाहट सुनकर पड़ोसी अपने घरों से निकले और सभी ने रूपा को अस्पताल पहुंचाया।
गांव की महिलाओं का कहना था कि आरोपी चंद्रशेखर को रूपा के घर आते-जाते सभी ने कई बार देखा है। घटना के समय मृतका के पिता घर में नहीं थे। वह पंच है और अपने काम से भगवती हॉटल बेलसोण्डा गया था। बड़ी बेटी हेमलता से फोन पर सूचना मिलते ही वह गांव पहुंचा। तब रूपा घटनास्थल पर ही गली में जमीन पर चित पड़ी हुई थी। रूपा तीन भाई बहनों में सबसे छोटी थी और हाल ही में उसने कॉलेज में दाखिला लिया था।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 फरवरी। छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा ने कल कलेक्ट्रेट सभाकक्ष मेें अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की जिला स्तरीय समीक्षा की। बैठक आयोग के अध्यक्ष महेन्द्र छाबड़ा की अध्यक्षता में कलक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित हुई। अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने जिला अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन को और तेज गति से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक वर्ग को मिलेगा तभी इन योजनाओं का उद्देश्य पूरा होगा। उन्होंने खासकर राज्य शासन की फ्लैगशिप योजनाओं, मुख्यमंत्री सुपोषण, गोधन न्याय योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, पूरक पोषक आहार सहित अन्य योजनाओं पर ज्यादा जोर दिया। बैठक शुरू होने से पहले कलेक्टर डोमन सिंह ने अध्यक्ष का स्वागत किया।
आयोग के अध्यक्ष महेंद्र छाबड़ा ने कहा कि अल्पसंख्यकों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री का नया 15 सूत्रीय कार्यक्रम शुरू किया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि अल्पसंख्यक समुदायों के लाभार्थियों को सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं के साथ.साथ अन्य प्राथमिकता वाले ऋणों के तहत बैंक क्रेडिट का उचित हिस्सा मिले। कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि प्राथमिक क्षेत्र के ऋण का उचित प्रतिशत अल्पसंख्यक समुदायों को लक्षित करें और वंचितों के लिए सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं का लाभ अल्पसंख्यक समुदायों के वंचित वर्गों तक पहुंचे। अध्यक्ष ने इसके लिए कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठन जल्द करने कहा। ताकि अल्पसंख्यक समुदाय का शैक्षिक सशक्तीकरण, रोजगारोन्मुखी कौशल विकास तथा बुनियादी ढांचे का निर्माण हो सके।
अध्यक्ष श्री छाबड़ा ने बैठक में जिला पंचायत, राजस्व विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग, कृषि, अंत्यावसायी वित्त विकास निगम, नगर पालिका, महिला एवं बाल विकास विभाग, खनिज विभाग, उद्योग विभाग और समाज कल्याण विभाग द्वारा अल्पसंख्यक वर्ग के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं के क्रियान्वयन और लाभान्वितों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी विभागों में विभिन्न योजनाओं के जरिए लाभान्वित अल्पसंख्यक वर्ग के लोगों की विकासखंडवार सूची बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्यकार्यपालन अधिकारी डॉ. रवि मित्तल, अपर कलेक्टर जोगेंद्र नायक, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.एन.के.मंडपे, उप संचालक कृषि एस.आर.डोंगरे, सहायक संचालक आदिम जाति विकास एन.आर.देवांगन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 फरवरी। स्नातक प्रथम व द्वितीय वर्ष की परीक्षा में पूरक आने वाले विद्यार्थियों की पूरक परीक्षाएं 5 मार्च से शुरू होगी। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर ने परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षाएं 9 मार्च तक चलेगी। इसके साथ ही विशेष परीक्षा 10 मार्च से शुरू होकर 10 अप्रैल तक चलेगी।
