राजनांदगांव

सीएम बघेल के लखनऊ प्रवेश पर रोक लगाने से नांदगांव के कांग्रेसी नेताओं में आक्रोश
04-Oct-2021 2:25 PM
सीएम बघेल के लखनऊ प्रवेश पर रोक लगाने से नांदगांव के कांग्रेसी नेताओं में आक्रोश

योगी सरकार से इस्तीफे की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 अक्टूबर।
उत्तर प्रदेश के लखीमपुरी  में किसानों के आंदोलन को बर्बरतापूर्वक कुचलने की घटना से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के आहत होने के बाद किसानों से मुलाकात करने लखनउ पहुंचने पर उनके विमान के प्रवेश पर रोक लगाने से राजनांदगांव के कांग्रेसी नेता भी आक्रोशित हैं। स्थानीय कांग्रेसी नेताओं ने अपनी प्रतिक्रिया में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। वहीं मोदी सरकार पर भी किसानों की नीति पर दोहरा रूख अख्तियार करने पर भी कड़ी नाराजगी जाहिर की।

‘छत्तीसगढ़’  से चर्चा करते जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष नवाज खान ने कहा कि लखीमपुरी की घटना किसानों की हत्या जैसी है। एक साल से किसान आंदोलनरत हैं। उस आंदोलन को कुचलकर भाजपा ने अपनी संस्कृति को उजागर किया है। किसानों के आंदोलन को दमनकारी नीति से खत्म करने की कोशिश  लोकतंत्र की हत्या है। बीजेपी के चरित्र में ऐसी कई उदाहरण है। जिसमें लोकतंत्र का गला घोंटने की घटनाएं शामिल है। श्री खान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अंतागढ़ कांड, भाजपा की लोकतंत्र का गला घोंटने का प्रत्यक्ष उदाहरण है। उत्तर प्रदेश में किसानों का दुख-दर्द बांटने पहुंची कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विमान को उतरने से रोकने की घटनाएं दर्शाती है कि बीजेपी किसानों की हत्यारी पार्टी है।

छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों का दर्द बांटने के लिए लखनउ के लिए निकले थे। किसानों के तकलीफ को साझा करने के लिए मुख्यमंत्री बघेल को  जाने से रोकना योगी आदित्यनाथ सरकार की तानाशाही का नमूना है। मुदलियार ने कहा कि किसानों पर अत्याचार कर भाजपा दमनकारी रवैया अपना रही है। जिसका देशभर में विरोध किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता आफताब आलम ने कहा कि भाजपा इंसानियत और लोकतंत्र को ताक में रखकर किसानों  पर बर्बरतापूर्वक कदम उठा रही है, ताकि किसानों में खौफ पैदा हो। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री के सुपुत्र  की इस घटना में शामिल होने के प्रमाण सामने आए हैं। लोकतंत्र के लिए यह दुखद है कि प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को अलग-अलग कारणों का हवाला देकर किसानों से मिलने नहीं दिया गया। धारा 144 लागू कर उत्तर प्रदेश सरकार ने तालीबानी  शासन जैसा रवैया अपनाया है। श्री आलम ने उत्तर प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लागू करने व मुख्यमंत्री योगी  के इस्तीफे की मांग की है।

राजगामी संपदा के अध्यक्ष विवेक वासनिक ने कहा कि लखीमपुरी के किसान पर हमला उत्तर प्रदेश सरकार की असली चेहरा साबित हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल छत्तीसगढ़ की ढ़ाई करोड़ जनता का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके विमान को प्रवेश नहीं देना एक शर्मनाक घटना है।

राजगामी संपदा सदस्य व कांग्रेस नेता रमेश खंडेलवाल ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विमान को लखनउ एयरपोर्ट में उतरने की मंजूरी नहीं देने पर नाराजगी जाहिर करते कहा कि बघेल छत्तीसगढ़ का नेतृत्व करते हैं। ऐसे में उनके साथ इस तरह के बर्ताव से राज्य की जनता का उत्तर प्रदेश सरकार ने अपमान किया है। ऐसी घटना को बर्दास्त नहीं किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news