राजनांदगांव
स्कार्पियो को ट्रक ने मारी टक्कर
21-Jun-2022 7:25 PM
जन्मदिन मनाकर लौटते एक की मौत, 3 घायल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 21 जून। आज दोपहर खैरागढ़ के प्रधान पाठ बैराज से जन्मदिन मनाकर लौट रहे युवकों की वाहन को ट्रक ने पीछे से ठोकर मार दी, जिससे एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं तीन युवक घायल हो गए। घायलों को खैरागढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को 9 युवक स्कार्पियो में खैरागढ़ के प्रधान पाठ बैराज जन्मदिन मनाने गए थे। दोपहर साढ़े 3 बजे वापिसी के दौरान पांडादाह के पास पहुंचते ही स्कार्पियो को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे स्कार्पियो पीपल के पेड़ पर जाकर टकरा गई।
हादसे में अजय यादव (21) की मौके पर ही मौत हो गई वहीं नागेश यादव, दीपक पटेल, शरद वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को खैरागढ़ सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उपचार जारी है।