परीक्षा देने प्रवेश पत्र साथ लेकर आना होगा। इसके बगैर प्रवेश नहीं मिलेगा। शासकीय माता कर्मा गल्र्स कॉलेज के प्राचार्य डॉ एसबी कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर की भाग एक व दो की पूरक परीक्षा 2020 और विशेष परीक्षा 2020 की समय सारिणी घोषित की जा चुकी है।
स्नातक स्तर की भाग एक एवं दो की पूरक परीक्षाएं 5 मार्च से 9 मार्च तक चलेगी। जिले में पीजी कॉलेज महासमुन्द, माता कर्मा कन्या महाविद्यालय, शासकीय खेमराज लक्ष्मीचंद गोलछा कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय बागबाहरा, शासकीय नवीन महाविद्यालय तेंदूकोना, शासकीय चंद्रपाल डडसेना महाविद्यालय पिथौरा, शासकीय जयदेव सतपति महाविद्यालय बसना, शासकीय महाविद्यालय पिरदा, शासकीय महाविद्यालय बलौदा और स्व.वीरेंद्र बहादुर महाविद्यालय सरायपाली सहित विवि से जुड़े अन्य कॉलेजों में पढऩे वाले छात्र.छात्राओं की परीक्षा होगी। फिलहाल परीक्षा का सेंटर क्या होगा, इस सम्बंध में जानकारी नहीं मिल पाई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार परीक्षाएं दो पाली में होगी। बीएससी भाग एक नया एवं पुराना पाठ्यक्रम और भाग दो बीकॉम भाग एक नया एवं पुराना पाठ्यक्रम, भाग दो की पूरक परीक्षा पहली पाली में होगी। यह सुबह 7 बजे से 10 बजे तक चलेगी। बीएससी होम साइंस भाग एक नया एवं पुराना पाठ्यकम, और भाग दो बीसीए भाग एक एवं दो नया एवं पुराना पाठ्यक्रम, बीए भाग एक नया एवं पुराना पाठ्यक्रम एवं भाग दो की पूरक परीक्षा द्वितीय पाली में होगी। यह दोपहर 12 से 3 बजे तक चलेगी।
इसी तरह से बीएससी भाग एक नया एवं पुराना पाठ्यक्रम एवं भाग 2, बीकॉम भाग.1 नया एवं पुराना पाठ्यक्रम एवं भाग 2, बीएससी होम साइंस भाग.1 नया एवं पुराना पाठ्यक्रम व भाग 2, बीसीए भाग 1 एवं 2 नया एवं पुराना पाठ्यक्रम, बीए भाग 1 नया एवं पुराना पाठ्यक्रम एवं भाग 2 की विशेष परीक्षा पहली पाली में सुबह 7 बजे शुरू होगी और 10 बजे तक चलेगी।
महासमुन्द, 12 फरवरी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय वयोश्री योजनांतर्गत महासमुन्द विकासखण्ड के ग्राम पटेवा में वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण पटेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष त्रिलोकी धु्रव, हेमन्त डडसेना जनपद सदस्य, घासुराम दीवान जनपद सदस्य, दूजबाई धु्रव जनपद सदस्य एवं सरपंच जमुना पटेल तथा यशोदा पटेल की उपस्थिति में 104 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें 63 वरिष्ठ नागरिकों को चश्मा, 19 हितग्राहियों को कृत्रिम दांत, 10 हितग्राहियों को छड़ी एवं 12 हितग्राहियों को श्रवण यंत्र प्रदाय किया गया। इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग एवं जनपद पंचायत के अधिकारी कर्मचारी सहित नागरिक उपस्थित थे।
महासमुन्द, 12 फरवरी। महासमुन्द में यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पुलिस प्रशासन के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी भी आगे आए हंै। आज लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.आर. सिन्हा, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक संगीता सिंह सहित अधिकारी-कर्मचारियों ने महासमुन्द के सडक़ों पर हेल्मेट पहनकर दुपहिया वाहन चलाने वालें पुरूष एवं महिला वाहन चालकों को चॉकलेट एवं पौधा भेंट कर उनको सम्मानित किया और आगे भविष्य में भी हेल्मेट पहनने की सलाह दी। बिना हेल्मेट के वाहन चलाने वालों को भी अपने सुरक्षा के लिए हेल्मेट पहनने की सलाह दी गई।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 फरवरी। यातायात विभाग की ओर से सांकरा थाना क्षेत्र के परसवानी चौक में यातायात जागरुकता शिविर का आयोजन किया गया। यहां ग्रामीणों को सडक़ सुरक्षा के साथ ही साइबर अपराध से सम्बंधित जानकारी दी गई।
