राजनांदगांव
![एक माह से छत्तीसगढ़ में सीएम कौन समझ नहीं आ रहा-रमन एक माह से छत्तीसगढ़ में सीएम कौन समझ नहीं आ रहा-रमन](https://dailychhattisgarh.com/2020/chhattisgarh_article/1631965444aman-102a.jpg)
सत्ता की लड़ाई से विकास ठप, अपराध में भी नंबर वन बना राज्य
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 18 सितंबर। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश में कथित राजनीतिक उथल-पुथल से हुए हालात पर सख्त टिप्पणी करते कहा कि गुजरे एक माह से छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कौन है यह समझ में नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता की लड़ाई में राज्य का विकास ठप हो गया है। अपराध के मामलों में भी शांति का टापू माने जाने वाले छत्तीसगढ़ राज्य नंबर वन बन गया है। शुक्रवार को एक दिनी दौरे पर पहुंचे पूर्व सीएम ने कहा कि सुबह और रात के वक्त में भूपेश बघेल और टीएस सिंहदेव का नाम मुख्यमंत्री के तौर पर सामने आता है। ऐसी स्थिति से विकास के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर होने वाले निर्णय भी लंबित हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि एक ओर भाजपा नेतृत्व ने देश में गुजरे छह माह के भीतर 4 राज्यों के मुख्यमंत्री बदल दिए हैं। भाजपा फैसले में देरी पर विश्वास नहीं करती है। कांग्रेस नेतृत्व अब तक छत्तीसगढ़ में मची आपधापी का सही हल ढूंढ नहीं पाया है। उन्होंने यह भी कहा कि छत्तीसगढ़ की अराजक स्थिति भी चिंता का कारण बन गई है। बिहार और दूसरे अपराधिक राज्यों से भी छत्तीसगढ़ आगे निकल गया है। लूट, डकैती, बलात्कार जैसे संगीन मामलों में जिस तरह से बढ़ोत्तरी हुई है, उससे छत्तीसगढ़ जैसा एक शांतिप्रिय राज्य अपराधों का गढ़ बन गया है।
पूर्व सीएम ने यहां तक कहा कि शराब की तस्करी के साथ-साथ गांजा का भी धड़ल्ले से व्यापार किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ की राजनीतिक स्थिति इन सब चीज के लिए सीधे जिम्मेदार है। यह दुर्भाग्य है कि रात होते ही भूपेश बघेल का नाम मुख्यमंत्री के लिए सामने आता है। वहीं सुबह होते-होते टीएस सिंहदेव का नाम मुख्यमंत्री के तौर पर सुनाई देता है। ऐसी स्थिति में छत्तीसगढ़ की जनता का सर्वाधिक नुकसान हो रहा है। छत्तीसगढ़ की राजनीतिक तासीर के अनुरूप फिलहाल सत्तारूढ़ कांग्रेस काम नहीं कर पा रहा है।
रमन और भाजपा का दिमागी संतुलन बिगड़ा-नवाज
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. सिंह के मुख्यमंत्री को लेकर दिए गए राजनीतिक बयान का कड़े शब्दों में प्रतिकार करते हुए जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि सत्ता से बेदखल होने के बाद से रमन और भाजपा का दिमागी संतुलन बिगड़ा हुआ है। यह दुर्भाग्य है कि राज्य की 2 करोड़ 80 लाख जनता को मुख्यमंत्री के तौर पर भूपेश बघेल का नाम पता है। पूर्व सीएम अनर्गल बयानबाजी करते हुए जनता के बीच भूपेश सरकार की साख को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। नवाज खान ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री बदले जाने की मुहिम दरअसल भाजपा की ही उपज है। भाजपा यह समझ चुकी है कि अगले 10 साल तक भूपेश सरकार को हटाना संभव नहीं है। किसानों के हितों को लेकर बनाए गए ठोस योजनाओं का भाजपा माकूल जवाब देने की स्थिति में नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व सीएम को चिकित्सकीय सलाह लेकर बयान देना चाहिए। साथ ही बेबुनियाद कथन देने के बजाय पार्टी और पूर्व सीएम को यह पता लगाना चाहिए कि राज्य की जनता ने 15 सीटों वाली पार्टी क्यों बना दिया।