बालोद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दल्लीराजहरा, 9 जनवरी। शासकीय नेमीचंद जैन महाविद्यालय दल्लीराजहरा के यूथ रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयुर्वेद जागरूकता और स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सर्वप्रथम सभी अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया। तत्पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार वी द्वारा आयुर्वेद की उत्पत्ति, उसकी सर्वकालिक महत्ता के बारे में विचार व्यक्त किए गए तथा कोविड-19 के समय में इसकी विशेष भूमिका को भी रेखांकित किया गया।
मुख्य वक्ता के रूप में आए डॉ. कामना पाठक आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी, शासकीय आयुर्वेद चिकित्सालय दल्लीराजहरा के द्वारा आयुर्वेद के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से स्थाई इलाज के बारे में बताया। उन्होंने कहा, आयुर्वेद द्वारा धीरे-धीरे किंतु स्थायी उपचार होता है। जीवन में आयुर्वेद को अवश्य अपनाएं, सदा स्वस्थ रहेंगे, जीवन सुरक्षित रहेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाई भी प्रदान की गई एवं आयुष काढ़ा भी वितरित किया गया। इस आयोजन में कुल 85 विद्यार्थी लाभान्वित हुए। आयुर्वेद चिकित्सालय से डॉ.शिवकुमार बारले चिकित्सा अधिकारी कुसुमकसा, शीतल चौहान, गौकरण चतुर्वेदी, शीतल चुरेंद्र तथा महाविद्यालय से डॉ.कविता सिंह , डॉ.ए जॉन और राजेश ठाकुर सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रवीण गुप्ता ने तथा धन्यवाद ज्ञापन यूथ रेडक्रॉस प्रभारी डॉ. सरिता स्वामी ने किया।