सक्ति

पेंटिंग प्रदर्शनी 9-10 को, कलेक्टर ने किया निरीक्षण
08-Jan-2023 8:46 PM
पेंटिंग प्रदर्शनी 9-10 को, कलेक्टर ने किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सक्ती, 8 जनवरी। भारतीय कलाकार संघ एवं छत्तीसगढ़ पेंटर चित्रकार कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में छत्तीसगढ़ कला महोत्सव 2023 का आयोजन 9 एवं 10 जनवरी को स्थानीय जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय खेल मैदान में किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश भर से आए चित्रकार साथियों के द्वारा पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसकी सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई है। प्रदर्शनी को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन भी सहयोग कर रहा है।

कार्यक्रम से पहले पेंटिंग प्रदर्शनी स्थल एवं कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करने कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना पहुंचीं, जहां उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सफलता के लिए ग्राउंड व्यवस्था एवं अन्य व्यवस्था बनाने में सहयोग करें।

इस दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने  संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से बात की। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं भी दी। ज्ञात हो कि कार्यक्रम के प्रथम दिवस उद्घाटन अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सुषमा जायसवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष नेहा अग्रवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष पंडित दिगंबर प्रसाद चौबे अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे, वहीं कार्यक्रम के समापन अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक एमआर अहिरे अतिथि के रूप में उपस्थित होकर कार्यक्रम में भाग ले रहे चित्रकार साथियों को प्रोत्साहित करेंगे। वहीं कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा पुरस्कार वितरण भी किया जाएगा।

 ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ पेंटर चित्रकार कल्याण संघ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने संघ के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पिछले कई दिनों से  प्रयास कर रहे हैं, वहीं छत्तीसगढ़ स्तर का यह पहला ऐसा कार्यक्रम है, जहां प्रदेश स्तरीय पेंटिंग प्रदर्शनी लगाई जा रही है। बताया जा रहा है कि पेंटिंग प्रदर्शनी में सैकड़ों चित्रकार भाग लेंगे एवं अपने द्वारा बनाए हुए पेंटिंग का प्रदर्शन करेंगे।

जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय खेल मैदान का होगा समतलीकरण

छत्तीसगढ़ स्तरीय पेंटिंग प्रदर्शनी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने वहां उपस्थित पत्रकारों की मांग पर कहा कि जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय खेल मैदान को व्यवस्थित रूप देने के लिए यहां समतलीकरण होगा, जिसमें खेल से जुड़े विशेषज्ञ एवं मैदान में किस तरह से मिट्टी एवं अन्य सामग्रियों का प्रयोग होगा, उसकी उपयोगिता के अनुसार कार्य कराया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि इसके लिए बजट में इसे लिया जाएगा, उसके पश्चात इसमें कार्य कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि खेल मैदान के ठीक सामने बाउंड्रीवॉल होने के कारण मैदान दिख नहीं पाता, जिसके कारण मैदान का असली स्वरूप नजर नहीं आता। इस कारण सामने बने बाउंड्रीवॉल को हटाने पर विचार भी किया जाएगा।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news