सांकरा के परसवानी चौक और बस स्टैंड के पास आयोजित इस शिविर में दो पहिया वाहन में तीन सवारी न बैठने, शराब पीकर वाहन न चलाने, बिना हेलमेट के वाहन न चलाने तथा फोर लाइन में अपने ही साइड में दो पहिया वाहन चलाने सहित विभिन्न जानकारी यातायात विभाग के एसआई अश्विनी शर्मा द्वारा दी गई। जिला बैंक सहकारी परिसर में क्षेत्र से आए हुए किसानों को साइबर क्राइम सहित बैंक से निकाले हुए रकम को अपनी बाइक की डिक्की में न रखकर परिवार के किसी व्यक्ति को साथ में लाकर शाम होने से पहले ही घरों तक सुरक्षित कैसे पहुंचा जाए, इसकी भी जानकारी अश्विनी शर्मा द्वारा दी गई। उक्त कार्यक्रम में ग्रामीणों के अलावा किसानों एवं युवाओं की उपस्थिति रही। मौके पर सतपाल सिंह छाबड़ा, जयंती नायक, उपसरपंच दिलबाग सिंह छाबड़ा, मनोज मिश्रा उपस्थित थे। यातायात विभाग द्वारा कार्यक्रम के बाद सांकरा नगर भ्रमण किया गया जिसमें स्थानीय थाना से बैजनाथ सिंह साहू, दिव्या, विजय उपस्थित थे।
महासमुन्द, 12 फरवरी। महासमुन्द जिले में दूसरे चरण का टीकाकरण अभियान शुरू हो चुका है। दूसरे चरण में राजस्व, पुलिस, नगरीय निकाय और पंचायत विभाग के कुल 4941 फ्रंट लाइन वॉरियर्स को टीका लगाया जाना है। इनमें से अब तक 1975 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ अरविंद गुप्ता ने बताया कि टीकाकरण के दूसरे चरण में वैक्सीनेशन कार्य जारी है। कल 11 फरवरी तक की स्थिति में 1975 फ्रंट लाइन वॉरियर्स का टीकाकरण किया जा चुका है। इनके टीकाकरण का कार्य इसी माह शुरू हुआ है। इसी तरह अब तक 6885 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाया जा चुका है। कोविड.19 के लिए देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से शुरू किया गया था। पहले चरण में हेल्थ सेक्टर में कार्यरत सभी शासकीय, अशासकीय कर्मचारियों का वैक्सीनेशन किया गया। वहीं दूसरे चरण में राजस्व, पुलिस, पंचायत और नगरीय निकाय के कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई जानी है।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 फरवरी। जिला प्रशासन की ओर से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए संचालित नवकिरण अकादमी में पीएससी प्री परीक्षा के प्रथम प्रश्नपत्र का टेस्ट लिया गया।
इस दौरान डिप्टी कलेक्टर पूजा बंसल ने कहा जितना आप लोगों ने अध्ययन किया, जो स्त्रोत और नोट्स आपके हैं, उतने में ही अब अच्छे से ध्यान देना है। अब समय सभी विषय को समेटने का है। किसी नए चीज की ओर हमें नहीं भागना है। अब तक आपने जो भी सिलेबस के आधार पर अध्ययन किया है, उतने को ही अच्छे से रीविजन करें। साथ ही परीक्षा कक्ष में पूर्ण धैर्य के साथ प्रश्न पत्र को हल करें। नवकिरण अकादमी के समन्वयक ईश्वर चंद्राकर ने बताया कि प्रथम प्रश्न पत्र टेस्ट में उपस्थित सभी विद्यार्थियों को पीएससी प्री के लिए 7 साप्ताहिक टेस्ट, 2 मेगा टेस्ट और स्पेशल टेस्ट सीरीज के माध्यम से विषय आधारित 18 प्रश्न पत्र का टेस्ट कुल 27 टेस्ट का आयोजन इस सत्र में किया गया है।
