राजनांदगांव

स्कूल की दीवारों पर संगीत विवि के विद्यार्थियों ने उकेरे चित्र
06-Aug-2021 4:49 PM
स्कूल की दीवारों पर संगीत विवि  के विद्यार्थियों ने उकेरे चित्र

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
राजनांदगांव, 6 अगस्त। 
शासन की मंशा के अनुरूप जिले में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय साकार हो रहे हंै। यह विद्यालय आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगी। कई अनगढ़ हीरे यहां से तराशे जाएंगे। राजनांदगांव का सर्वेश्वर दास नगर पालिका निगम उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय इसकी एक बानगी है। यहां स्कूल की दीवारों पर इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ के विद्यार्थियों द्वारा उम्दा पेंटिंग दीवारों पर उकेरे गए हैं।

 इसकी खासियत यह है कि यह थीम पर आधारित थ्रीडी पेंटिंग है। यह पेंटिंग बच्चों में ज्ञान-विज्ञान की बातें रोपित करेंगी, जो आने वाले समय में पुष्पित, पल्लवित होंगी। विविध रंगों से बना टेक्नोलाजी ट्री आकर्षण का केन्द्र हैं। गणित, भौतिकी, रसायन, जीव विज्ञान, कॉमर्स, कला, कम्प्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी के अत्याधुनिक साधन से संबंधित पेंटिंग से दीवारों को सजाया गया है। स्कूल में बच्चों की जिज्ञासा और उत्सुकता को दिशा मिलेगी। 

कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा की विशेष पहल पर जिले के सभी उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय की दीवारों को खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय के विद्यार्थी अपनी पेंटिंग से सजा रहे हंै। कलेक्टर ने कहा कि इस प्रेरक पेंटिंग का प्रभाव लंबे समय तक बच्चों के जेहन में मौजूद रहेगा और उनमें पढ़ाई के प्रति अभिरूचि जाग्रत होगी। गौरतलब है कि स्कूल को अच्छे फर्नीचर से सुसज्जित किया गया है। यहां गणित, रसायन, जीव विज्ञान के आकर्षक लैब हंै। स्कूल में एक समृद्ध लाईब्रेरी है। स्कूल परिसर को हरा-भरा बनाने के लिए पौधे भी रोपित किए जा रहे हैं।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news