राजनांदगांव

भादो में बरसते बादल से मौसम हुआ खुशगवार
11-Sep-2021 2:50 PM
भादो में बरसते बादल से मौसम हुआ खुशगवार

 

उमस और गर्मी से मिल रही राहत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 सितंबर।
भादो के मौसम में मानसून की सक्रियता बढ़ते ही लोगों को गर्मी और उमस से राहत का अनुभव हो रहा है। पिछले कुछ दिनों से समूचे जिले में भादो में मानसून मेहरबान होकर बरस रहा है। मानसून के सक्रिय होने के बाद खेतीहर वर्ग के चेहरे से तनाव कम हुआ है। इस बीच शनिवार को सुबह से ही रूक-रूककर बारिश होने लगी है। झमाझम बारिश होने से जहां सडक़ों में पानी भर गया। वहीं सडक़ों में भी सन्नाटा पसरा नजर आया। इधर निचली बस्तियों में भी बारिश का पानी का भराव हुआ। इसके अलावा शहर के बस्ती इलाकों में बच्चे भी बरसते पानी का मजा लेने घरों से बाहर मस्ती करते दिखे।

शनिवार सुबह से ही आसमान में काले बादल छाने और धूप निकलने से लोगों को गर्मी और उमस का अहसास हुआ। वहीं दोपहर बाद झमाझम बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत भी मिली। बारिश होने से जहां तापमान में गिरावट हुई। वहीं लोगों को ठंड का भी अहसास हुआ। इधर बाजार में फुटकर व्यापारियों को बारिश के चलते जहां परेशानियां उठानी पड़ी। वहीं लोग बारिश से बचने फ्लाई ओवर और दुकानों के बरामदे में आसरा लेते नजर आए। इसके अलावा घरों से निकलने वाले लोग छाता और रैनकोट का भी इस्तेमाल किया।

डोंगरगांव तहसील में सर्वाधिक वर्षा
जिले में इस वर्ष चालू मानसून वर्ष में 1 जून 2021 से 10 सितंबर तक 7115.6 मिमी बारिश रिकार्ड की गई है। एक जून से 10 सितंबर तक राजनांदगांव जिले में कुल 711.6 मिमी औसत बारिश हुई। जिले की सभी 10 तहसीलों में 338.9 मिमी एवं औसतन 33.9 मिमी बारिश हुई है। सर्वाधिक वर्षा डोंगरगांव तहसील में 67.5 मिमी रिकार्ड की गई। बारिश के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अब तक सर्वाधिक वर्षा मानपुर तहसील में 1026 मिमी हुई है। भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार गंडई तहसील में 1.3 मिमी, छुईखदान तहसील में 12.7 मिमी, खैरागढ़ तहसील में 15.2 मिमी, डोंगरगढ़ तहसील में 44.8 मिमी, राजनांदगांव तहसील में 36.6 मिमी, छुरिया तहसील में 55.5 मिमी, डोंगरगांव तहसील में 67.5 मिमी, अंबागढ़ चौकी तहसील में 61.6 मिमी, मोहला तहसील में 27.9 मिमी और मानपुर तहसील में 15.8 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news