दन्तेवाड़ा

7 लाख के ईनामी नक्सल दंपत्ति का समर्पण
17-May-2022 7:44 PM
7 लाख के ईनामी नक्सल दंपत्ति का समर्पण

   42 जवानों की हत्या में शामिल   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 मई।
दंतेवाड़ा पुलिस की विशेष पहल घर वापस आइए अभियान को मंगलवार को बड़ी कामयाबी मिली। सात लाख के ईनामी नक्सल दंपत्ति ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी और उपमहानिरीक्षक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल विनय कुमार सिंह के समक्ष आत्मसमर्पण किया।

आत्मसमर्पित नक्सली दम्पत्ति विगत 7 वर्षों से नक्सल संगठन में सक्रिय रहे हैं। आत्मसमर्पित पुरुष नक्सली पर 5 लाख एवं महिला नक्सली पर 2 लाख रूपये का ईनाम घोषित है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने मीडिया को बताया कि हुर्रा कुंजाम मलांगिर एरिया कमेटी अंतर्गत प्लाटून-24 के बी सेक्शन कमांडर के तौर पर नक्सली संगठन में सक्रिय था। उक्त लीडर विभिन्न घटनाओं में सक्रिय भूमिका में था। इनमें कुआकोंडा थाना अंतर्गत 2014 में श्यामगिरी के समीप सडक़ निर्माण में सुरक्षा दे रहे जवानों को एंबुश लगाकर हमला किए जाने में शामिल था। जिसमें थाना प्रभारी कुआकोंडा, विवेक शुक्ला सहित 5 जवान शहीद हुए थे। वर्ष 2016 में कुआकोंडा थाना थाना अंतर्गत मैलावाड़ा गांव में सीआरपीएफ के वाहन को घातक विस्फोट किये जाने में शामिल था। इस घटना में सीआरपीएफ के 7 जवान शहीद हुए थे।

वर्ष 2017 में सुकमा जिले के चिंतागुफा थाना अंतर्गत बुर्कापाल में पुलिस दल पर हमले की घटना में भागीदार था। उक्त हमले में सीआरपीएफ के 25 जवान शहीद हुए थे। इसी कड़ी में मदाड़ी में जिला पुलिस के जवानों पर हमला करने की वारदात में भागीदार था। इसमें 5 जवान शहीद हुए थे। इन वारदातों के स्वरूप कुआकोंडा पुलिस थाने में उक्त नक्सली लीडर के विरुद्ध नामजद अपराध किए गए थे। राज्य शासन द्वारा उक्त नक्सली लीडर की गिरफ्तारी पर 5 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

महिला नक्सली लीडर का समर्पण
इसके साथ ही प्लाटून-24 की सदस्य बुधरी माड़वी ने भी पुलिस अफसरों के समक्ष घर वापसी की। बुधरी अपने पति हुर्रा के साथ नक्सली संगठन में विध्वंसक गतिविधियों में शामिल थीं। उक्त महिला नक्सली विभिन्न वारदातों में शामिल थीं। इसके फलस्वरूप राज्य शासन द्वारा उक्त नक्सली की गिरफ्तारी पर 2 लाख रूपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल और राजेंद्र जायसवाल भी मौजूद थे।

ज्ञात हो कि लोन वर्राटू अभियान के तहत् अब तक 130 ईनामी माओवादी सहित कुल 539 माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर समाज के मुख्यधारा में जुड़ चुके हैं।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news