राजनांदगांव

शहरी सरकार चुनने खैरागढ़ में निकाय चुनाव जल्द
13-Nov-2021 1:33 PM
शहरी सरकार चुनने खैरागढ़ में निकाय चुनाव जल्द

 18 नवंबर के बाद अधिसूचना जारी होने के आसार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 13 नवंबर।
संगीत नगरी खैरागढ़ में करीब दो साल की देरी से निकाय चुनाव होने का मार्ग लगभग प्रशस्त हो गया है। राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के अलग-अलग निकायों समेत खैरागढ़ नगर पालिका चुनाव को लेकर निर्वाचन अधिकारियों के साथ लंबी बैठक की है। खैरागढ़ में शहरी सरकार चुनने की कवायद शुरू हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक उप निर्वाचन अधिकारी विरेन्द्र सिंह भी आयोग की बैठक में शामिल हुए। उन्होंने आयोग को निर्वाचन सूची के साथ अन्य  विषयों के संंबंध में विस्तृृत जानकारी दी है। कोरोना संकट के कारण निर्वाचन आयोग ने चुनाव को टाल दिया था। खैरागढ़ नगर पालिका में प्रशासक की नियुक्ति  कर दी गई थी। जिले के दूसरे बड़े नगर पालिका खैरागढ़ में पिछले नतीजों में कांग्रेस ने बाजी मारी थी। महिला अध्यक्ष मीरा चोपड़ा का कार्यकाल खत्म होने के बाद से चुनाव लंबित है।

मिली जानकारी के मुताबिक 20 वार्ड के पालिका में कुल 17 हजार 94 मतदाता हैं। जिसमें 8 हजार 786  महिला और 8 हजार 308 पुरूष मतदाता हैं। सूत्रों का कहना है कि 18 नवंबर के बाद चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो सकती है। राज्य निर्वाचन आयोग संभवत: दिसंबर के दूसरे पखवाड़े में चुनावी कार्यक्रम घोषित कर सकता है। मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ नगर पालिका में चुनाव की तिथियां पूर्व में भी आगे बढ़ती रही है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार कम होने के बाद आयोग ने रिक्त निकायों में चुनाव कराने  की तैयारी कर ली है। लिहाजा निर्वाचन के संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों को बैठक में आमंत्रित किया गया था। राजनांदगांव जिले से उप निर्वाचन अधिकारी विरेन्द्र सिंह बैठक में शामिल हुए। नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद से खैरागढ़ में भाजपा का ही दबदबा रहा है। पिछले निकाय चुनाव में कांग्रेस ने कब्जा किया था। राज्य में कांग्रेस का शासन होने के कारण खैरागढ़ की सियासत में काफी बदलाव हुए हैं। सत्तारूढ़ कांग्रेस से दावेदारों की लंबी फेहरिस्त है। भाजपा में चुनिंदा दावेदार ही नजर आ रहे हैं।

 शोभा के निधन से रिक्त वार्ड में भी चुनाव
राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 में भी पार्षद पद के लिए चुनाव होंगे। पूर्व महापौर शोभा सोनी के आकस्मिक निधन के चलते यह वार्ड खाली हो गया था। करीब एक साल पूर्व पार्षद रहते श्रीमती सोनी का कोरोना संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। श्रीमती सोनी ने पार्षद के तौर पर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की रीना पटेल को 533 मतों से शिकस्त दी थी। इस वार्ड के मतदाताओं की संख्या 4952 है। जिसमें 2530 महिला और 2422 पुरूष मतदाता हैं। मिली जानकारी के मुताबिक समूचे जिले में खैरागढ़ नगर पालिका और राजनांदगांव नगर निगम के वार्ड नं. 17 को मिलाकर दो ही चुनाव होंगे।

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news