राजनांदगांव

शिक्षक बन कलेक्टर ने अंग्रेजी और संविधान की प्रस्तावना विद्यार्थियों को पढ़ाया
26-Aug-2021 12:13 PM
शिक्षक बन कलेक्टर ने अंग्रेजी और संविधान की प्रस्तावना विद्यार्थियों को पढ़ाया

राजनांदगांव, 26 अगस्त। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने शिक्षक बनकर टेंस और संविधान की प्रस्तावना विद्यार्थियों को पढ़ाया। कलेक्टर ने भ्रमण के दौरान बीजेभाट हायर सेकंडरी स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के शिक्षा के स्तर का आंकलन किया। इस साल उनके द्वारा की गई पढ़ाई की जानकारी ली। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते कहा कि विद्यार्थी जीवन बहुमूल्य है। स्कूली शिक्षा किसी भी विद्यार्थी के सपनों को साकार करने का आधारशिला है। यह समय सीखने और अपने अरमानों को साकार करने के लिए संकल्पित होने का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने छात्रों को छात्र जीवन में अनुशासित रहने और अपने शिक्षकों द्वारा बताए गए ज्ञान एवं अनुभवों का अनुसरण करने कहा।

कलेक्टर सिन्हा ने कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के अंग्रेजी विषय में उनके ज्ञान को परखा। उन्होंने टेंस से संबंधित प्रश्न पूछा। उन्होंने शिक्षक की भूमिका निभाते प्रजेंट टेन्स पढ़ाया। इस टेन्स में प्रयोग होने वाले शब्दों को उदाहरण सहित ब्लैक बोर्ड में लिखकर समझाया। उन्होंने संविधान का महत्व व विशेषताओं के बारे में भी बताया। कलेक्टर ने कक्षा 12वीं कला के विद्यार्थियों को मौर्यकालीन शासन व्यवस्था राज्य विस्तार के संबंध में पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने संविधान की प्रस्तावना को मुखाग्र सुनाया। कलेक्टर ने प्राथमिक शाला पेंडरवानी का भी निरीक्षण किया।

कलेक्टर सिन्हा बुधवार को जिले के डोंगरगढ़ विकासखंड के ग्रामीण अंचल का भ्रमण कर भ्रमण गौठान, आंगनबाड़ी केन्द्र, स्कूल व सामुदायिक अस्पताल का जायजा लिया एवं जमीनी स्तर पर शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्राम अमलीडीह व दीवानझिटिया में बने गौठान में पहुंचकर महिला स्वसहायता समूह द्वारा की जा रही गतिविधियों को देखा। उन्होंने समूह की महिलाओं से चर्चा की और समूह द्वारा बनाई जा रही वर्मी कंपोस्ट निर्माण की प्रक्रिया को भी बारीकी से देखा। समूहों द्वारा अब तक बनाई गई वर्मी कम्पोस्ट एवं इसके विक्रय की जानकारी ली। उन्होंने समूहों के द्वारा विक्रय की गई खाद की राशि उनके बैंक खाते में शीघ्र जमा करने कहा। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि पशुओं के आश्रय के लिए छायादार पेड़ लगाए। बाड़ी में ड्रिप सिस्टम से सिंचाई की व्यवस्था बनाने कहा। कलेक्टर ने महिला समूह से कहा कि गौठान योजना बहुआयामी योजना है, इसके जरिये विविध गतिविधियों का संचालन किया जा सकता है। इसके माध्यम से रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। समूहों को विविध गतिविधियों से जुडक़र रोजगार व आय अर्जित करने प्रोत्साहित किया।

कुपोषित बच्चों का रखें विशेष ध्यान
कलेक्टर सिन्हा ने आंगनबाड़ी केन्द्र कोनारी और आरी कोनारी केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, शिक्षा अध्ययन की जानकारी ली। उन्होंने केन्द्र में संचालित योजनाओं का लाभ बच्चों को दिलाने कहा। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से कहा की गंभीर कुपोषित बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। ऐसे बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें सुपोषित व पूर्ण स्वस्थ बनाने भरसक प्रयास करें।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news