राजनांदगांव

खैरागढ़ नपा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटे राजनीतिक दल
15-Nov-2021 5:59 PM
खैरागढ़ नपा चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटे राजनीतिक दल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
खैरागढ़, 15 नवंबर।
संगीत नगरी खैरागढ़ में नगरपालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने तैयारियों की बैठक लेकर आगामी 17 नवंबर तक आचार संहिता घोषित करने के संकेत दे दिए हैं। चुनाव की प्रारंभिक तैयारियों को लेकर मुख्य राजनीतिक दलों की सक्रियता बढ़ गई है। खैरागढ़ के 20 वार्डों में चुनाव की घोषणा लगभग होने वाली है। भाजपा ने शहर के वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति कर बूथवार तैयारी को तेज कर दिया है। दूसरी ओर कांग्रेस पहले से ही वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति कर चुकी है। ऐसे में जीतने योग्य प्रत्याशियों की तलाश सहित पालिका पर कब्जा जमाने के लिए मुख्य पार्टी भाजपा व कांग्रेस की कवायद शुरू हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति के बाद जीतने योग्य प्रत्याशियों की खोज शुरू हो गई है । लगभग आधा दर्जन वार्डों में प्रत्याशियों के चेहरे भी लगभग साफ हो चुके हैं, जबकि बाकी वार्ड में पार्षद पद पर कब्जा जमाने योग्य प्रत्याशियों की तलाश जारी है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने से कांग्रेस का मनोबल बढ़ा हुआ है । शहरी सत्ता की कमान दोबारा अपने हाथों में लेने कांग्रेसी एड़ी चोटी एक करने में जुट गई है।

नगर पालिका चुनाव की सुगबुगाहट के बीच भाजपा ने शहर के वार्ड प्रभारियों की घोषणा शुरू कर दी है। जिला अध्यक्ष मधुसूदन यादव द्वारा जारी आदेश के तहत वार्ड 1 में गिरवर पटेल , वार्ड 2 में कृष्णा वर्मा ,वार्ड 3 में सूर्य दमन सिंह, वार्ड चार में आशीष सिंह, वार्ड पांच में सलाम कुरेशी, वार्ड 6 में अनिल अग्रवाल ,वार्ड 7 संजय शर्मा ,वार्ड 8 प्रफुल्ल ताम्रकार, वार्ड नौ नरेश चोपड़ा ,वार्ड 10 राजेश देवांगन ,वार्ड 11 रूपेंद्र रजक ,वार्ड 12 नंद चंद्राकर, वार्ड 13 कोमल वर्मा, वार्ड 14 कमलेश कोठारी, वार्ड 15 राजू सिंह ,वार्ड 16 अमन साहू, वार्ड 17 आलोक श्रीवास ,वार्ड 18 प्रकाश सिंह, वार्ड 19 सुनील यादव ,वार्ड 20 उत्तम छाजेड़ को प्रभारी बनाया गया है।

इधर, कांग्रेस की पालिका चुनाव प्रभारी पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर भी शहर पहुंचीं। दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह के निवास कमल विलास पैलेस में जाकर दिवंगत विधायक देवव्रत सिंह को श्रद्धांजलि दी और परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। चंद्राकर पालिका चुनाव के लिए प्रभारी बनाई गई हैं। कुल मिलाकर इस बार खैरागढ़ नगर का पालिका चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है, यद्यपि यहां पर कांग्रेस की सत्ता है, किंतु नगर में उनकी आपसी गुटबाजी किसी से भी नहीं छुपा हुआ है, वहीं भाजपा अपना पूरा दमखम लगाकर पालिका पर कब्जा जमाने के लिए भरसक प्रयास कर रही है। हाल ही में नगर में जल आवर्धन योजना के अंतर्गत हुए काम को लेकर भी लोगों में नाराजगी है।

प्रतिमा चंद्राकर ने शहर कांग्रेस अध्यक्ष भीकमचंद छाजेड़ सहित पदाधिकारियों से चुनाव संबंधी चर्चा कर तैयारी और अन्य क्रियाकलापों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news