राजनांदगांव

प्राचार्य और शिक्षक पूरे समाज के लिए आदर्श
12-Nov-2021 5:58 PM
प्राचार्य और शिक्षक पूरे समाज के लिए आदर्श

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 12 नवंबर।
कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने गुरुवार को बल्देव प्रसाद मिश्र विद्यालय के शहीद विनोद चौबे मेमोरियल ऑडिटोरियम में जिले के सभी स्कूल के प्राचार्यों की बैठक ली।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि बच्चों के प्रति प्राचार्य के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। प्राचार्य और शिक्षक पूरे समाज के लिए आदर्श होता है। स्कूलों में अनुशासन बनाए रखने के लिए प्राचार्यों को कठोर होना पड़ता है और इसी से ही स्कूल को सुधारा जा सकता है। स्कूल का केन्द्र बिन्दुप्रधानपाठक और प्राचार्य होता है, जब प्राचार्य अनुशासन का पालन करेंगे, तब अन्य शिक्षकों में अनुशासन होगा।

उन्होंने कहा कि कुछ महीनों के बाद बच्चों की परीक्षा आने वाली है। बच्चों की परीक्षा की तैयारी के लिए विशेष रणनीति बनाई जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए सभी बच्चे बराबर होते हैं। पढ़ाई में कुछ बच्चे तीव्र होते है, कुछ बच्चे कमजोर होते हंै। शिक्षक के रूप हमारी जिम्मेदारी है, बच्चों की कमजोरी का पता लगाकर उसे दूर करना। आगे बढऩे के लिए सभी बच्चे को प्रोत्साहित करना, अवसर उपलब्ध करना, व्यक्तिगत मदद करना और बच्चों से संपर्क करना।

सभी शिक्षकों को प्रत्येक बच्चों को अपना समझते हुए, व्यक्तिगत संपर्क रखना चाहिए। प्राचार्य कक्षा में पहुंचकर शिक्षकों की पढ़ाई की मॉनिटरिंग करें। स्कूल में बच्चा समय पर नहीं पहुंच रहा है, तो उनसे इसके कारण की जानकारी लेनी चाहिए। इस बारे में बच्चों के अभिभावकों से मिलकर उनकी समस्याओं की जानकारी ले और उसे दूर करें। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी और प्रायमरी स्कूलों में लड़कियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी अधिक बढ़ जाती है। स्कूल में बच्चा अच्छा कार्य कर रहा है, तो उसे सम्मानित करें, इससे अन्य बच्चे प्रोत्साहित होंगे।

कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि कोविड-19 के कारण पिछले डेढ़ वर्षों से बच्चे स्कूलों में पढऩे नहीं आए थे। इस कारण हमारी जिम्मेदारी अधिक है कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा के तैयारी के लिए रणनीति बनाकर कार्य करना है। 10वीं और 12वीं के बच्चों के लिए विषयवार 100-100 प्रश्र पिछले वर्षों के पेपर से चयन करेंं और विषय विशेषज्ञ शिक्षक से मॉडल उत्तर तैयार कर पुस्तक के रूप में स्कूलों में उपलब्ध कराएं। इस पुस्तक से बच्चों को अभ्यास कराएं।

जिला शिक्षा अधिकारी एचआर सोम ने कहा कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा प्रारंभ होने वाली है इसके लिए रणनीति के साथ तैयारी की जाए। कोविड-19 के कारण आई समस्या को दूर करते कार्य करना है। इसके लिए यह आवश्यक है कि बच्चे स्वस्थ रहें। बच्चे स्वस्थ रहने से पढ़ाई कर सकेंगे। स्वस्थ रहने के लिए जिले में खेलकूद का आयोजन भी किया जा रहा है। इस अवसर पर सहायक संचालक शिक्षा आदित्य खरे, सहायक संचालक शिक्षा संगीता राव,  डीएमसी भूपेन्द्र साहू सहित जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी एवं प्राचार्य उपस्थित थे।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news