राजनांदगांव

सरकार के काम के दम पर कांग्रेस को जीत का भरोसा, कमियां जीत की राह करेगी आसान-भाजपा
10-Dec-2021 2:03 PM
 सरकार के काम के दम पर कांग्रेस को जीत का भरोसा,  कमियां जीत की राह करेगी आसान-भाजपा

खैरागढ़ निकाय चुनाव में पूर्व जिलाध्यक्ष नवाज और पूर्व पालिका अध्यक्ष विक्रांत के अपने दावे
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
राजनांदगांव, 10 दिसंबर।
खैरागढ़ नगर पालिका  निकाय चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के बीच ही सीधी टक्कर है। चुनावी दंगल में तीसरी पार्टियों का वजूद ना के बराबर है। प्रचार के लिहाज से महज राजनीतिक दलों के लिए सप्ताहभर का समय शेष रह गया है। ऐसे में राजनीतिक दल पूरी ताकत के साथ प्रचार में दमखम लगा रहे हैं। भाजपा-कांग्रेस के चुनावी मुद्दे स्थानीय स्तर पर केन्द्रित है, लेकिन कांग्रेस राज्य सरकार की खूबियों को जीत का आधार मान रही है। भाजपा मानती है कि सरकार की कमियां ही निकाय चुनाव में जीत की राह आसान करेगी। पूर्व जिलाध्यक्ष नवाज खान और पालिका के पूर्व अध्यक्ष विक्रांत सिंह ने 'छत्तीसगढ़' से खास चर्चा में अपने-अपने जीत के दावे किए।

