राजनांदगांव

पहले प्रशासनिक दौरे में आईजी की कानून व्यवस्था और नक्सल मोर्चे में मुस्तैदी पर जोर
15-Nov-2021 6:48 PM
पहले प्रशासनिक दौरे में आईजी की कानून व्यवस्था और नक्सल मोर्चे में मुस्तैदी पर जोर

दुर्ग रेंज आईजी ओपी पाल ने राजनांदगांव के पुलिस अफसरों के साथ की बैठक

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 15 नवंबर।
दुर्ग रेंज का पदभार ग्रहण करने के बाद आईजी ओपी पाल ने सोमवार को अपने पहले प्रशासनिक दौरे में राजनंादगांव जिले की कानून व्यवस्था समेत नक्सल मोर्चे में मुस्तैदी के साथ काम करने पर जोर दिया। आईजी पाल का यह पहला दौरा  पूरी तरह से असामाजिक गतिविधियों पर सख्ती करने व नक्सल क्षेत्र में पुख्ता बंदोबस्त करने के विषय पर केन्द्रित रहा। आईजी ने राजनंादगांव जिले की मौजूदा  कानून व्यवस्था पर और भी सुधार की गुंजाईश पर काम करने का निर्देश दिया।

इससे पहले पुलिस कान्फ्रेंस हाल में आईजी से औपचारिक परिचय देते हुए जिले के सभी पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्रवार कानूनी समस्याओं और आपराधिक विषयों पर जानकारी दी। जिले में पदस्थ एएसपी समेत सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारियों और थानेदारों ने आईजी के समक्ष अपने  कार्य संबंधित जानकारी दी। आईजी पाल ने राजनंादगांव में जुआ, सट्टा और शराब जैसे अन्य असामाजिक गतिविधियों पर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने बाल अपराध और महिला उत्पीडऩ के संबंध में भी पुलिस अफसरों को ठोस कदम उठाने को कहा। इससे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचे आईजी पाल का एसपी डी. श्रवण ने स्वागत किया। उन्होंने गुलदस्ता भेंटकर आईजी से अफसरों का औपचारिक परिचय भी कराया। इस दौरान एएसपीद्वय प्रज्ञा मेश्राम, जयप्रकाश बढ़ई, सुरेशा चौबे समेत अन्य पुलिस अनुभाग के अफसर और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

बैठक में गढ़चिरौली मुठभेड़ की चर्चा
आईजी की पुलिस अफसरों के साथ बैठक में दो दिन पहले गढ़चिरौली में हुए नक्सल मुठभेड़ भी एक विषय के रूप में सामने आया। राजनांदगांव जिले की सीमा पर हुए नक्सल मुठभेड़ में गढ़चिरौली पुलिस ने सीसी मेम्बर दीपक तिलतुमड़े को मार गिराया। वहीं फोर्स ने 26 शव भी बरामद किए। सूत्रों का कहना है कि आईजी ने स्थानीय पुलिस अफसरों से नक्सल गतिविधियों पर सटीक सूचना तंत्र बनाने का निर्देश दिया। नक्सल क्षेत्रों में आईजी ने एहतियात बरतने के साथ-साथ नक्सलियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का भी निर्देश दिया।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news