दुर्ग

सीएम का घर घेरने जा रहे सांसद और भाजपाईयों को पुलिस ने रोका, झड़प
28-Feb-2023 7:21 PM
सीएम का घर घेरने जा रहे सांसद और भाजपाईयों को पुलिस ने रोका, झड़प

छावनी में तब्दील हुआ भिलाई-3, फायर बिग्रेड और वाटर कैनन गाडिय़ां पहुंची

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भिलाई नगर, 28 फरवरी। मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास के मुद्दे पर भिलाई 3 में मुख्यमंत्री निवास एवं पीएचई मंत्री के निवास का घेराव करने जा रहे भाजपाईयों को पुलिस ने रोका।

 आंदोलन को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा सुबह से ही एक दर्जन से भी अधिक स्थानों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। पदुमनगर गेट के सामने सर्विस रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसकी वजह से चरोदा की ओर से आने वाले लोगों को वापस चरोदा भेजा जा रहा है।

भिलाई 3 में भाजपा के द्वारा दोपहर 2 बजे से मुख्यमंत्री निवास एवं पीएचई मंत्री गुरु रूद्र कुमार के निवास का घेराव जारी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निवास एवं पीएचई मंत्री गुरु रूद्र कुमार का निवास पदुम नगर के पास स्थित मानसरोवर कालोनी में है। इससे पूर्व भाजपा के आंदोलन को देखते हुए मुख्यमंत्री निवास से 500 मीटर के दायरे में एक दर्जन से भी अधिक बैरिकेडिंग की गई है। भिलाई 3 कालेज के पास से लेकर पदुम नगर गेट तक सर्विस रोड को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस बीच बांस एवं बल्ली से घेरा, स्टापर एवं सडक़ पर लोहे की शीट का घेरा लगा दिया गया है। पुलिस द्वारा फायर बिग्रेड की गाडिय़ां एवं वाटर कैनन वाहन को भी लगाया गया है।

पदुमनगर गेट के पास सर्विस रोड को पुलिस ने पूरी तरह बंद कर दिया है, इस सर्विस रोड का उपयोग स्थानीय लोग करते हैं। सर्विस रोड पर चरोदा के बाद सीधे सिरसा गेट चौक पर ही रोड पार करने के लिए व्यवस्था है। ऐसे में चरोदा से पदुम नगर तक आने वाले लोगों को पुलिस द्वारा यहां से वापस चरोदा भेजा जा रहा है।

सीएम आवास कूच से पहले भाजपाइयों द्वारा पहले मंगल भवन के पास आमसभा की गई, उसके बाद घेराव के लिए दुर्ग सांसद विजय बघेल, भिलाई भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश बिचपुरिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष अमित मिश्रा, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्वीटी कौशिक हजारों कार्यकर्ताओं के साथ सीएम आवास की ओर निकले। सभी को भिलाई-3 कालेज के पास पुलिस ने रोक दिया है। यहां करीब एक घंटे से रोक लिए गए भाजपाई जम कर नारेबाजी कर रहे हैं। शाम 5 बजे समाचार लिखे जाने से चंद मिनट पूर्व प्रदर्शनकारियों से पुलिस की झड़प की भी खबर मिली है। पूरा क्षेत्र छावनी में तब्दील हो गया है।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news