महासमुन्द

शहर में सडक़, नाली सहित 35 मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं, पालिका अध्यक्ष ने जाहिर की नाराजगी
13-Feb-2021 4:50 PM
शहर में सडक़, नाली सहित 35 मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं, पालिका अध्यक्ष ने जाहिर की नाराजगी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुन्द, 13 फरवरी।
महासमुन्द शहर में सडक़, नाली सहित अन्य प्रकार के कुल 35 मरम्मत कार्य अब तक शुरू नहीं हो पाए हैं। मरम्मत कार्य नहीं होने पर पालिकाध्यक्ष ने अधिकारियों पर नाराजगी जाहिर की है। 

उन्होंने निर्माण कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।  शुक्रवार को नगर पालिका के लोक निर्माण विभाग, जल कार्य विभाग, स्वच्छता विभाग और राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक का आयोजन पालिका परिसर में किया गया था। पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्राकर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शहर में 35 मरम्मत कार्य होने हैंए जो शुरू नहीं हो पाए हैं। अधिकारियों ने इसका कारण स्वीकृति नहीं होना बताया। इस पर पालिकाध्यक्ष ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि कोरोना काल में निर्माण कार्यों की गति अच्छी थी लेकिन अब इस दिशा में लेट लतीफी हो रही है जो बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

उन्होंने निर्माण कार्यों को तत्काल स्वीकृति के लिए शासन को भेजने के निर्देश दिए। समीक्षा बैठक के दौरान उपाध्यक्ष एवं सभापति कृष्णा चंद्राकर,  लोक निर्माण सभापति रिंकू चंद्राकर, संदीप घोष, मनीष शर्मा, बड़े मुन्ना, माधवी सिक्का, सीएमओ एके हलधर, दिलीप कश्यप, ईश्वरी साहू, विजय श्रीवास्तव सहित कर्मचारी उपस्थित थे। 

लोक निर्माण विभाग के समीक्षा के पश्चात पालिकाध्यक्ष ने जल कार्य विभाग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान जल विभाग प्रमुख ने बताया कि 90 प्रतिशत पाइपलाइन विस्तारीकरण पूर्ण किया जा चुका है। हर हाल में महीने के अंत तक शेष 10 फीसदी कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। इस दौरान पालिका अध्यक्ष ने कहा कि गर्मी में पेयजल आपूर्ति के लिए पुख्ता इंतजाम करें। इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट के मरम्मत के लिए विद्युत उपकरण तथा टूल्स की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पालिका अध्यक्ष ने कहा 20 टैंकरों की मरम्मत करें और व्यक्ति गत मांग भी शुल्क लेकर पूरी करेंं। 
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news