राजनांदगांव

नांदगांव के रणजी खिलाड़ी अजय मंडल को धोनी की टीम ने 20 लाख में खरीदा
24-Dec-2022 1:45 PM
नांदगांव के रणजी खिलाड़ी अजय मंडल को धोनी की टीम ने 20 लाख में खरीदा

आईपीएल में पहली बार खेलते नजर आएंगे हरफनमौला मंडल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 24 दिसंबर।
छत्तीसगढ़ रणजी खिलाड़ी अजय मंडल ने राजनांदगांव का वैश्विक स्तर पर क्रिकेट के खेल के जरिये मान बढ़ाया है। अगले साल के लिए आईपीएल के नीलामी में अजय मंडल को चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 लाख रुपए की बोली लगाकर खरीदा है। यह पहला मौका है जब राजनांदगांव के किसी क्रिकेट खिलाड़ी का ताबड़तोड़ क्रिकेट आईपीएल के लिए चयन किया गया है। हालांकि छत्तीसगढ़ रणजी के कप्तान हरप्रीत सिंह को भी पंजाब  की टीम ने 40 लाख रुपए में खरीदा है। हरप्रीत दल्लीराजहरा के रहने वाले हैं। राजनांदगांव के होनहार खिलाड़ी अजय मंडल पिछले कुछ सालों से राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।

पिछले दिनों सर्विसेस के खिलाफ शतक जडक़र मंडल ने अपने खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। बताया जा रहा है कि 6 साल से वह लगातार छत्तीसगढ़ की रणजी टीम के सदस्य हैं। इस साल दो रणजी मैचों में उन्होंने 21 विकेट झटके हैं। 26 साल के अजय मंडल ने स्थानीय क्रिकेट प्रतियोगिता के जरिये प्रदेश में पहचान बनाई, उस आधार पर उनका रणजी टीम में चयन हुआ। वह लेफ्ट आर्म स्पिनर के तौर पर अच्छी गेंदबाजी करते हैं। साथ ही बैटिंग में भी उन्हें महारत हासिल है।  अपने खेल क्षमता के दम पर अजय मंडल ने आईपीएल  में जगह बनाई है। उनका बेस प्राईज 20 लाख रुपए तय किया गया था। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने मंडल को खरीदकर आईपीएल में खेलने का सुनहरा अवसर दिया है।
 

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news