राजनांदगांव

अकबर के जन्मदिन पर दीन-दुखियों को परोसा भोजन
24-Aug-2021 1:32 PM
अकबर के जन्मदिन पर दीन-दुखियों को परोसा भोजन

 

लंबी आयु के लिए मंदिर-मस्जिद में रही भीड़

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 अगस्त।
राजनांदगांव जिले के पूर्व प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार के वन मंत्री मोहम्मद अकबर के जन्मदिन पर मंगलवार को मंदिर-मस्जिद में उनके समर्थकों ने पूजा और चादरपोशी की। श्री अकबर का राजनांदगांव की राजनीति में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से दखल रहा है। प्रभारी मंत्री रहते उनके समर्थकों की संख्या बेहिसाब बढ़ी। स्थानीय कांग्रेसी नेताओं के साथ उनके ताल्लुकात अच्छे रहे। लिहाजा अकबर को स्थानीय कांग्रेसी सियासत में मायने दिया जाता है। इस बीच उनके जन्मदिन पर दीन-दुखियों के बीच पहुंचकर कांग्रेसियों ने भरपेट भोजन परोसा। इसके अलावा मिठाई और फल भी उम्रदराज बुजुर्गों को दिए गए।

स्थानीय श्री भगवान महावीर समता वृद्धाश्रम में महापौर हेमा देशमुख, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हफीज खान के नेतृत्व में बुजुर्गों उनका पसंदीदा परोसा गया, जिसमें कई तरह के व्यंजन थे। बुजुर्गों को फल, बिस्किुट और घरेलू सामान भी वितरित किया गया। आश्रम के वृद्ध इस अवसर पर भावुक हो गए। इसके बाद पार्रीनाला दरगाह में अकबर के दीर्घायु होने के लिए चादरपोशी भी की गई। चादरपोशी के बाद विशेष नमाज अता कर दुआएं भी मांगी। इस बीच अकबर के जन्मदिन पर राजनांदगांव शहर का हर कोना उनके बधाई पोस्टरों से पटा रहा। बधाई देने वालों ने महीनेभर पूर्व से ही फ्लैक्स बोर्ड को बुक कर लिया था। कुछ कांग्रेसी फ्लैक्स में बधाई पोस्टर लगाने से चूक गए।

आज पूरे दिन मंत्री अकबर के स्वास्थ्य और उनके लंबी उम्र को लेकर मंदिरों और मस्जिदों में समर्थकों की आवाजाही रही। उधर राजधानी रायपुर स्थित उनके निवास में बधाई देने के लिए बड़ी संख्या में राजनांदगांव के कांग्रेसी नेता पहुंचे। राजनीतिक और गैर राजनीतिक लोगों का उनके सरकारी बंगले में तांता लगा रहा। वृद्धाश्रम में वृद्धों को भोजन और परोसने के दौरान  विनय झा, शरद पटेल, ऋषि शास्त्री, मनीष गौतम, आसिफ अली, अमीन हुद्दा, समद खान, अभिमन्यु मिश्रा समेत अन्य लोग मौजूद थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news