राजनांदगांव

भूपेश के पक्ष में छन्नी को छोड़ कांग्रेस के तीनों विधायकों का दिल्ली में डेरा
27-Aug-2021 1:23 PM
भूपेश के पक्ष में छन्नी को छोड़ कांग्रेस के तीनों विधायकों का दिल्ली में डेरा

 

   सत्ता की लड़ाई में सिंहदेव के साथ खुलकर छन्नी हुई खड़ी   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 27 अगस्त।
प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के अटकलों के जोर पकडऩे के साथ विधायकों का राजनीतिक समर्थन खुलकर सामने आ गया है। राजनांदगांव जिले के 4 कांग्रेस विधायकों में से एकमात्र छन्नी साहू टीएस सिंहदेव के पक्ष में खुलकर सामने आ गई है। वहीं दलेश्वर साहू, इंद्रशाह मंडावी और भुनेश्वर बघेल भी प्रदेश के अन्य विधायकों के साथ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पक्ष में खड़े होने के लिए दिल्ली में डेरा जमाए हुए हैं।

बताया जा रहा है कि दिल्ली जाने के अलग-अलग तर्क राजनांदगांव के विधायकों द्वारा दिए जा रहे हैं, जिसमें दलेश्वर साहू कुछ नेताओं से मुलाकात करने पहुंचे हैं। वहीं भुनेश्वर बघेल और इंद्रशाह मंडावी ने भी राजनीतिक वजहों के आधार पर दिल्ली उडऩे का कारण गिनाया है। बताया जा रहा है कि खुज्जी विधायक छन्नी साहू ने दिल्ली दौरे से खुद को अलग कर लिया है। वह फिलहाल अपने क्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं और कार्यक्रमों में शामिल हो रही है। बताया जा रहा है कि छन्नी साहू का टीएस सिंहदेव के साथ नजदीकी संबंध है। छन्नी साहू को पिछले विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने में टीएस सिंहदेव की अहम भूमिका रही है। चर्चा है कि टीएस सिंहदेव के समर्थक विधायकों को दिल्ली जाने से मना किया गया है। यही कारण है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव के बीच कुर्सी की लड़ाई में अब विधायकों की भूमिका अहम हो गई है।

राजनांदगांव जिले के तीनों विधायकों ने खुलकर मुख्यमंत्री बघेल का साथ दिया है। बघेल के मुख्यमंत्रितत्वकाल में छन्नी साहू को छोडक़र तीनों को ‘लाल बत्ती’ से उपकृत किया गया है। तीनों को मंत्री का दर्जा हासिल है। जबकि छन्नी साहू को सत्ता में भागीदार बनाने में सरकार ने रूचि नहीं ली है। बताया जा रहा है कि अंदरूनी रूप से छन्नी मुख्यमंत्री बघेल के कार्यकाल में उपेक्षित महसूस कर रही है। वह राजनांदगांव जिले की एकमात्र महिला विधायक है। ऐसे में वह सत्ता में जगह पाने के लिए आश्वस्त थी। छन्नी के जन्मदिन पर टीएस सिंहदेव निजी हेलीकाप्टर से कार्यक्रम में शरीक होने पहुंचे, उस दौरान राजनीतिक संदेश में माना गया कि टीएस सिंहदेव और छन्नी साहू के बीच राजनीतिक रिश्ते काफी मजबूत हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news