राजनांदगांव

रंग-गुलाल में सरोबार रहे लोग मस्ती में झूमे
10-Mar-2023 1:52 PM
रंग-गुलाल में सरोबार रहे लोग मस्ती में झूमे

दो दिन तक होली खेल बांटी खुशियां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 10 मार्च।
रंगो के त्यौहार 'होली’ में दो दिनों तक शहर के गली-मुहल्ले में रंगों की बौछार के साथ गुलाल उड़ा। एक ओर जहां परपंरागत गुलाल के टीके’ के साथ बड़े- बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया गया। वहीं युवकों की टोली से धमाचौकड़ी करती रही। होलिका दहन के बाद बुधवार को जिलेभर में लोगों ने रंग-गुलाल उड़ाए। रंग से सरोबार लोग मस्ती में झूमे। गली-मोहल्लों में युवकों की टोलियां फाग गीतों के बीच थिरकती नजर आई। वहीं डीजे की धुन में युवाओं ने ठुमके भी लगाए। शहर के रिहायशी क्षेत्रों में दिनभर होली के उन्माद में लोग डूबे रहे। वहीं मोहल्लों में भी महिलाओं ने भी रंग खेलने में मस्त रहे। गलियों और शहर के चौराहों पर युवाओं ने  डीजे की धुन पर पर्व का उत्साह दोगुना कर दिया। वहीं बच्चों ने भी त्यौहार का लुत्फ उठाने के लिए पिचकारियों से लोगों पर रंग फेंका। शहर में दिनभर युवाओं ने मस्ती करते रंग और गुलाल उड़ाए। होली पर्व की खुशी में युवतियां भी पीछे नहीं थी। युवतियों ने आपस में सहेलियों के साथ चेहरों को रंग में बदल दिया।

होली पर्व को मनाने के लिए हर वर्ग दो दिनों से मस्ती में डूबा रहा। हालांकि अब भी श्रमिक वर्ग में त्यौहार का असर कायम है। यही कारण है कि कुछ इलाकों में रंग की मामूली बौछारें शुक्रवार को भी पड़ी। इस बीच शहर में पुलिस की तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण कहीं भी उपद्रवी टिक नहीं पाएं। बताया जाता है कि होली पर्व पर पुलिस की कई टीमें अलग-अलग स्तर पर मुस्तैद थी। उधर शहर में होली पर्व पर शोभायात्रा भी निकाली गई। जिसमें भक्तों ने भगवान राधा-कृष्ण के साथ होली खेली। पूर्व सांसद मधुसूदन यादव, नीलू शर्मा, अशोक लोहिया, रवि सिन्हा, लक्ष्मण यादव, कमल सोनी, रमेश खंडेलवाल, सुनील बरडिया,  शिव वर्मा, मनीष गौतम, एसके मिश्रा, भावेश बैद, आकाश चोपड़ा सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी व आम लोग बड़ी संख्या में शामिल होकर रंग-गुलाल खेलते नजर आए।

पुलिस की तगड़ी मोर्चाबंदी से शांतिमय रहा शहर
होली पर्व पर पुलिस की सुरक्षा बीते कुछ सालों की तुलना में काफी सख्त रही। नतीजतन उपद्रवियों की पुलिस के सामने नहीं चली। संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस ने होली पर्व के मद्देनजर  फ्लैग मार्च कर अपनी धमक का अहसास उपद्रवियों को करा दिया था। शहर के आदतन बदमाशों पर पुलिस ने सख्त पहरा बिठाया था। वहीं मादक पदार्थों और नशीली वस्तुओं के कारोबारियों पर भी पुलिस ने नकेल कसा था। इस तरह कानून व्यवस्था के लिहाज से राजनांदगांव शहर के अलावा समूचे जिले में शांतिपूर्वक लोगों ने रंग-गुलाल उड़ाए। होली के दौरान आपसी दुश्मनी भांजने की कोशिश करना तो दूर लोग पर्व में वाद-विवाद से दूर रहे। लंबे अरसे बाद पुलिस ने अपनी मजबूत धमक से अपराधियों को सम्हलने का संकेत दिया था। छिटपुट मामलों को छोडक़र जिलेभर में पारंपरिक रूप से होली पर्व मनाया गया। शहरी और देहात क्षेत्रों में भी पुलिस की गश्त ने माहौल के उत्साह को परंपरागत रूप से बनाने में अहम भूमिका अदा की।

अन्य पोस्ट

Comments

chhattisgarh news

cg news

english newspaper in raipur

hindi newspaper in raipur
hindi news