राजनांदगांव

ई-कामर्स से महिला समूह की साढ़े 22 हजार राखियों का विक्रय
11-Oct-2021 6:01 PM
ई-कामर्स से महिला समूह की साढ़े 22 हजार राखियों का विक्रय

लोकवाणी को ग्रामीणों व नागरिकों ने सुना
 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 अक्टूबर।
  मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की मासिक रेडियो वार्ता लोकवाणी की 22वीं कड़ी ‘जिला स्तर पर विशेष रणनीति से विकास की नई राह’ को रविवार को डोंगरगांव विकासखंड के ग्राम रामपुर के ग्रामवासियों सहित जिले के सभी विकासखंडों में नागरिकों ने तन्मयतापूर्वक सुना।

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने राजनांदगांव जिले में महिला स्वसहायता समूह की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए गए नवाचार की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले के महिला समूहों द्वारा बनाई गई लगभग 22 हजार 480 राखियों का विक्रय ई-कॉमर्स के माध्यम से हुआ है।

वर्मी कम्पोस्ट की बिक्री भी ई-कॉमर्स पर करने की व्यवस्था की गई है, इससे महिला समूहों को नया बाजार मिलेगा। उन्होंंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा छत्तीसगढ़ में महिला स्व-सहायता समूहों को मजबूत करने के लिए अनेक कदम उठाएं गए हैं। हमारी बहनों ने भी रोजगार मूलक कार्यों में दिलचस्पी दिखाई है। साथ ही समूह की महिलाओं ने अनेक नवाचार किए हैं और अपने परिवार को स्वावलंबी बनाया है।

ग्राम मनगटा के त्रिअंबिका स्वसहायता समूह की रामेश्वरी साहू ने मुख्यमंत्री को बताया कि जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण महिलाओं की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं। वे स्वयं गौठान में वर्मी कम्पोस्ट के निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़ी हंै। जिले के 28 समूहों की 50 दीदियों ने रक्षाबंधन पर्व पर धान, बीज, गेहूं, चावल, बांस की राखियों का निर्माण किया था। ई-कॉमर्स पर लगभग दो लाख 30 हजार से अधिक राशि की 25 हजार से अधिक राखियों का देश-विदेश में ऑनलाइन व ऑफलाईन विक्रय किया गया। उन्होंने बताया कि हम लोगों द्वारा बनाई गई राखी राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. किरणमयी नायक ने अमेजॉन से मंगाकर आपको बांधी थी। उन्होंने कहा कि हम लोग ग्रामीण क्षेत्र से हैं। हमारे द्वारा बनाई राखी पहनकर आपने हमारा मान-सम्मान बढ़ाया, इसके लिए बहुत-बहुत धन्यवाद।
ज्ञात हो कि जिला प्रशासन द्वारा समूह की महिलाओं की बेहतरी के लिए हरसंभव कार्य किए जा रहे हैं। कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के मार्गदर्शन में समूह की महिलाएं राखी निर्माण कर आर्थिक रूप से मजबूत बन रही है।
छत्तीसगढ़ी संस्कृति को संजोए राजनांदगांव की हस्तनिर्मित राखियां लोकप्रिय रहीं और इनकी काफी मांग रही।

जनपद सीईओ लेखराम चन्द्रवंशी ने कहा कि लोकवाणी के माध्यम से आज सभी ग्रामवासियों को शासकीय योजनाओं के बारे में नई जानकारी मिली।  गौठान के मां लक्ष्मी स्वसहायता समूह की प्रीति साहू ने बताया कि महिलाओं के रोजगार के लिए शासन द्वारा अच्छा कार्य किया जा रहा है।  बसंती मानिकपुरी ने बताया कि वे नौ साक्षरता समिति से जुड़ी हैं और मध्यान्ह भोजन बनाने का कार्य कर रही हैं। इस अवसर पर सरपंच रत्ना बोरकर, उप सरपंच केवलराम सिन्हा, पंच देवकुमार साहू, गोर्वधन साहू, ग्राम समिति के अध्यक्ष बुधेराम साहू, विष्णुराम साहू एवं कीर्ति साहू, देवकुमारी ठाकुर, रत्ना साहू, यशोदा साहू एवं ग्रामवासी उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news