प्र. 1- खैरागढ़ पालिका चुनाव में कांग्रेस से मुकाबला करने की पार्टी की रणनीति कितनी असरकारक होगी?
उ. 1- भाजपा खैरागढ़ के बाशिंदों के लिए एक  भरोसेमंद पार्टी है। यहां के लोगों ने शहर विकास की रफ्तार को बेहद नजदीक से देखा है। भाजपा के कार्यकाल में खैरागढ़ को अत्याधुनिक शहर के रूप में विकसित करने के लिए ढ़ेरों योजनाएं बनाई गई। कांग्रेस ने पिछले निकाय चुनाव में सत्तासीन रहकर शहर की पूर्व योजनाओं को मूर्तरूप देने में दिलचस्पी नहीं ली। हमारी रणनीति है कि कांग्रेस के कार्यकाल की खामियों को लोगों तक पहुंचाएं।
प्र. 2- आप कह रहे हैं कि कांग्रेस कार्यकाल में विकास कार्य थम गया। जबकि कांग्रेस के दावे हैं कि खैरागढ़ में वो कार्य हुए जो भाजपा के कार्यकाल में नहीं हुए।
उ. 2 - कांग्रेस के दावे को मैं सिरे से खारिज करता हूं। विकास के नाम पर विनाश किया गया है। शहर के हर रास्ते गड्ढों से भरे पड़े हुए हैं। चौड़ीकरण  भाजपा कार्यकाल की देन है। शहर को धूल-धूसरित करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। कांग्रेस सिर्फ जुबानी दावे कर रही है। हकीकत में विकास के नाम पर शहर का बेड़ा गर्ग किया गया है।
प्र. 3- खैरागढ़ के 20 वार्डों में भाजपा की जीत का प्रतिशत क्या होगा? क्या आप मानते हैं कि वार्डों में पार्टी की अच्छी स्थिति है।
उ. 3- भाजपा ने बेहद योग्य उम्मीदवारों को वार्डों में प्रत्याशी बनाया है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की भावनाओं का बखूबी ख्याल रखा गया है। हमारा मानना है कि 20 वार्डों में 15 से अधिक प्रत्याशी हमारे चुनकर आएंगे।
प्र. 4- टिकरापारा-किल्लापारा वार्ड में बागियों से पार्टी को कितना नुकसान होगा।
उ. 4- बागियों को समझाने का प्रयास किया गया है। सभी को टिकट देना संभव नहीं है। कुछ जगह विवाद की स्थिति जरूर है, लेकिन पार्टी की स्थिति कहीं भी कमजोर नहीं है।
प्र. 5- इस पूरे चुनाव को आपके राजनीतिक प्रतिष्ठा से भी जोड़ा जा रहा है, आपके पिछले कार्यकाल में हुए कार्यों की इस चुनाव में क्या भूमिका होगी?
उ. 5- मेरे 10 साल के पालिका अध्यक्ष कार्यकाल में शहर का स्वरूप बेहतर हो गया था। खैरागढ़ की पानी की समस्या को दूर करने 3 नदियों को जोड़ा गया है। मैं समझता हूं कि लंबे अंतराल तक खैरागढ़ के बाशिंदों को पानी की समस्या नहीं होगी। वहीं कांग्रेस ने बेवजह शहर में पाईप लाइन बिछाने का काम किया, जिससे सडक़ों की दशा खराब हो गई। मेरा पिछला कार्यकाल लोगों ने देखा है। यह भी सच है कि मेरे कार्यकाल में हुए कार्य को दृष्टिगत रखकर जनता भाजपा का साथ देगी।
प्र. 6- आपके अध्यक्षीय कार्यकाल में कुछ विस्मरणीय उपलब्धियों को क्या आप गिना सकते हैं?
उ. 6- खैरागढ़ को सुव्यवस्थित शहर का रूप देने के लिए बाईपास का निर्माण शुरू हुआ। शहर में बढ़ते ट्रेफिक का दबाव कम करने के लिए बाईपास की शुरूआत हो रही है। शहर के भीतरी मार्गों को मेरे कार्यकाल में ही चौड़ा किया गया। एक वक्त था जब शहर दाखिल होने से बाहर निकलने तक लोग हाफ जाते थे, लेकिन अब ऐसी स्थिति नहीं है। कांग्रेस ने सिर्फ 5 साल में लोगों को बुनियादी सुविधाओं से दूर रखा।
प्र. 7- जनता का रूख आप बखूबी समझते हैं  और चुनावी रण पर आपका संदेश क्या है?
उ. 7- मैं पहले ही कह चुका हूं कि जनता हमारे साथ खड़ी है। चुनावी रण में हम कांग्रेस को मात देने में कामयाब होंगे। जनता से मेरा संदेश है कि विकासशील  सोंच लेकर पार्टी का साथ दें। खैरागढ़ की जनता किसी भी तरह के बहकावे में आने वाली नहीं है। कांग्रेस की हार निश्चित है।
फोटो - नवाज खान
प्र. 1- खैरागढ़ निकाय चुनाव में भाजपा जीत के दावे कर रही है। कांग्रेस के पिछले कार्यकाल को एक बड़ा आधार बनाकर भाजपा हमलावर है।
उ. 1- खैरागढ़ निकाय चुनाव में भाजपा के प्रति लोगों का झुकाव नहीं है, क्योंकि 10 साल तक पार्टी ने निकाय में राज किया, लेकिन लोगों को उनकी जरूरतों से परे रखा। कांग्रेस ने अपने पिछले कार्यकाल में राज्य सरकार की नीतियों के दम पर बेहतर काम किया, जनता सब समझ रही है।
प्र. 2- निकाय चुनाव में एक बात सामने आई है कि किसानों पर ही सरकार का ध्यान है। शहरी बाशिंदों के लिए कोई ठोस नीति नहीं है?
उ. 2- मैं यह नहीं मानता कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नीतियां ही हैं कि आज राजीव गांधी शहरी आश्रय योजना से लोगों को पट्टे दिए गए। आज वह अपने मकान के मालिक हैं। इसी तरह बिजली बिल हाफ नीति का शहरी बाशिंदों को सीधा लाभ हो रहा है। प्रदेश सरकार ने पट्टेधारियों को अपना मकान बेचने का भी अधिकार दिया है। यह सभी योजनाएं शहरी लोगों के लिए है।
प्र. 3- शहरी बाशिंदा सरकार को टैक्स दे रहा है, पर योजनाओं से उन्हें फायदा नहीं हो रहा है।
उ. 3- मेरा मानना है कि जलकर, संपत्तिकर में कोई बढ़ोत्तरी नहीं की गई है। सरकार ने शहरी महिला समूह के कर्ज को भी माफ किया है। योजनाओं का टैक्स से कोई लेना देना नहीं है। सरकार सभी को लाभ देने के लिए एकरूपता की सोंच लेकर आगे बढ़ रही है।
प्र. 4- निकाय चुनाव में किसानों की योजनाओं को लेकर आप क्या प्रचार करेंगे?
उ. 4- बिल्कुल किसान को जब आर्थिक फायदे हो रहे हैं, उसी का नतीजा है कि आज बाजार में हलचल है, व्यापार बढ़ा है, किसान सरकार से मिले राशि को लेकर बाजार का रूख कर रहा है। यानी अर्थव्यस्था मजबूत हुई है। किसानों के नीतियों को निकाय चुनाव में जनता के बीच रखा जा रहा है। लोगों को भी सरकार की यह सोंच पसंद आ रही है।
प्र. 5- कांग्रेस के कार्यकाल की नाकामियों की खूब चर्चा है। पूर्व अध्यक्ष मीरा चोपड़ा के कार्यकाल को अब तक का सबसे असफल कार्यकाल माना जा रहा है।
उ. 5- खैरागढ़ नगर पालिका में कांग्रेस के सत्तारूढ़ होने के बाद रमन सरकार का राज्य में शासन था। करीब 2 वर्ष भाजपा सरकार के अधीन काम करना पड़ा। राज्य सरकार ने राजनीतिक द्वेषवश कांग्रेस को सहयोग नहीं किया, इसलिए भाजपा आसानी से कांग्रेस पर आरोप लगा रही है। भाजपा नेताओं को यह सवाल पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह से भी पूछना चाहिए।
प्र. 6- कांग्रेस की जीत के बाद शहर विकास को लेकर क्या योजनाएं है?
उ. 6- खैरागढ़ के लोगों की सर्वसुविधायुक्त अस्पताल की मांग पूरी की जाएगी। पेयजल योजना को ऐसे मूर्तरूप दिया जा रहा है, ताकि अगले 50 वर्ष तक पानी की समस्या नहीं होगी। खैरागढ़ के मतदाताओं को उनकी हर समस्या को दूर करने की योजना पार्टी ने तैयार की है।
प्र. 7- भूपेश सरकार की तीन वर्षीय कार्यकाल का लेखाजोखा को भाजपा प्रचार में मुद्दा बना रही है।
उ. 7- कांग्रेस खुद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के विकासवादी सोंच को जनता के बीच ले जा रही है। मुख्यमंत्री ने कोरोनाकाल के विपरीत परिस्थितियों में  लोगों को सम्हालने का काम किया। उनकी सटीक आर्थिक नीति का ही नतीजा रहा कि आज छत्तीसगढ़ अर्थव्यवस्था के मोर्चे पर जमा हुआ है। मुख्यमंत्री शहरी बाशिंदों के लिए काफी सकारात्मक सोंच रखते हैं। भाजपा के पास अब मुद्दे नहीं है। ऐसे में सिर्फ  सरकार विरोधी जुमलेबाजी की जा रही है।
 

 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news