सभी टेस्ट ओएमआर उत्तर पत्रक के माध्यम से लिया गया। यही नहीं टेस्ट का विश्लेषण कर सामान्य गलतियों की ओर परीक्षार्थियों को अध्ययन आकर्षित कराया गया ताकि जब पीएससी प्री की परीक्षा हो तो किसी प्रकार की गलती न हो। ज्ञात हो कि 14 फरवरी को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन किया जाना है। जिला प्रशासन के नवकिरण अकादमी की ओर से जिले के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी कराई जाती है।
महासमुन्द, 12 फरवरी। महासमुन्द विधायक विनोद चन्द्राकर की अनुशंसा पर 8 निर्माण कार्यों के लिए कलेक्टर डोमन सिंह ने जिला योजना एवं सांख्यिकी के अंतर्गत महासमुन्द विधायक के मद से 25 लाख रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की है। इनमें ग्राम मुनगाशेर, पीढ़ी एवं साल्हेभाठा में सामुदायिक भवन नर्माण, कोना, नांदगांव एवं कुर्रूभाठा में रंगमंच निर्माण, महासमुन्द के वार्ड क्रमांक 26 में सांसद मद से निर्मित भवन में बाउण्ड्री वाल निर्माण एवं ग्राम कोना के बड़े तालाब में पचरी निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। इन निर्माण कार्यों के लिए क्रियान्वयन एजेंसी जनपद पंचायत महासमुन्द के मुख्य कार्यपालन अधिकारी होंगे।
महासमुन्द, 12 फरवरी। ग्राम पंचायत हथबंद के दुर्गा चौक तिगड्डा में नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण व कानूनी विधिक सलाह शिविर आयोजन किया गया। जिसमें डॉ. निधेष शर्मा एमबीबीएस कैंसर स्पेशलिस्ट द्वारा सैकड़ों क्षेत्रवासियों का स्वास्थ्य जांच कर मुफ्त में परामर्श दिया गया। साथ ही कानूनी विधिक सलाहकार के रूप में हाई कोर्ट अधिवक्ता दिनबंधु देवांगन द्वारा आम जनमानस को कानूनी सलाह भी दी गई।
जिला सचिव ईश्वर प्रसाद निषाद ने बताया कि शिविर का आयोजन हथबंद क्षेत्र की गरीब जनता जो पैसों के अभाव में अपने शरीर का जांच नहीं करा पाते, जिसके कारण छोटी बीमारियां बड़ी बीमारी का रूप ले लेते हैं। इससे समय से पहले ही गरीब लोगों की मौत हो जाती है। इसे देखते हुए शिवसेना ने इस शिविर का आयोजन किया है। ऐसे आयोजन जिले के कई गांवों में लगातार जारी रहेगा। आयोजन में मुख्य रूप से जिला अध्यक्ष संतोष यदु, भीखम यदु, दिनबंधु देवांगन,ओमकार वर्मा, ईश्वर प्रसाद निषाद, संतोष साहू, संजय वर्मा, पंच मूलचंद टंडन, खिलेश्वर पाल, डॉ शशिप्रभा, डॉ युके विश्वास, प्रकाश पाल, शिवा निषाद, शंकर ध्रुव आदि उपस्थित रहे।
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 12 फरवरी। महासमुन्द शहर के जिन इलाकों में नगर पालिका के जल प्रदाय योजना के तहत पाइपलाइन नहीं बिछी थी, अब उन इलाकों में भी पालिका का पानी पहुंचेगा। क्योंकि ऐसे इलाकों को चिह्नांकित कर पालिका ने पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया है।
इन इलाकों में कौशिक कॉलोनी, पंचवटी विहार, कुशाभाऊ ठाकरे गार्डन के आसपास के इलाके, शिवानंद कॉलोनी, इमलीभाठा क्षेत्र, नयापारा क्षेत्र के वे इलाके शामिल हैं, जहां नई कॉलोनियां बसी हैं। आने वाले गर्मियों में इन इलाकों में भी पानी की सप्लाई शुरू कर ली जाएगी। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि शहरवासियों को पानी उपलब्ध कराने के लिए यह निर्णय लिया गया है। नई पाइपलाइन विस्तार के तहत हमने इन इलाकों में निवासरत लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूर्व में सप्लीमेंट्री स्वीकृति ली है। स्वीकृति के बाद इन क्षेत्रों में भी नई पाइपलाइन बिछाने का काम तेजी से जारी है।
महासमुन्द शहर में नई पाइपलाइन बिछाने का काम जारी है। वर्ष 2017 में 11.50 करोड़ रुपए की लागत से पाइपलाइन विस्तार का काम शुरू किया गया। शहर के 30 वार्डों में नई पाइपलाइन बिछाने के साथ ही फिल्टर प्लांट से शहर की सभी पानी टंकियों तक नई लाइन बिछाई जानी थी। फिलहाल शहर की सभी सात पानी टंकियों को नई लाइन से जोड़ दिया गया है। वहीं वार्डो के भीतर पाइपलाइन विस्तार काम जारी है। साथ ही घरों के नल कनेक्शन को नई लाइन से जोडऩे का काम किया जा रहा है।
