राजनांदगांव

वेतन विसंगति दूर करने सहायक शिक्षक फेडरेशन दो दिनी सांकेतिक हड़ताल पर
11-Dec-2021 3:12 PM
वेतन विसंगति दूर करने सहायक शिक्षक फेडरेशन दो दिनी सांकेतिक हड़ताल पर

प्रदेश सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 11 दिसंबर।
वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर सहायक शिक्षकों ने शनिवार को प्रांतव्यापी दो दिनी सांकेतिक हड़ताल के पहले दिन स्थानीय कलेक्टोरेट परिसर के सामने फ्लाई ओवर के नीचे आंदोलन किया। धरना देते हुए सहायक शिक्षकों ने राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया।

शिक्षकों का आरोप है कि विपक्ष में रहते कांग्रेस सरकार ने आंदोलन और धरने को जायज ठहराते हुए सत्ता में आने के तत्काल बाद वेतन विसंगति की मांग को दूर करने का भरोसा दिया था। तीन साल गुजर जाने के बावजूद कांग्रेस सरकार ने इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया। लिहाजा सरकार के खिलाफ सहायक शिक्षकों को आंदोलन के लिए विवश होना पड़ा।

फेडरेशन की जिला संयोजक मंजूदेवी देवांगन ने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार अपने वादे से मुकर रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में काबिज होने के तीन साल बाद भी सहायक शिक्षकों की मांग अधूरी है। उधर अन्य शिक्षकों ने कहा कि विपक्षी दल की हैसियत से सत्तारूढ़ कांग्रेस ने समर्थन करते कहा था कि भाजपा सरकार अन्याय कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष की हैसियत से मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वादा किया था कि शासन में आने के फौरन बाद अन्याय को न्याय में बदल दिया जाएगा, लेकिन आज पर्यन्त इस दिशा में कोई निर्णय नहीं हुआ। फेडरेशन के संरक्षक सुशील देवांगन और जिला संयोजक मंजूदेवी देवांगन ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को विधानसभा का घेराव किया जाएगा।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news