राजनांदगांव

27 दिसंबर से अभा सर्वेश्वर दास हॉकी प्रतियोगिता
13-Nov-2021 1:31 PM
27 दिसंबर से अभा सर्वेश्वर दास हॉकी प्रतियोगिता

 कोरोना महामारी के चलते एक साल बाद मैदान में उतरेंगे खिलाड़ी
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 13 नवंबर।
शहर के हॉकी प्रेमियों के लिए यह एक अच्छी खबर है कि एक साल के अंतराल के बाद अखिल भारतीय सर्वेश्वर दास हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 27 दिसंबर से होगा। कोरोना महामारी के कारण पिछले साल प्रतियोगिता पर रोक थी। हॉकी की नर्सरी माने जाने वाले राजनांदगांव शहर में इस टूर्नामेंट को लेकर लोगों का एक विशेष लगाव रहा है। हर साल हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर लोगों का उत्साह बना रहता है। लिहाजा कलेक्टर एवं दिग्विजय स्टेडियम समिति के अध्यक्ष तारन प्रकाश सिन्हा की अध्यक्षा में हॉकी प्रतियोगिता के आयोजन की रूपरेखा तय की गई।

यह इस प्रतियोगिता का 79वां वर्ष होगा। कलेक्टर ने शुक्रवार को हॉकी प्रतियोगिता के संबंध में बैठक ली। बैठक में देशभर के प्रतिष्ठित हॉकी टीमों को आमंत्रित किए जाने के साथ आवास एवं भोजन के बंदोबस्त को लेकर भी चर्चा हुई। हर साल हॉकी प्रतियोगिता पर लाखों रुपए खर्च होते हैं। बैठक के दौरान प्रतियोगिता के आय-व्यय को भी प्रस्तुत किया गया। आगामी दिसंबर में प्रस्तावित प्रतियोगिता में 25 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान लगाया गया।

राजनांदगांव शहर के उद्योगपतियों के अलावा हॉकी से जुड़े खिलाड़ी और खेलप्रेमी भी आयोजन के लिए राशि जुटाते हैं। स्टेडियम समिति के प्रबंधक रणविजय प्रताप सिंह ने बैठक में बताया कि 2019 के प्रतियोगिता में कुल 19 लाख रुपए की आय हुई थी। जिसमें 18 लाख 99 हजार 975 रुपए खर्च हुआ। इस साल प्रतियोगिता में करीब 5 लाख रुपए अतिरिक्त खर्च होने का अनुमान जताते हुए कुल 25 लाख रुपए व्यय होने की जानकारी दी गई है। इस तरह टूर्नामेंट के आयोजन के हर बिन्दुओं पर चर्चा हुई।

मिली जानकारी के मुताबिक टूर्नामेंट में शामिल होने के लिए करीब दो दर्जन टीमों को न्योता भेजा गया है। मिली जानकारी के मुताबिक 27 दिसंबर से 6 जनवरी तक प्रतियोगिता का आयोजन होगा। करीब 10 दिन चलने वाले इस टूर्नामेंट में ख्यातिप्राप्त टीमों के पहुंचने की उम्मीद है।

 रंग-रोगन का कार्य शुरू
कलेक्टर सिन्हा ने कहा कि महंत राजा सर्वेश्वरदास स्मृति अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता की देश में हॉकी नर्सरी की विशेष पहचान है। कोविड-19 के बाद होने वाले इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी की सहभागिता जरूरी है।  अंतर्राष्ट्रीय एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में रंग-रोगन के साथ अन्य निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिसे जल्द पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए 11 सदस्यों की आयोजन समिति बनाई जाएगी। जिसके द्वारा प्रतियोगिता की तैयारी तथा संचालन के संबंध में कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा अन्य सहयोगियों की समिति बनाई जाए, जो विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करेंगी।

इस दौरान महापौर हेमा देशमुख, लीलाराम भोजवानी, राजगामी संपदा न्याय अध्यक्ष विवेक वासनिक, जिला पंचायत सीईओ लोकेश चन्द्राकर, नगर निगम आयुक्त आशुतोष चतुर्वेदी, एसडीएम राजनांदगांव अरूण कुमार वर्मा, जिला क्रीड़ा अधिकारी, पूर्व महापौर नरेश डाकलिया, भरत वर्मा, श्रीकिशन खंडेलवाल, शशिकांत अवस्थी, सुशील कोठारी, कुतबुद्दीन सोलंकी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news