नगर पालिका के जल कार्य प्रभारी विजय श्रीवास्तव ने बताया कि नई पाइपलाइन से घरों के कनेक्शन को जोडऩे का काम शहर के सभी वार्डों में जारी है। इंटरकनेक्शन के तहत यह कार्य पूरे शहर में जारी है। फिलहाल करीब 300 कनेक्शन जोड़े जाने का काम शेष है। यह कार्य भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा। इसके लिए विशेष टीम गठित की गई है। पालिकाध्यक्ष के निर्देश पर इंटरकनेक्शन जोडऩे के लिए अलग-अलग वार्डों में करीब 10 गैंग काम कर रहे हैं। नई पाइपलाइन से घरों का कनेक्शन जोडऩे के साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि उपभोक्ता का जल कर कहीं बकाया तो नहीं है। इसी के साथ ही पालिका जलकर वसूली 100 फीसदी करना चाहती है। यही कारण है कि पालिका प्रशासन ने यह निर्णय लिया है कि जिन उपभोक्ताओं का जल कर पूर्व का बकाया होगा, उनका कनेक्शन नई पाइपलाइन से जोड़ा नहीं जाएगा। पालिका की यह तरकीब काफी काम भी आ रही है। जल कार्य विभाग की मानें तो इससे पालिका के जल कर वसूली में बढ़ोत्तरी भी हुई है।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर ने बताया कि शहर के उपभोक्ताओं को हर हाल में तीन टाइम पानी देना है। गर्मी को देखते हुए 15 मार्च से तीन टाइम पानी सप्लाई शुरू कर ली जाएगी। शहर में पाइपलाइन विस्तार का कितना काम हुआ है और कितना शेष है, इसकी समीक्षा के लिए पालिका में बैठक रखी गई है। बैठक में अधिकारियों के साथ जलकार्य विभाग के सभापति भी मौजूद रहेंगे।
एसपी से मिलकर कहा-नर्रा के ग्रामीण दबाव, तनाव और दहशत के साये में जी रहे हैं
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी एसपी से फोन पर चर्चा की
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 11 फरवरी। कोमखान थाना क्षेत्र के ग्राम नर्रा के ग्रामीणों पर हुए लाठीचार्ज का भाजपा ने विरोध किया है। भाजपा नेताओं ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर से मुलाकात कर इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा है। यही नहीं नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने भी एसपी से फोन पर चर्चा कर ग्रामीणों के खिलाफ की गई कार्रवाई पर आपत्ति जताई है।
बुधवार को एसपी कार्यालय पहुंचे भाजपा के पूर्व विधायक प्रीतम दीवान, परेश बागबाहरा, भाजपा जिला महामंत्री प्रदीप चंद्राकर, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मोनिका साहू, जिला कोषाध्यक्ष थानसिंग दीवान, मण्डल अध्यक्ष सागर चंद्राकर, धरम दीवान, प्रेम साहू, पिलेश्वर पटेल ने कहा कि इस कार्रवाई क बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। भाजपा नेताओं ने प्रशासन की दबावपूर्ण कार्यवाही का विरोध करते हुए कहा है कि जो शराब माफिया इस बर्बरतापूर्ण कांड के असली दोषी हैं, वो खुले में घूम रहे हैं। नर्रा के ग्रामीण दबाव, तनाव और दहशत के साये में जी रहे हैं कि पता नहीं कब कौन गिरफ्तार कर लिया जाए।
भाजपाइयों ने कहा कि बागबाहरा ब्लॉक के ओडिशा बार्डर से लगे हुए ग्राम नर्रा में शराब माफियाओं के द्वारा अवैध शराब बिक्री के कारण शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम नर्रा में ग्रामीणों के द्वारा एकजुट होकर अवैध शराब बिक्री का विरोध करने की सजा उन्हें चुकानी पड़ रही है। ओडिशा की सीमा से लगे हुए अंतिम गांव में अवैध कारोबार का धंधा बहुत लंबे समय से फलफूल रहा है और शराब माफियाओं के द्वारा यहां बाहर प्रान्त से लेकर शराब की तस्करी की जा रही है।