राजनांदगांव

26 एकड़ में बने गौठान में वर्मी कम्पोस्ट-केले की खेती का अवलोकन
29-Oct-2021 6:56 PM
26 एकड़ में बने गौठान में वर्मी कम्पोस्ट-केले की खेती का अवलोकन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

राजनांदगांव, 29 अक्टूबर। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव तथा राज्य नोडल अधिकारी गोधन न्याय योजना डॉ. एस भारतीदासन ने बुधवार को  ग्राम अंजोरा के वृंदावन गौठान का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां वर्मी कम्पोस्ट, मुख्यमंत्री वृक्षारोपण प्रोत्साहन योजना अंतर्गत वृक्षारोपण मछलीपालन, सामुदायिक बाड़ी में गेंदा, पपीता, अमरूद तथा केले की खेती का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि स्वसहायता समूह की महिलाओं तथा गौठान समिति की वर्षभर आय होते रहनी चाहिए, ताकि वे स्वावलंबी बन सके। उन्होंने गौठान की सामुदायिक बाड़ी में मल्चिंग विधि से किए जा रहे गेंदे की खेती, केला तथा पपीते की खेती की प्रशंसा की।

उन्होंने स्वसहायता समूह की महिलाओं से बातचीत की। डॉ. भारतीदासन ने समूह की महिलाओं को अच्छे से कार्य करने के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने गोधन न्याय योजना के तहत किए गए गोबर खरीदी तथा वर्मी कम्पोस्ट निर्माण के संबंध में जानकारी ली।

डॉ. भारतीदासन को समूह की महिलाओं ने बताया कि नीमास्त्र, ब्रम्हास्त्र, आग्नेयास्त्र जैसी कीटनाशक दवाईयों का निर्माण किया गया है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि वर्मी कम्पोस्ट के उपयोग के लिए किसानों का रूझान बढ़ा है। उन्हें रासायनिक खाद के नुकसान के बारे में भी बताया जा रहा है। डॉ. भारतीदासन ने कहा कि गौठान में 800 मवेशी रहेंगे, उसके लिए पानी, चारा एवं आवश्यक देखभाल की व्यवस्था करना सुनिश्चित करें। मवेशियों को होने वाली बीमारी तथा उनकी देखरेख की मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। डॉ. भारतीदासन ने कहा कि ग्रामवासियों को पैरादान करने के लिए प्रोत्साहित करें।

जिला पंचायत सीईओ लोकेश चंद्राकर ने उन्हें बताया कि गौठान में समूह की महिलाओं के कार्य करने का क्षेत्र अलग किया गया है। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन, मशरूम पालन एवं सब्जी उत्पादन किया जा रहा है। इसके साथ ही यहां सिलाई मशीन का प्रशिक्षण देने का कार्य भी आरंभ किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समूह की महिलाओं द्वारा 26 एकड़ में गौठान का निर्माण किया गया है तथा अलग-अलग कार्यों के लिए विभाजन किया गया है। महिलाओं के लिए शेड का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में 369 गौठान है। जिनमें से 101 गौठान स्वावलंबी बनने की ओर अग्रसर है।

डॉ. भारतीदासन ने मोखला के गौठान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां नेपियर घास कटवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हरा चारा डेयरी वालों को विक्रय करें। उन्होंने पशुपालन विभाग के उप संचालक डॉ. राजीव देवरस से कहा कि गौठान में मुर्गीपालन को बढ़ावा दें। इससे समूह की महिलाओं को फायदा होगा। उन्होंने जिले के 160 गौठानों में मुर्गीपालन का कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उप संचालक कृषि जीएस धु्रर्वे, सहायक संचालक उद्यानिकी राजेश शर्मा, सहायक संचालक कृषि टीकम ठाकुर, जनपद सीईओ ओझा, मनरेगा के फैज मेनन सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news